The Lallantop

यूपी में बीजेपी सांसद के भाई के पैसे लेते कथित वीडियो पर बीजेपी चुप क्यों है?

सीएम योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव मौर्य से लेकर राष्ट्रपति के साथ फोटो है सांसद के भाई की.

Advertisement
post-main-image
यूपी के बीजेपी सांसद देवेंद्र भोले के भाई का कथित तौर पर पैसे लेते वीडियो वायरल है.
20 मार्च 2019. दिन बुधवार. रात में होलिका दहन होना था. पर दिन में एक वीडियो ने सोशल मीडिया पर आग लगा दी. वीडियो उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात जिले का है. इसमें कथित तौर पर कानपुर देहात माने अकबरपुर सीट के बीजेपी सांसद देवेंद्र सिंह भोले के भाई राजेंद्र सिंह लाखों रुपये का लेनदेन करते दिखते हैं. वायरल वीडियो के बारे में कहा जा रहा है कि ये पैसा जिला पंचायत अध्यक्ष की सीट पक्की करने के लिए लिया जा रहा है. वीडियो लगभग एक साल पुराना भी बताया जा रहा है. मगर ये आग की तरह फेसबुक से लेकर वॉट्सऐप तक हर जगह फैल गया है.
कथित वीडियो जिसमें बनियान पहने व्यक्ति सांसद के भाई बताए जा रहे हैं
कथित वीडियो जिसमें बनियान पहने व्यक्ति सांसद के भाई बताए जा रहे हैं

कथित वीडियो में साफ तौर पर छह लोग देखे जा सकते हैं. लगभग छह मिनट तक सभी नोट गिनते रहते हैं और पैसे को लेकर बात हो रही है. पैसा करीब 20 लाख दिख रहा है. बताया जा रहा है कि सफेद बनियान पहने बेड पर बैठे आदमी सांसद के भाई राजेंद्र सिंह हैं. राजेंद्र सिंह का एक परिचय तो यही है कि वो बीजेपी सांसद देवेंद्र सिंह के भाई है. इसके अलावा राजेंद्र सिंह अपने भाई के सांसद प्रतिनिधि भी हैं. उनकी यूपी के लगभग हर बड़े नेता के साथ तस्वीर भी है. खुद देख लीजिए -
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के साथ सांसद देवेंद्र सिंह और पीछे उनके भाई राजेंद्र.
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के साथ सांसद देवेंद्र सिंह और पीछे उनके भाई राजेंद्र.

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अध्यक्ष महेंद्रनाथ पांडेय के साथ सांसद और उनके भाई राजेंद्र.
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अध्यक्ष महेंद्रनाथ पांडेय के साथ सांसद और उनके भाई राजेंद्र.

यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को मुकुट पहनाते राजेंद्र सिंह.
यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को मुकुट पहनाते राजेंद्र सिंह.

मामले में हमने सीधे सांसद के भाई राजेंद्र सिंह से बात की. पर उन्होंने इसे राजनीतिक साजिश बताया. बोले - हमने कोई पैसा नहीं लिया है. ये सब विरोधियों की साजिश है. चुनाव चल रहा है तो इसीलिए ये किया जा रहा है. जब हमने पूछा बनियान पहने वो आदमी आप हैं या नहीं. तो उन्होंने साफ इनकार किया. बोले-
हमारा वीडियो से कोई लेना-देना ही नहीं है. हमको तो यही नहीं मालूम कि कौन सा वीडियो है. हमें तो किसी ने बताया कि अखबार में ऐसा कुछ छपा है.
आगे वो ये भी बोल गए कि हमारा तो विद्यालय और पेट्रोल पंप है. विद्यालय में कैश देते हैं. अब किसने क्या बनाया, शिगूफा रचा. चुनाव का टाइम है तो ये सब हो रहा है. हमारा किसी से कोई पैसे का लेनदेन नहीं है.
मामले में हमने कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के बीजेपी अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह से बात की तो उन्होंने भी इस घटना की जानकारी से इनकार कर दिया. चार दिन से वायरल इस वीडियो की उनको खबर ही नहीं थी. बोले-
मैं बुंदेलखंड प्रवास पर हूं. ऐसे किसी वीडियो की जानकारी मुझे नहीं है.
सांसद देवेंद्र सिंह भोले से बात करने की कोशिश की मगर उनका फोन उठा नहीं. हालांकि मीडिया से बात में उन्होंने भी ऐसे किसी वीडियो की जानकारी न होने की बात कही थी. साथ ही इसके बारे में पता कर शिकायत करने को कहा था.
क्यों चुप है बीजेपी?
# सोशल वीडिया पर कहा जा रहा है वीडियो सांसद के भाई का है. सांसद इनकार कर रहे हैं. उनके भाई इनकार कर रहे हैं. तो सवाल उठता है कि अगर आपके खिलाफ कोई दुष्प्रचार कर रहा है तो आप एफआईआर क्यों नहीं करवाते हैं. क्यों नहीं इस वीडियो की जांच करवाते हैं.
दूसरी बात बीजेपी के स्तर पर उठती है कि दिन रात सोशल मीडिया पर एक्टिव पार्टी के एक सांसद की छवि धूमिल करता एक वीडियो वायरल है. तो पार्टी को इसकी सुध लेनी चाहिए. वीडियो जिस मकसद से शेयर किया जा रहा है, उससे नुकसान तो बीजेपी का भी होगा. तो जो लोग इसे प्रचारित कर रहे हैं, उनके खिलाफ उसे कार्रवाई करवानी चाहिए. बीजेपी के क्षेत्रीय अध्यक्ष सिर्फ ये कह दें कि उन्हें जानकारी नहीं, ये काफी नहीं है. क्योंकि साख उनकी ही पार्टी की है.
तीसरी बात ये है कि हो सकता है कि वीडियो सही हो, मगर उसे गलत संदर्भ में इस्तेमाल किया जा रहा हो. माने सांसद के भाई हो सकता है किसी अपने काम-धंधे से जुड़े पैसे का हिसाब कर रहे हों या कुछ और. तो इसकी भी जांच करवाके सच सबके सामने लाना चाहिए.


लल्लनटॉप वीडियो देखें-

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement