The Lallantop

इधर आर्यन खान को क्लीन चिट मिली, उधर समीर वानखेड़े का ट्रांसफर हो गया

समीर वानखेड़े के तबादले को आर्यन खान केस की जांच में चूक करने को लेकर हुए एक्शन के तौर पर देखा जा रहा है.

Advertisement
post-main-image
समीर वानखेड़े (फाइल फोटो: आजतक)

इंडियन रेवेन्यू सर्विस (IRS) ऑफिसर समीर वानखेड़े (Sameer Wankhede) का चेन्नई ट्रांसफर कर दिया गया है. समीर वानखेड़े के नेतृत्व में ही पिछले साल ड्रग्स-ऑन-क्रूज (Drugs on Cruise) केस में शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान (Aryan khan) सहित कई लोगों को गिरफ्तार किया गया था. तब समीर वानखेड़े नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) के जोनल डायरेक्टर मुंबई थे. हालांकि बाद में उन्हें इस ड्रग्स-ऑन-क्रूज केस की जांच से हटा दिया गया था.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

समीर वानखेड़े को अब चेन्नई में डीजी टैक्सपेयर सर्विस डायरेक्टरेट भेज दिया गया है. इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक इससे पहले एनसीबी से ट्रांसफर के बाद समीर वानखेड़े की तैनाती मुंबई में डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ एनालिटिक्स एंड रिस्क मैनेजमेंट (DGARM) के तौर पर हुई थी.

ड्रग्स ऑन क्रूज केस में आर्यन खान को क्लीन चिट के बाद हुआ एक्शन!

समीर वानखेड़े के तबादले को आर्यन खान केस की जांच में चूक और प्रक्रिया का पालन न करने को लेकर हुए एक्शन के तौर पर देखा जा रहा है. बता दें कि शुक्रवार 27 मई को मुंबई क्रूज केस में शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने क्लीनचिट दे दी. अधिकारियों के मुताबिक मामले की जांच के दौरान आर्यन के खिलाफ ड्रग्स केस में कोई सबूत नहीं मिला. 

Advertisement

आजतक के अरविंद ओझा के मुताबिक इस मामले में एनसीबी के डीजी एसएन प्रधान ने माना था कि NCB अधिकारी समीर वानखेड़े और उनकी टीम से गलती हुई. डीजी एसएन प्रधान ने ये भी कहा था,

अगर पहली जांच टीम से गलती नहीं होती, तो SIT जांच टेक ओवर क्यों करती? कुछ तो कमियां रह गईं, तभी तो एसआईटी ने केस अपने हाथ में लिया. इन कमियों को दूर करने के लिए या फिर कम से कम आगे की कार्रवाई सही हो, इसको ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की गई.

इतना ही नहीं एनसीबी डीजी ने संकेत दिए थे कि छापेमारी और जांच के दौरान चूक के आरोप में क्रूज पर छापेमारी करने वाले एनसीबी के अधिकारियों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू की जा सकती है.

Advertisement

इस दौरान वानखेड़े पर भ्रष्टाचार सहित यह आरोप भी लगे कि अनुसूचित जाति कोटे के तहत नौकरी पाने के लिए उन्होंने फर्जी जाति प्रमाण पत्र दिया. इस मामले की जांच चल रही है. 

वीडियो- आर्यन खान ड्रग केस में नहीं हुई थी सही जांच, समीर वानखेड़े पर गृह मंत्रालय का बड़ा आदेश

Advertisement