कनाडा के पोल वॉल्ट खिलाड़ी शॉन बार्बर ओलंपिक से पहले डोपिंग में पोज़िटिव पाए गए थे. लेकिन अपनी तरह के विचित्र मामले में वर्ल्ड चैंपियन पोल वॉल्ट खिलाड़ी को 2 साल का प्रतिबंध नहीं दिया गया. बार्बर ने दावा किया था कि ये कोकेन उनके शरीर में चुंबन के मार्फत चला गया था.
चुम्मे से चला गया कोकेन, इसलिए खिलाड़ी पर नहीं लगा बैन
खिलाड़ी बच तो गया लेकिन दुनिया को संदेश मिला, ट्रायल से पहले ऐसा कुछ तो न ही करें.


कनाडा के 'खेल विवाद निपटान केंद्र' ने मामले में बार्बर की कोई गलती नहीं पाई गई. एथलेटिक्स कनाडा ने भी इस फैसले को ‘सही और न्यायसंगत’ ठहराया है.
22 साल के बार्बर ने एक ऑनलाइन वीडियो पोस्ट कर कहा कि तनाव दूर करने के लिए एक रात उनकी भेंट एक होटल में एक ‘पेशेवर’ महिला से हो गई. वो महिला स्वयं को ड्रग और डिसीज़ से मुक्त बता रही थी और बार्बर ने ट्रायल के तनाव से मुक्त होने के लिए कनाडा के ओलंपिक ट्रायल से ठीक पहली रात को संबंध बना लिया. पट्ठे ने अगले ही दिन राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाकर ओलंपिक में जगह भी बना ली. हालांकि ओलंपिक में सिर्फ 10वां स्थान ही मिल पाया. इस मामले में जो महिला मुलव्विस थी उसने भी कहा है कि मिलन के दौरान उसने बार्बर को बिन बताए कई बार कोकेन खींची थी.
बार्बर के वकील का दावा है कि फोरेंसिक जानकारों ने मामले को देखा है और इतनी मात्रा में जानबूझ कर कोकेन लेना असंभव है. लॉजिक दिया है कि नशे के लिए इत्ता अल्प कोकेन नहीं खींचा जा सकता.
बार्बर का मामला 5 अगस्त को सुना गया था. फैसला 6 दिन बाद आया और फिर बार्बर ने 15 अगस्त को ओलंपिक खेलों में भाग भी लिया. लेकिन ये सारा केस 2 महीने बाद अब जनता के सामने आया है. खेल की दुनिया ने इस तरह का केस कभी नहीं देखा.
फ्रांस के टेनिस खिलाड़ी रिचर गेस्के भी 2009 में एक नाइटक्लब में महिला से चुंबन के बाद कोकेन के लिए पोज़िटीव पाए गए थे. ठीक इसी तर्क पर गेस्के को लंबा बैन नहीं मिला था और खेल से सिर्फ अढाई महीने बाहर रहना पड़ा था. गेस्के के वकीलों ने ये भी दावा किया गया था कि नमक के दाने जितना ही कोकेन ही गया था. अब मामला श्वेत और अश्वेत का भी हो रहा है. कुछ लोगों का कहना है शॉन बार्बर श्वेत खिलाड़ी है इसलिए बैन नहीं लगा.


हक़ीक़त ये है कि शॉन बार्बर बच गए और संदेश ये है कि ट्रायल से पहले असुरक्षित और अनजान लोगों के साथ संबंध नहीं बनाने चाहिए नहीं तो ऐसे भी पकड़ाए जा सकते हैं.













