The Lallantop

'सोनाली फोगाट के खाने में नशा मिलाकर PA ने रेप किया'- भाई ने लगाया आरोप

सोनाली फोगाट के भाई का आरोप है कि सुधीर सांगवान ने रेप के बाद लंबे वक्त तक सोनाली को ब्लैकमेल किया.

Advertisement
post-main-image
सोनाली फोगाट के भाई रिंकू ने एक लिखित शिकायत गोवा पुलिस को देकर कार्रवाई करने की मांग की है.

सोनाली फोगाट के छोटे भाई रिंकू ढाका ने सोनाली की हत्या की आशंका जताई है. उन्होंने गोवा पुलिस को दी गई लिखित शिकायत में सोनाली के PA सुधीर सांगवान पर रेप और ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाया है. Sonali Phogat की 22 अगस्त की देर रात मौत हो गई थी. उनके परिवार ने ये मानने से इनकार कर दिया है कि सोनाली की मौत हार्ट अटैक से हो सकती है. सोनाली के परिवार ने किसी साजिश के तहत हत्या की आशंका जताई है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

एक दिन पहले रिंकू ढाका ने सोनाली के फेसबुक पेज से लाइव किया था. इस लाइव में उन्होंने कहा था कि गोवा पुलिस उनकी बात नहीं सुन रही है. उन्होंने गोवा पुलिस पर अपराधियों का साथ देने का आरोप भी लगाया था. 

रिंकू ढाका ने अपनी शिकायत में अपने परिवार के बारे में बताया. बताया कि उनकी बहन सोनाली और रेमन की शादी एक ही घर में हुई थी. शादी के 19 साल बाद सोनाली के पति संजय फोगाट की मौत हो गई थी. 

Advertisement
सुधीर सांगवान और सोनाली कैसे मिले

अपनी शिकायत में रिंकू ने लिखा कि 2019 चुनाव के दौरान रोहतक निवासी सुधीर सांगवान और भिवानी निवासी सुखविंदर से सोनाली मिलीं. ये दोनों कार्यकर्ता के रूप में आए और सोनाली के साथ काम करने लगे. इसके बाद सुधीर सांगवान सोनाली के साथ PA के तौर पर काम करने लगा. साल 2019 में सोनाली के घर चोरी हुई. इस  घटना की जानकारी सोनाली ने पुलिस को भी दी थी. 

सोनाली के भाई का आरोप है कि इस घटना के बाद PA सुधीर ने सोनाली के घर से सभी काम करने वालों को हटा दिया. सुधीर ने सभी काम का कंट्रोल अपने हाथ में ले लिया था. यहां तक कि सोनाली के खाने का इंतेज़ाम भी वो ही किया करता था. सोनाली के भाई का कहना है कि करीब तीन महीने पहले सोनाली ने उन्हें फ़ोन कर ये बताया था कि सुधीर ने उन्हें खाने के लिए खीर दी थी. इस खीर में उसने कुछ मिलाया था. खीर खाने के बाद सोनाली के  हाथ-पांव ने भी कुछ देर के लिए काम करना बंद कर दिया था. जब भाई रिंकू ने सुधीर से इस बारे में सवाल किये तो उसने गोल-मोल जवाब देकर बात टाल दी.

भाई का आरोप- सुधीर सांगवान ने खाने में नशा मिलाकर सोनाली फोगाट का रेप किया 

अपनी शिकायत में भाई रिंकू ने बताया कि क्यूंकि सुधीर सोनाली का PA था, इसलिए किसी भी प्रकार की कागज़ी करवाई का ध्यान वही रखा करता था. कई बार सोनाली कागज़ों पर बिना देखे ही हस्ताक्षर कर दिया करती थी. अपनी शिकायत में भाई ने बताया कि हाल ही में 22 अगस्त को सोनाली ने अपने छोटे जीजा अमन को फोन करके बताया था कि सुधीर ने उन्हें खाने में कुछ मिला कर दिया है. जिसके बाद से ही उन्हें बेचैनी हो रही था. सोनाली ने ये भी बताया कि 2019 में उनके घर जो चोरी हुई थी वो सुधीर ने ही अपने दोस्तों के साथ मिलकर करवाई थी. सोनाली ने फोन पर कहा था कि वो हिसार आकर सुधीर की शिकायत पुलिस में करेंगी.

Advertisement

इस फोन कॉल में सोनाली ने ये भी बताया था कि सुधीर ने तीन साल पहले उनके खाने में कुछ नशीला पदार्थ मिलाकर उनका रेप किया. सुधीर ने इसका एक अश्लील वीडियो भी बनाया था.  इस वीडियो से वो सोनाली को अक्सर ब्लैकमेल किया करता था. सुधीर इस वीडियो को वायरल करने की धमकी दिया करता था. वो कहता था कि इसके बिनाह पर वो सोनाली का एक्टिंग और राजनैतिक करियर बर्बाद कर देगा.

रिंकू ने अपनी शिकायत में लिखा कि सोनाली दबाव में थीं और डर के मारे उन्होंने अपने परिवार से भी बात करना बंद कर दिया था.

सोनाली के भाई का कहना है कि ये सब बताने के बाद सोनाली का फोन अचानक कट गया. इसके बाद अगली सुबह सुधीर का फ़ोन आया कि सोनाली की मौत गोवा में एक फिल्म की शुटिंग के दौरान हो गई है. घरवाले आनन-फानन में गोवा पहुंचे.  वहां पहुंचने के बाद उन्हें पता चला कि किसी फिल्म की न तो वहां शुटिंग हो रही थी और न ही ऐसा कोई प्लान था. भाई रिंकू का आरोप है कि सोनाली की हत्या सुधीर और उसके दोस्त ने संपत्ति हड़पने के मकसद से की है.

‘सोनाली फोगट का चेहरा नीला पड़ गया था’, भाई ने और क्या आरोप लगा दिए ?

Advertisement