महाराष्ट्र में मुंबई के वर्ली हिट एंड रन (Worli Hit And Run) मामले के बाद अब नागपुर में हिट एंड रन का मामला सामने आया है. नागपुर में एक तेज रफ्तार स्कूल बस की टक्कर के कारण 63 साल के एक बुजुर्ग की मौत हो गई. ये बुजुर्ग व्यक्ति साइकिल पर सवार थे, जब एक स्कूल बस ने उनकी साइकिल को पीछे से टक्कर मार दी. टक्कर के कारण वो सड़क पर गिर गए और बस उन्हें कुचलते हुए आगे निकल गई. इस हादसे में वो गंभीर रूप से घायल हुए थे, बाद में उनकी मौत हो गई.
तेज रफ्तार स्कूल बस ने राह चलते बुजुर्ग साइकिल सवार को पीछे से टक्कर मारी, मौत
Nagpur Hit And Run: नागपुर में एक तेज रफ्तार स्कूल बस की टक्कर के कारण 63 साल के एक बुजुर्ग की मौत हो गई. वो बस के पिछले पहिए के नीचे आ गए थे.


आजतक से जुड़े योगेश पांडे की रिपोर्ट के मुताबिक घटना नागपुर के हुडकेश्वर इलाके की है. बुजुर्ग मृतक की पहचान रत्नाकर दीक्षित के तौर पर हुई है. सोमवार, 8 जुलाई को रत्नाकर सुबह करीब 8:30 बजे ताजबाग से तुकडोजी चौक की ओर जा रहे थे. वो अपनी साइकिल पर सवार थे. तभी उनके पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार स्कूल बस ने उन्हें टक्कर मार दी.
ये भी पढ़ें- मुंबई हिट एंड रन: 'मिहिर शाह ने महिला को घसीटा फिर बदली सीट, ड्राइवर ने दोबारा कुचला'
इस टक्कर के कारण रत्नाकर दीक्षित सड़क पर गिर पड़े. इतने पर भी बस रुकी नहीं, वो बस के पिछले पहिए के नीचे आ गए. बस उन्हें कुचलते हुए आगे निकल गई. इस दुःखद घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है.
आरोपी बस ड्राइवर गिरफ्तारइस हादसे में रत्नाकर दीक्षित गंभीर रूप से घायल हो गए थे. बाद में उनकी मौत हो गई. घटना के बाद हुडकेश्वर पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए स्कूल बस चलाने वाले आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया. इस मामले की आगे की जांच जारी है.
वहीं मंगलवार, 9 जुलाई को नागपुर-कोरडी रोड पर पंजारा गांव के पास एक कार रेलिंग से टकरा गई. बेकाबू कार कई बार पलटते हुए कुछ दूरी तक जाने के बाद रुकी. इस हादसेमें दो लोगों की मौत हुई है, वही तीन अन्य की हालत गंभीर है.
बता दें कि 7 जुलाई को हुए मुंबई के वर्ली हिट एंड रन मामले में एक महिला की मौत हुई थी. इस घटना में एक BMW कार ने एक स्कूटी को टक्कर मारी थी, जिस पर दो लोग सवार थे. आरोप है कि BMW शिवसेना (एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली पार्टी) नेता राजेश शाह का बेटा मिहिर शाह चला रहा था.
वीडियो: ड्राइवर ने समय रहते दिखाई समझदारी, नहीं तो बिहार में बड़ा रेल हादसा हो सकता था!






















