The Lallantop

अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर रखा गया एक स्टार का नाम, ये होता कैसे है?

कितने पैसे लगते हैं?

Advertisement
post-main-image
अपने नाम पर कैसे रजिस्टर करते हैं स्टार? (फोटो-आजतक/पिक्सल)

पूर्व प्रधान मंत्री अटल बिहारी वाजपेयी (Atal Bihari Vajpayee) की जयंती के मौके पर उनके नाम पर एक स्टार का नाम रखा गया है. ये काम बीजेपी (BJP) की औरंगाबाद इकाई ने किया है. अब वाजपेयी जी के नाम से एक स्टार इंटरनेशनल स्पेस रजिस्ट्री में दर्ज हो गया है. ये पहली बार नहीं है, जब किसी के नाम पर स्टार का नाम रखा गया हो. पहले भी ऐसा हुआ है. आइए आपको बताते हैं कि इसकी प्रक्रिया क्या होती है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

इंटरनेशल स्पेस रजिस्ट्री नाम की एक वेबसाइट है. जिसने इस काम का पूरा ठेका लिया है. ये एक प्राइवेट अंतरराष्ट्रीय रजिस्टर और निगरानी संस्थान है. कौन से स्टार का नाम कब किस शख्स के नाम पर रखा गया, इसकी पूरी जानकारी वेबसाइट पर रहती है. दुनियाभर में जितने भी लोगों ने स्टार रजिस्टर किया होगा, वो सब डेटा इस पर मिलेगा.

अब बात करते हैं रजिस्ट्रेशन की. इस काम के लिए एक दूसरी वेबसाइट है जिसका नाम है स्टार नेमिंग डॉट कॉम. यहां जाकर आप स्टार खुद के या किसी के भी नाम पर रजिस्टर करवा सकते हैं. तारामंडल और नक्षत्रों के बारे में थोड़ी बहुत जानकारी है तो बेहतर होगा. नहीं है, तो भी चलेगा.

Advertisement

वेबसाइट खोलते ही आपके सामने नीले डब्बे में एक ऑप्शन दिखेगा- नेम अ स्टार नाव. इस पर क्लिक करें. फिर आपको तीन सिंपल स्टेप्स फॉलो करने होंगे.

स्टेप 1- यहां भी तीन ऑप्शन मिलेंगे. एक अकेला तारा चुनना है, तारामंडल से एक तारा चुनना है या जुड़वा तारे. अपने हिसाब से जो सही लगे चुन लें. तीनों के दाम भी अलग-अलग हैं. ढाई हजार से शुरू होकर 6 हजार रुपये तक.

अब स्टार रजिस्टर किया है, तो इसका कोई प्रूफ भी तो चाहिए ना. उसके लिए आपको एक सर्टिफिकेट दिया जाएगा. उस सर्टिफिकेट का डिजाइन भी आप चुन सकते हैं.

Advertisement

स्टेप 2- सात ऑप्शन में से अपनी पसंद का डिजाइन चुन लें. फिर स्टार को जो नाम देना है, वो लिखें. किस तारीख पर देना है वो डालें. आप स्टार की चमक भी तय कर सकते हैं. जितना चमकदार होगा, उतना महंगा होगा. और भी बहुत ऑप्शनल तामझाम हैं, जैसे सर्टिफिकेट के फ्रेम का डिजाइन इत्यादि.ये सब करने के बाद स्टार को कार्ट में एड कर लें.

स्टेप 3- आखिरी स्टेप में पेमेंट का ऑप्शन होगा. जो भी मोड सही लगे वो चुनकर पमेंट कर दें और स्टार रजिस्टर हो जाएगा. आपको एक रजिस्ट्रेशन आई डी भी मिलेगी. इससे जब चाहें इंटरनेशल स्पेस रजिस्ट्री पर जाकर स्टार की लाइव लोकेशन देख सकते हैं.

इसके अलावा भी कई ऐसी वेबसाइट हैं, जिनके जरिए स्टार के नाम रजिस्टर किए जाते हैं. ये सिर्फ किसी पल या दिन को खास और यादगार बनाने का एक तरीका है. ऑफिशियली स्टार के नाम रजिस्टर होते हैं या नहीं इसकी पुष्टि लल्लनटॉप नहीं करता. 

वीडियो: अटल बिहारी वाजपेयी के सामने शंकर सिंह वाघेला ने प्रधानमंत्री मोदी को गुजरात से निकालने की मांग की?

Advertisement