यूपी पुलिस एक के बाद एक माफियाओं पर शिकंजा कसती जा रही है. अतीक अहमद की पत्नी के बाद मुख़्तार अंसारी की पत्नी पर कार्रवाई तेज़ हो गई है. कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक अफशां असांरी पर घोषित इनाम की रकम को 25 हज़ार से बढ़ाकर 50 हजार कर दिया गया है. अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन की तरह मुख्तार अंसारी की पत्नी अफशां अंसारी भी लंबे वक्त से फरार हैं. शाइस्ता पर पहले से 50 हजार का इनाम घोषित था. अब अफशां पर भी ये इनाम घोषित कर दिया गया है.
अब मुख्तार अंसारी की पत्नी को पकड़ने के लिए यूपी पुलिस ने क्या कदम उठाया?
कई थानों में अफ़शां अंसारी के खिलाफ दर्ज है मुकदमा.


आजतक में छपी ख़बर के मुताबिक पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय के निर्देश पर इनाम की रकम बढ़ाई गई है. इस बात की जानकारी अपर पुलिस अधीक्षक महेश सिंह अत्री ने दी. अफशां अंसारी पर कोतवाली थाना क्षेत्र में 406, 420, 386, 506 के तहत मामला दर्ज है. उनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में भी मामला दर्ज है. अफशां पर गजल होटल लैंड डील के अलावा नंदगंज में सरकारी जमीन पर कब्जा करने का भी आरोप है. पुलिस रिकॉर्ड्स में अफशां को IS-191 गैंग का सदस्य बताया गया है. कुछ मामलों में पुलिस ने अफशां के साथ उसके दो भाइयों का भी नाम दर्ज किया है. उनकी तलाश में कई जगह छारेमारी की जा चुकी है, पर नतीजा सिफर ही रहा है.
अतीक-अशरफ की हत्या के बाद बयान
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में पुलिस कस्टडी में अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की हत्या के बाद कानून व्यवस्था पर कई सवाल उठे. मुख़्तार के भाई अफज़ाल अंसारी ने सवाल उठाए. इंडिया टुडे से बात करते हुए अफजाल अंसारी ने कहा,
"प्रयागराज की घटना के बाद लोकतंत्र पर लोगों का विश्वास कैसे बना रहेगा? देश में कानून का राज है, उत्तर प्रदेश में उत्तम कानून व्यवस्था है और हमारी भाषा है कि ठोक दो, मिट्टी में मिला देंगे, तो यही सब होगा."
अफज़ाल के इस बयान को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाने के तौर पर देखा गया. उन्होंने आगे कहा,
"कहीं ऐसा ना हो की इस घटना की जांच किसी एजेंसी को दे दी जाए और सच सामने आने से पहले ही अतीक के हत्यारों का भी एनकाउंटर हो जाए ताकि असली राज दफन हो सकें."
अफजाल अंसारी ने भाई मुख्तार अंसारी की सुरक्षा के सवाल पर कहा,
"साजिश सिर्फ एक जगह पर नहीं, हर जगह हो रही है. जिनके हाथ खुले छोड़ दिए हैं वो (अपराध) करते है, जो उनके ऊपर बैठा है, वो उनको शाबाशी देता है."
मुख्तार अंसारी इस समय बांदा जेल में बंद है. वो पांच बार विधायक रह चुका है. मुख्तार और उसके सहयोगियों के खिलाफ 49 आपराधिक मामले दर्ज हैं. उसकी करोड़ों की संपत्ति को आयकर विभाग जब्त कर चुका है.
वीडियो: अतीक अहमद के मर्डर पर मुख्तार अंसारी के भाई अफजल अंसारी ने क्यों कहा- एक और एनकाउंटर होगा















.webp?width=120)


.webp?width=120)



