मीना आरोपी की मरम्मत करते हुए उसे थाने तक लेकर पहुंची. वीडियो स्क्रीनग्रैब
यूपी का बुलंदशहर. 16 जनवरी की तारीख थी. दिन अपनी गति से बढ़ रहा था. मीना नाम की एक लड़की आम दिनों की तरह ही दफ्तर जाने के लिए घर से निकली थी. इतने में एक ऐसी घटना उसके साथ हुई कि अच्छे-अच्छे हक्के-बक्के हो जाएं. पर मीना डरी नहीं और ऐसा काम कर गई कि अब वो मिसाल बन गई है.
चलिए जानते हैं कि बुलंदशहर में उस रोज़ क्या हुआ
मीना रोज़ अपनी जिस दोस्त के साथ यूनिवर्सिटी जाती थी. वो उस दिन पहले चली गई थी. ऐसे में वो रोड किनारे खड़ी होकर ऑटो का इंतज़ार कर रही थी. फोन पर अपनी बहन से बात करते हुए. इतने में एक लड़के ने उसका मोबाइल छीन लिया. इतने पर वह रुका नहीं, उसने मीना को एक ट्रक के आगे धकेल दिया. ड्राइवर ने ट्रक रोक दिया, जिससे मीना की जान बच गई. इसके बाद मीना ने खुद को संभाला. और आरोपी के पीछे दौड़ पड़ी. आसपास के लोग भी मदद के लिए आए, आरोपी पकड़ लिया गया. पुलिस थाना पास ही था. मीना ने आरोपी का कॉलर पकड़ा. और उसकी मरम्मत करते हुए उसे थाने तक ले गई. थाने पहुंचने के बाद भी मीना का गुस्सा शांत नहीं हुआ, वो वहां पर भी उसे थप्पड़ मारती रहीं. वीडियो में वो कहती दिख रही हैं- अभी मैं ट्रक के नीचे आ जाती. वहीं पुलिस वाले उन्हें रोकते दिख रहे हैं.
वीडियो आप नीचे देख सकते हैंः
आरोपी को पकड़ने में मीना की मदद करने वाले शख्स सोनू ने बताया,
"वो यूनिवर्सिटी में जॉब करती हैं, वहीं पर जा रही थीं. फोन पर बात कर रही थीं. लड़का आया मोबाइल छीनकर उनको ट्रक के आगे धक्का देकर भागने लगा. ये हिम्मत करके उठीं और उसका पीछा करके उसे पकड़ लिया."
सिकंदराबाद की सर्कल ऑफिसर नम्रता श्रीवास्तव ने मीना की तारीफ करते हुए कहा,
"कल थाना सिकंदराबाद के दादरी चौकी क्षेत्री में एक लड़की से मोबाइल छीना गया. लड़की ने साहसिक कार्य करते हुए, न सिर्फ अपना मोबाइल बचाया बल्कि आरोपी को भी पकड़ लिया. एफआईआर दर्ज कर दी गई है. अभियुक्त को जेल भेजा गया है."
मीना की इस बहादुरी की चर्चा अब पूरे देश में है. इस पूरी वारदात में मीना ने जिस हिम्मत का परिचय दिया है वो हिम्मत अगर देश के हर नागरिक में आ जाए तो अपराधियों का हौसला टूटते देर नहीं लगेगी.