महाराष्ट्र के अहमदनगर में दो गुटों के बीच झड़प और हिंसा की जानकारी सामने आई है. यहां 4 अप्रैल को देर रात दो समुदाय के लोग आपस में भिड़ गए (Ahmednagar Clash Stone Pelting Violence). खबर है कि झड़प भगवा झंडा लगाने को लेकर हुई. दोनों गुटों के बीच लाठी-डंडे चले और जमकर मारपीट हुई. इस बीच मस्जिद पर पथराव किया गया और कुछ बाइकें फूंक दी गईं. सामने आ रहे वीडियो में दिख रहा है कि गाड़ी के शीशे भी तोड़े गए हैं. एक मूर्ति को तोड़े जाने की भी खबर है.
भगवा झंडे को लेकर बवाल, लाठी डंडे चले, मस्जिद पर पथराव, फूंक डालीं गाड़ियां
पुलिस ने 12 लोगों को हिरासत में लिया है.


आज तक से जुड़े रोहित वाल्के की रिपोर्ट के मुताबिक, मामला अहमदनगर-संभाजीनगर हाईवे पर स्थित गजराज नगर का है. 4 अप्रैल की रात लगभग 9 बजे यहां रहने वाले सतीश कर्डीले और उसके साथी का दूसरे समुदाय के लोगों के साथ झगड़ा हो गया. देखते ही देखते दोनों तरफ से पत्थरबाजी शुरू हो गई और कई वाहनों को आग लगा दी गई. लाठी ओर पाइप से मारपीट हुई.
झड़प के दौरान बदमाशों ने चार बाइकों में आग लगा दी. वहां खड़ी कुछ गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की गई है. खबर है कि झड़प में लगभग छह युवक घायल हुए हैं. उन्हें अहमदनगर के जिला अस्पताल मे भर्ती किया गया है.
अहमदनगर के SP राकेश ओला ने आज तक के साथ बातचीत में बताया,
वारूलवाडी के गजराज नगर मे दो गुटों मे मारपीट की घटना हुई है. पुलिस कार्रवाई कर रही है. अफवाह पर विश्वास ना करें. मामले में जो भी अफवाह फैलाएगा उसपर भी पुलिस कार्रवाई करेगी. शांति बनाए रखें.
पुलिस ने अब तक 12 लोगों को हिरासत में लिया है. पुलिस का कहना है कि झड़प के दौरान एक मूर्ति को तोड़े जाने के बाद गांव में तनाव की स्थिति हो गई. मौके पर पुलिस बल की तैनाती की गई है.
ये भी पढ़ें- रामनवमी के दिन शुरू हुई हिंसा आखिर रुक क्यों नहीं रही है?
रिपोर्ट के मुताबिक, इससे पहले 30 मार्च को भी राज्य के जलगांव जिले में एक मस्जिद के बाहर बज रहे संगीत को लेकर दो गुटों के बीच झड़प हुई थी. तब पुलिस ने 56 लोगों को गिरफ्तार किया गया था.
वीडियो: बिहार के नालंदा पहुंचा लल्लनटॉप, रामनवमी के दिन बवाल की शुरूआत यहीं से क्यों हुई?






















