The Lallantop

AAP छोड़ BJP में जा रहे राघव चड्ढा के इंस्टा पर 1 मिलियन फॉलोवर घट गए

राघव चड्ढा ने युवाओं के बीच अपनी एक खास जगह बना ली थी. उन्होंने लगातार ऐसे मुद्दे उठाए जो सीधे तौर पर लोगों की रोजमर्रा की ज़िंदगी पर असर डालते थे. उन्होंने गिग वर्कर्स के सामने आने वाली मुश्किलों को खुद महसूस करने के लिए एक दिन Blinkit के डिलीवरी पार्टनर के तौर पर भी काम किया.

Advertisement
post-main-image
राघव चड्ढा Gen-Z के बीच अच्छे-खासे पॉपुलर हैं (PHOTO-India Today)

राघव चड्ढा का आम आदमी पार्टी छोड़ना क्या उनके सोशल मीडिया फॉलोवर्स को नहीं भाया? एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि आप छोड़ने और बीजेपी में शामिल होने के ऐलान के बाद उनके फॉलोवर्स की संख्या में भारी गिरावट देखी गई है. ये गिरावट भी मामूली नहीं है. बताया जा रहा है कि इंस्टाग्राम पर 24 घंटे के अंदर राघव चड्ढा के एक मिलियन फॉलोवर कम हो गए. पहले इंस्टाग्राम पर उनके जहां 14.6 मिलियन फॉलोअर्स थे. 24 घंटे में घटकर वो 13.4 मिलियन आ गए.  

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

बता दें कि शुक्रवार, 24 अप्रैल को राघव चड्ढा ने पार्टी के दो अन्य सांसदों अशोक मित्तल और संदीप पाठक के साथ आम आदमी पार्टी छोड़ने का ऐलान किया था. उन्होंने ये भी घोषणा की थी कि वो बीजेपी में शामिल होंगे. 

राघव चड्ढा राज्यसभा में लीक से हटकर जनता से जुड़े उन मुद्दों को उठाने के लिए जाने जाते हैं, जिन पर अक्सर कम लोगों का ध्यान जाता है. इसकी वजह से वो ‘जेन जी’ यानी युवाओं में काफी लोकप्रिय हो रहे थे. लेकिन लगता है कि बीजेपी में शामिल होना उनकी इस ऑडियन्स को पसंद नहीं आया. 

Advertisement

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, NCP (SP) के प्रवक्ता अनीश गावंडे ने एक ट्वीट में इस मुद्दे पर कहा कि इंस्टाग्राम पर Gen Z के एक वायरल ‘अनफॉलो कैंपेन’ की वजह से राघव चड्ढा के फॉलोअर्स 24 घंटों में 10 लाख कम हो गए हैं. उन्होंने कहा कि इंटरनेट आपको रातोरात हीरो बना सकता है. वही इंटरनेट ही आपको रातोरात जीरो पर भी ला सकता है.

raghav chadha insta followers
राघव चड्ढा के इंस्टाग्राम फॉलोअर्स में गिरावट आई है 

 

Raghav Chadha ने खूब पॉपुलैरिटी बटोरी 

राघव चड्ढा ने राज्यसभा में उठाए अपने मुद्दों से युवाओं के बीच खास जगह बना ली थी. उन्होंने लगातार ऐसे मुद्दे उठाए जो सीधे तौर पर लोगों की रोजमर्रा की ज़िंदगी पर असर डालते थे. इन मुद्दों में पैटरनिटी लीव, ​​ट्रैफिक की समस्या, टेलीकॉम कंपनियों के रोजाना डेटा की सीमा तय करने से लेकर हवाई अड्डों पर महंगे समोसे और 10-मिनट की डिलीवरी मॉडल के जरिए गिग वर्कर्स के शोषण जैसे मुद्दे शामिल थे. उन्होंने गिग वर्कर्स के सामने आने वाली मुश्किलों को खुद महसूस करने के लिए एक दिन Blinkit के डिलीवरी पार्टनर के साथ काम भी किया.

Advertisement

राघव चड्ढा की मेहनत रंग भी लाई. केंद्र सरकार ने डिलीवरी कंपनियों को 10 मिनट की डिलीवरी की डेडलाइन हटाने का निर्देश दिया. इन सभी बातों ने चड्ढा की छवि एक ऐसे राजनेता के तौर पर बनाई, जो रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से लेता है. यही वजह रही होगी जब चड्ढा को राज्यसभा में AAP के उप नेता पद से हटाया गया, तब उन्हें लोगों का जबरदस्त समर्थन मिला.

Raghav Chadha
राघव चड्ढा के कदम से Gen-Z खुश नहीं दिख रहा 
Gen-Z को पसंद नहीं आया चड्ढा का कदम

अब बीजेपी में जाने के साथ ही राघव चड्ढा का सपोर्ट बेस बदलता दिख रहा है. उनके खिलाफ अनफॉलो की मुहिम सोशल मीडिया पर चलाई जा रही है. हाल ही में जिन लोगों ने उन्हें अनफॉलो किया, उनमें फेमस पर्वतारोही रोहताश खिलेरी भी शामिल थे. रोहताश हाल ही में दुनिया के पहले ऐसे इंसान बने थे, जिन्होंने यूरोप के माउंट एल्ब्रस पर बिना ऑक्सीजन सपोर्ट के 24 घंटे बिताए. 

पॉलिट्कल कमेंटेटर दीक्षा कांडपाल ने एक्स पर कहा कि राघव चड्ढा की इंस्टाग्राम पर पहली पोस्ट पर ढेर सारे अनफॉलो कमेंट्स हैं. उन्होंने कहा, ‘मुझे बहुत सारे युवा अनफॉलो करने की बात कहते हुए दिख रहे हैं.’

unfollowRaghavChadha हैशटैग वाला एक ट्रेंड पहले से ही जोर पकड़ रहा है. कई यूज़र्स ने यह भी बताया कि चड्ढा ने अपने सोशल मीडिया हैंडल्स से वे पुरानी पोस्ट्स डिलीट कर दी हैं, जिनमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और BJP की आलोचना की थी. वहीं AAP के सीनियर नेता सौरभ भारद्वाज ने बताया कि चड्ढा की टाइमलाइन पर मोदी का जिक्र करने वाली सिर्फ दो पोस्ट्स ही बची हैं.

वीडियो: नेतानगरी: BJP और राघव चड्ढा के बीच कैसे हुई डील? अरविंद केजरीवाल के लिए कितना बड़ा झटका?

Advertisement