The Lallantop

वर्ल्ड चैंपियनशिप में मेडल जीतने वाली बॉक्सर बिना नौकरी अब तक गरीबी में भटक रही थीं

सोशल मीडिया न होता, तो सिमरनजीत कौर का जाने क्या होता.

Advertisement
post-main-image
सिमरनजीत वर्ल्ड चैम्पियनशिप 2018 और एशियन चैम्पियनशिप 2019 में भारत के लिए मैडल जीत चुकी हैं. लेकिन पंजाब सरकार की तरफ से उन्हें नौकरी नहीं मिल रही थी. अपने परिवार के लिए कमाने वाली वो इकलौती सदस्य हैं. उनके लिए सोशल मीडिया पर ट्वीट किए गए तब पंजाब सरकार जागी. (तस्वीर: बायीं ओर ट्वीट स्क्रीनशॉट, दायीं ओर सिमरनजीत कौर)
सिमरनजीत कौर. भारत की बॉक्सर. फरवरी में होने वाले ओलम्पिक क्वालीफायर्स में भारत को रिप्रेजेंट करेंगी. 60 किलो भारवर्ग में. 2018 की वर्ल्ड चैम्पियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल जीता था. 2019 की एशियन चैम्पियनशिप में सिल्वर. कुल मिलाकर, देश के लिए बहुत नाम और इज्जत कमाई है. लेकिन इस वक़्त नौकरी की तलाश में हैं. खबर आई कि सिमरनजीत ने पंजाब सरकार को पिछले दो साल में कई अर्जियां डालीं नौकरी के लिए, लेकिन कोई भी स्वीकार नहीं हुई. द टाइम्स ऑफ़ इंडिया में छपी खबर के मुताबिक़, सिमरन के पिता 4000 रुपए महीने पर एक राशन की दुकान में काम करते थे.दो साल पहले उनकी हार्ट अटैक से मौत हो गई. सिमरन के परिवार में उनकी मां, दो छोटे भाई और एक बड़ी बहन हैं. बड़ी बहन BSF में है, लेकिन उनकी शादी हो गई है, इसलिए वो अपने पति के साथ रहती हैं. परिवार को चलाने का जिम्मा अब सिमरनजीत पर है. लेकिन सिमरन को पक्की सरकारी नौकरी नहीं मिली. कहीं दूसरी जगह भी नौकरी मिलने के आसार नज़र नहीं आए. इसलिए उनके लिए आमदनी का इकलौता जरिया उनके टूर्नामेंट ही रह गए, जिनमें वो भाग लेती हैं. ये देखकर हरभजन सिंह ने ट्वीट किया. उन्होंने सिमरनजीत के लिए मदद की अपील की. आज तक/इंडिया टुडे के सीनियर एग्जीक्यूटिव एडिटर विक्रांत गुप्ता ने भी सिमरन को टैग करते हुए ट्वीट किया. उन्होंने कहा कि भारत तो मैडल की आस लगाए बैठा है टोक्यो 2020 में, पंजाब के मुख्यमंत्री कम से कम इस खिलाड़ी की जरूरतों का तो ध्यान रख लें. इसमें उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को भी टैग किया. इस ट्वीट पर अमरिंदर सिंह ने जवाब दिया. सिमरनजीत को टैग करते हुए उन्होंने लिखा :
‘किसी भी बात की चिंता मत करो.आने वाले ओलंपिक्स पर फोकस करो. मैंने स्पोर्ट्स सेक्रेटरी को निर्देश दे दिए हैं कि वो फौरन जरूरी कदम उठाएं. मैं सोशल मीडिया और मीडिया पर मौजूद उन सभी लोगों को भी धन्यवाद देना चाहूंगा, जिन्होंने इस बात को हाईलाइट किया.’
सिमरनजीत अपनी स्पोर्ट्स प्रैक्टिस के साथ पढ़ाई भी जारी रखे हुए हैं. इस वक़्त वो BA सेकंड ईयर में पढ़ाई कर रही हैं. चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी से. सरकारी नौकरियों में स्पोर्ट्स कोटा होता है. सबसे ऊंचे पे-ग्रेड के लिए बाकी शर्तों के अलावा मिनिमम ग्रेजुएशन ज़रूरी है.
वीडियो: छपाक और तान्हाजी से चर्चा में आया टैक्स फ्री का कॉन्सेप्ट कैसे काम करता है?

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement