The Lallantop

IAS बनकर रिकॉर्ड बनाने वालीं पूजा सिंघल के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला क्या है?

ED ने बुधवार को पूजा सिंघल को गिरफ्तार कर लिया.

Advertisement
post-main-image
पर्सनल अकाउंट से अपने CA के खाते में ट्रांसफ़र किए हैं. (फोटो - आजतक)

IAS पूजा सिंघल. झारखंड की खनन सचिव हैं. प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने Pooja Singhal को गिरफ़्तार कर लिया है. एक मनी लॉन्डरिंग केस में. मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक पूजा सिंघल को 5 दिन की रिमांड पर भेज दिया गया है. उनके पति अभिषेक को भी गिरफ्तार किए जाने की खबर है. इससे पहले भी पूजा सिंघल मनरेगा फंड में कथित गबन और अन्य आरोपों से जुड़ी जांच के सिलसिले में ED के सामने पेश हुई हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

बुधवार 11 मई को हुई गिरफ़्तारी से पहले पूजा और अभिषेक से घंटों पूछताछ चली. कुछ दिनों पहले अभिषेक के मल्टी-स्पेशलिटी पल्स हॉस्पिटल पर भी ED ने रेड की थी. अब उन्हें गुरुवार (12 मई) को रांची में विशेष अदालत के सामने पेश किया जाएगा.

किस मामले में IAS Pooja Singhal हुईं गिरफ़्तार?


कुछ दिनों पहले एक तस्वीर आई थी. ढेर सारे नोटों के बंडल थे. सबसे ऊपरी लेयर पर नोटों के बंडल से लिखा हुआ था ‘ED’. बताया गया कि ये पूजा सिंघल के CA के पास से ही बरामद किए हुए पैसे थे. पूजा सिंघल पर आरोप लगे कि कुंठी की डिप्टी कमिशनर रहते हुए उन्होंने ‘आय से अधिक’ पैसे कमाए. इसको पोएटिक न करें तो भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं.

Advertisement

पूजा सिंघल का मामला शुरू हुआ एक जूनियर इंजीनियर की गिरफ़्तारी से. बिनोद प्रसाद सिन्हा. 17 जून, 2020 को ED ने बिनोद प्रसाद को पश्चिम बंगाल से गिरफ़्तार किया था. प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट, 2002 के तहत. बिनोद पर आरोप थे कि अप्रैल, 2008 से मार्च, 2011 के बीच उन्होंने जनता के पैसे का इस्तेमाल अपने और अपने परिवार वालों के नाम निवेश करने में किया. माने फ्रॉड किया.

जिन पैसों के फ्रॉड के आरोप थे, वो खूंटी ज़िले में MNREGA स्कीम के लिए आवंटित थे. आरोपी इंजीनियर ने ED को बताया कि उसने ज़िला प्रशासन को पांच प्रतिशत कमीशन दिया था.

चूंकि 2007 से 2013 के बीच पूजा सिंघल ने चतरा के ज़िला मजिस्ट्रेट और खूंटी और पलामू के डिप्टी कमिशनर के पद पर काम किया, इसीलिए ED ने इस केस में पूजा सिंघल के ख़िलाफ़ ‘अनियमतताओं’ के आरोप लगाए.

Advertisement

7 मई को पूजा सिंघल के CA सुमन कुमार को इस मामले में गिरफ़्तार किया गया था. उनके घर से 17 करोड़ रुपये से ज़्यादा नकद ज़ब्त करने के बाद. वो 11 मई तक ED की हिरासत में हैं. ED पूजा और उनके पति के साथ उनके कथित संबंधों की जांच कर रहा है. एजेंसी ने दावा किया है कि सिंघल और उनके पति के खातों में उन्हें 1.43 करोड़ रुपये (आय से ऊपर) मिले हैं.


केंद्रीय जांच एजेंसी ने रांची की एक विशेष अदालत में ये भी कहा कि पूजा सिंघल ने 16.57 लाख रुपये अपने पर्सनल अकाउंट से अपने CA के खाते में ट्रांसफ़र किए हैं.

कौन हैं पूजा सिंघल?


पूजा सिंघल झारखंड सरकार के खान और भूविज्ञान विभाग की सचिव हैं. वो झारखंड राज्य खनिज विकास निगम (JSMDC) की अध्यक्ष भी हैं. इससे पहले पूर्व की भाजपा सरकार में कृषि सचिव थीं.

पूजा सिंघल का जन्म 7 जुलाई 1979 को हुआ. देहरादून में. पली-पढ़ी भी देहरादून में. गढ़वाल विश्वविद्यालय से ग्रैजुएशन किया और फ़र्स्ट अटेम्पट में ही IAS का इम्तेहान निकाल लिया. ऑनलाइन उनके बारे में जितनी जानकारी मौजूद है उस हिसाब से कहा जा सकता है कि पूजा का अकादमिक ट्रैक रिकॉर्ड बढ़िया रहा है.

पूजा 2000 बैच की IAS हैं. 21 साल की उम्र में IAS बन कर पूजा सिंघल ने लिम्का बुक ऑफ़ रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराया था. करियर की शुरुआत में उन्होंने 2004 तक SDO (सब डीविज़नल अफ़सर) के रूप में काम किया. फिर प्रमोशन हुआ तो स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय में अंडर सेक्रेट्री बन गईं. रांची में वो सामाजिक न्याय विभाग में भी पोस्टेड रही हैं.

पहली शादी झारखंड कैडर के IAS राहुल पुरवार से हुई थी, लेकिन तीन साल बाद उनका तलाक़ हो गया. तब भी ख़बरें बनी थीं. बाद में पूजा ने रांची स्थित पल्स हॉस्पिटल के मालिक और फार्मासूटिकल का बिज़नेस करने वाले अभिषेक झा से शादी कर ली. तब भी खबरें बनीं. कुल मिला कर झारखंड कैडर की IAS पूजा सिंघल हमेशा से चर्चा में रही हैं.

अब इस मनी लॉन्डरिंग केस में ED क्या खोजता है, इसका अपडेट हम आपको देते रहेंगे.

नवनीत राणा ने उद्धव ठाकरे के साथ संजय राउत को कैसे लपेट लिया?

Advertisement