पाकिस्तान का पंजाब प्रांत. यहां के एक शहर झेलम में प्रेग्नेंट महिला के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है. आरोप है कि हथियार के दम पर पांच लोग पीड़िता के घर में जबरन घुस गए. फिर सभी आरोपियों ने कथित तौर पर महिला का गैंगरेप किया. पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.
पाकिस्तानः जबरन घर में घुसे आरोपी, पति को पीटा-रस्सी से बांधा फिर गर्भवती पत्नी का गैंगरेप किया
आरोपी जबरन घर में घुसे. महिला के पति को पीटा, उसे रस्सी से बांधा. उसके बाद कथित तौर पर महिला का गैंगरेप किया. घटना के बाद महिला खुद अस्पताल पहुंचीं और फिर अस्पताल वालों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी.


डेली पाकिस्तान की रिपोर्ट के मुताबिक, पांच आरोपी विक्टिम के घर में जबरन घुस गए. इसके बाद आरोपियों ने विक्टिम के पति के साथ मारपीट की और फिर उसे रस्सी से बांध दिया. इसके बाद पांचों आरोपियों ने कथित तौर पर विक्टिम का गैंगरेप किया और वहां से फरार हो गए. घटना के बाद विक्टिम खुद अस्पताल पहुंचीं. उन्होंने अस्पताल के कर्मचारियों को अपनी आपबीती सुनाई.
अस्पताल वालों ने महिला का इलाज शुरू किया और इसके साथ ही पुलिस को घटना की सूचना दी. पुलिस के मुताबिक, विक्टिम का मेडिकल टेस्ट किया गया है और उनके ब्लड सैम्पल को फोरेंसिक जांच के लिए लाहौर भेज दिया गया है. रिपोर्ट के मुताबिक फिलहा सभी आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश के लिए स्पेशल टीमों का गठन किया गया है.
इससे पहले 27 मई को पाकिस्तान में ही एक महिला के साथ चलती ट्रेन में गैंगरेप का मामला सामने आया था. घटना 27 मई को बहाउद्दीन एक्सप्रेस में हुई थी. इस केस में विक्टिम कराची की रहने वाली थी, तलाकशुदा थी और अपने बच्चों से मिलने के लिए ससुराल गई थी. वहां से लौटने के दौरान एसी बोगी में सीट दिलाने के नाम पर उसके साथ गैंगरेप किया गया. आरोप तीन लोगों पर है. इनमें से दो टिकट चेकर्स और एक उनका इंचार्ज है. पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
पंजाब इन्फॉर्मेशन कमीशन की रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान में पिछले छह महीने में टोटल 2,439 महिलाएं रेप का शिकार हुई हैं. इसी दौरान 90 लोगों की ऑनर किलिंग के नाम पर हत्या की गई है. साल 2015-2021 में पाकिस्तान में 22,000 रेप के मामले सामने आए हैं. और इन में से केवल 77 आरोपियों को सजा दी गई है. यानी 0.3% आरोपियों को ही सजा मिल रही है.
ये खबर हमारे साथ इंटर्नशिप कर रहीं मनीषा ने लिखी है.















