The Lallantop

'BJP में रहते मेरा गाना बंद हुआ, पीएम मोदी को नुकसान का डर था', बाबुल सुप्रियो का बड़ा आरोप

गायक और नेता बाबुल सुप्रियो ने दावा किया है कि बीजेपी सरकार में मंत्री रहते उनकी गायकी पर रोक लगाई गई थी. उन्होंने बताया कि मंत्री बनने के बाद उनके स्टेज परफॉर्मेंस पर रोक लगा दी गई. साल 2021 में TMC जॉइन करने के बाद उन्होंने अपनी म्यूजिक जर्नी दोबारा शुरू की.

Advertisement
post-main-image
बाबुल सुप्रियो ने बताया कि बीजेपी में रहते उनके सिंगिंग करियर पर ब्रेक लग गया था. (इंडिया टुडे)

बाबुल सुप्रियो. राजनेता और गायक. उन्होंने अपनी राजनीति और म्यूजिक जर्नी को लेकर बड़ा खुलासा किया है. बाबुल सुप्रियो का कहना है कि जब वह बीजेपी में थे, नरेंद्र मोदी सरकार में मंत्री थे, तो उनके गाना गाने और परफॉर्म करने पर 'एक तरह से बैन' लगा दिया गया था. उनका पूरा सिंगिंग करियर थम सा गया था. क्योंकि ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ये पसंद नहीं’ था.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

बाबुल सुप्रियो ने अपने पुराने सुपरहिट गाने 'इंतेहा हो गई इंतजार की' के रिक्रिएटेड वर्जन के प्रमोशन के दौरान अपने राजनीतिक सफर पर खुलकर बात की. इंडिया टुडे से बातचीत में उन्होंने बताया, 

साल 2014 में राजनीति में आया तो लगा संगीत और समाजसेवा साथ-साथ चलेंगे. सोचा था जैसे लोग मुझसे अलग-अलग गानों की फरमाइश करते हैं, वैसे ही राजनीति में लोग उनसे स्कूल, सड़क और पानी जैसे अच्छे कामों की मांग करेंगे. लेकिन मंत्री बनने के बाद हालात बदल गए. जब आप मंत्री बनते हैं तो माननीय प्रधानमंत्री आपके बॉस होते हैं. अगर उन्हें लगता है कि मंत्रिमंडल का कोई सदस्य स्टेज पर नाच-गा रहा है या विदेश में परफॉर्म कर रहा है, तो इससे उनकी इमेज को नुकसान होगा. फिर आपको उनकी बात माननी ही होगी. मैंने परफॉर्म करना बंद कर दिया.

Advertisement

TMC सांसद ने बताया कि परफॉर्मेंस बंद करने के बाद संगीत की उनकी भूख और बढ़ती गई. उन्होंने ये भी बताया कि वह सत्ता के लिए राजनीति में नहीं आए थे. वे अटल बिहारी वाजपेयी और सुनील दत्त जैसे दिग्गजों से प्रेरित होकर कुछ अच्छा करने आए थे. लेकिन बीजेपी में उनके काम को वह पहचान नहीं मिली जिसके वह हकदार थे. इसलिए उन्होंने वहां से निकलने का फैसला किया. बाबुल सुप्रियो के मुताबिक, 

साल 2021 में जब मैं ममता बनर्जी के साथ जुड़ा तो फिर हालात पूरी तरह से बदल गए. ममता दीदी खुद दिल से एक कलाकार हैं. वह लिखती हैं, गाती हैं और पेंटिंग भी करती हैं. जब मैं TMC में आया तो उन्होंने मुझसे साफ कहा कि बाबुल कोई टेंशन मत लो, तुम खुलकर गाओ.

फिलहाला बाबुल सुप्रियो TMC के कोटे से राज्यसभा सांसद हैं. उन्होंने बताया कि उनके गाने पर लगे ‘बैन’ के वक्त उन्होंने जमकर रियाज किया. वो अब अपने सिंगिंग करियर के बेस्ट फॉर्म में हैं, और आने वाले 10 साल पूरी तरह से संगीत को समर्पित करना चाहते हैं.

Advertisement

वीडियो: बंगाल चुनाव में BJP के स्टार प्रचारक रहे बाबुल सुप्रियो ने TMC का दामन थामा

Advertisement