The Lallantop

एक दिन में 50 हजार रुपये कमाता है ये भिखारी

ब्रिटेन के पीएम डेविड कैमरून की जित्ती कमाई है, साल का करीब उत्ता ही कमा लेता है ये भिखारी.

Advertisement
post-main-image
फोटो - thelallantop
ज्यादा रईस न बनो. इग्लैंड से नहीं आए हो. जब भी ये लाइन सुनता, सवाल उठता. अइसा क्या है इंग्लैंड में मियां? पता नहीं. पर वहीं कहीं एक शहर है वेस्टमिडलैंड का वॉल्वरहैंम्पटन. यहां के एक भिखारी की कमाई इतनी ज्यादा है कि आपके जिंदगी में हुए सबसे अच्छे अप्रेजल को भी हार्टअटैक आ सकता है. अंदाजा लगाइए कि अपने इंडिया में एक भिखारी की एक दिन की कमाई कितनी होगी. 200-300 रुपये. दिन अच्छा रहा तो 500 रुपये. बस न? पर ये इंडिया का नहीं, इंटरनेशनल भिखारी है. वॉल्वरहैंम्पटन शहर का एक भिखारी दिन में करीब 50 हजार रुपये कमा लेता है. राहगीरों और दुकानदारों के आगे हाथ फैलाता है. कहता है मेरे पास घर नहीं है. बेघर हूं साहेब. लोग खाते हैं तरस. और इसकी झोली में डाल देते हैं अंग्रेजों की करेंसी पाउंड.
शहर के लेबर काउंसलर स्टीव इवांस के मुताबिक, ये भिखारी बेघर नहीं है. एक आलीशान मकान का मालिक है. पर फिर भी शहर के सिटी सेंटर के पास बैठा रहता है. इस बंदे की सालाना कमाई करीब 1 करोड़ 23 लाख है. यानी ब्रिटेन के प्राइम मिनिस्टर डेविड कैमरून से साल की करीब 19 लाख रुपये कम.
28 साल के एक भिखारी ने कहा, 'इस भिखारी के चक्कर में कहीं लोग मुझे पैसे देना बंद न कर दें. हम में से कुछ सही में बेघर हैं और जरूरतमंद हैं. हमें शराब के लिए नहीं घर और खाने के लिए पैसे चाहिए. यह बहुत शर्म की बात है कि कुछ लोग हमें बदनाम कर रहें हैं.' स्टीव ने कहा, 'भीख मांगना एक जुर्म है. जो हमारी चेतावनी को नहीं मानेगा, उसे गिरफ्तार कर कोर्ट ले जाया जाएगा.'

Advertisement
Advertisement