The Lallantop

उत्तराखंड के भीमताल के पास बस खाई में गिरी, 4 लोगों की मौत, 24 से ज्यादा घायल

Uttarakhand Bus accident: बस अल्मोड़ा से हल्द्वानी की तरफ जा रही थी. रास्ते में भीमताल के पास ड्राइवर बस से नियंत्रण खो बैठा. देखते ही देखते 1,500 फुट गहरी खाई में गिर गई. इस हादसे में घायल 15 से 20 लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है.

Advertisement
post-main-image
उत्तराखंड के भीमताल में ये हादसा हुआ (फोटो: आजतक)

उत्तराखंड के भीमताल (Bhimtal Bus Accident) कस्बे में यात्रियों से भरी एक बस के खाई में गिर जाने से चार लोगों की मौत हो गई. जबकि 24 से ज्यादा लोग घायल हो गए. मरने वालों में दो महिला, एक पुरुष और एक बच्चा शामिल है. घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती किया गया है. हादसे के दौरान पुलिस, दमकल विभाग की टीम और स्थानीय लोग रेस्कयू में जुटे रहे. जानकारी के मुताबिक, बस में लगभग 35 लोग सवार थे.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
अल्मोड़ा से हल्द्वानी जा रही थी बस

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, बुधवार, 25 दिसंबर को बस अल्मोड़ा से हल्द्वानी की तरफ जा रही थी. रास्ते में भीमताल के पास बस नियंत्रण खो बैठी और 1,500 फुट गहरी खाई में गिर गई. जानकारी के मुताबिक, हल्द्वानी से 15 एम्बुलेंस दुर्घटना स्थल पर भेजी गई. हादसे की सूचना के बाद पुलिस और स्थानीय लोग रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गए. इस हादसे में घायल 15 से 20 लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है.

मुख्यमंत्री ने हादसे पर जताया दुख

मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने इस हादसे को लेकर दुख जताया है. उन्होंने एक्स (X) पर लिखा-

Advertisement

“भीमताल के निकट दुर्भाग्यपूर्ण बस दुर्घटना में 4 लोगों की मृत्यु का समाचार हृदय विदारक है. ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों की आत्मा को श्रीचरणों में स्थान और परिवारजनों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें. गंभीर रूप से घायल लोगों का सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय, हल्द्वानी में उपचार चल रहा है, और AIIMS ऋषिकेश से भी चिकित्सकों की एक टीम को हल्द्वानी के लिए रवाना किया जा चुका है. ईश्वर से सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं.”

उत्तराखंड सरकार ने हादसे में मारे गए लोगों के परिवार को 10 लाख रुपये मुआवजा देने का एलान किया है. वहीं, गंभीर रूप से घायल लोगों के परिवारों को 3 लाख रुपये और अन्य घायलों के परिवारों को 15 से 25 हजार रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की गई है.

इससे पहले 4 नवंबर को भी उत्तराखंड के अल्मोड़ा में एक बड़ा बस हादसा हुआ था. ये हादसा मार्चुला इलाके के पास हुआ था. जब यात्रियों से भरी हुई एक बस खाई में गिर गई थी. इस घटना में 36 लोगों की मौत हो गई थी. इस हादसे में 40 लोग सवार थे. 

Advertisement

वीडियो: उत्तराखंड बस हादसा: मध्यप्रदेश के पन्ना से यमुनोत्री जा रही बस खाई में गिरी, 25 की मौत

Advertisement