The Lallantop

अभिनेता सैफ अली खान को अपने किस बयान पर माफी मांगनी पड़ी है?

विवाद उनकी 2022 में आने वाली फिल्म से जुड़ा है.

Advertisement
post-main-image
सैफ की फिल्म आदिपुरुष साल 2022 में रिलीज होगी. फोटो- PTI/Twitter
अभिनेता सैफ अली खान चर्चा में हैं. वजह है उनका एक बयान जिस पर कुछ लोग भड़क गए हैं. लोगों की भावनाओं का ध्यान रखते हुए सैफ ने अपना बयान वापस ले लिया है और माफी मांग ली है. लेकिन ये कौन सा बयान था जिसने इतनी कंट्रोवर्सी पैदा कर दी? और आखिर ये पूरा मामला क्या है जो लोग ट्विटर पर सैफ को जी भरकर कोस रहे हैं?
'मुंबई मिरर' से बात करते हुए सैफ ने कहा था,
"राक्षसराज के इस किरदार को निभाना काफी मजेदार होगा. हम इस किरदार को थोड़ा मानवीय बनाएंगे. सीता के अपहरण और राम के साथ युद्ध का औचित्य सिद्ध करेंगे क्योंकि रावण की बहन सूर्पनखा की नाक लक्षमण के द्वारा काट दी गई थी."
सैफ के इस बयान पर बीजेपी नेता राम कदम ने कहा कि अगर हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाने की कोशिश की गई तो बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा,
"सैफ अली खान आदिपुरुष नाम की फिल्म में रावण की भूमिका करने वाले हैं. वे रावण के रोल को हीरो की तरह पेश करेंगे की बात करते हैं. रावण के कामों को फिल्म के जरिए न्याय देंगे ये कैसे संभव है."
उन्होंने अपने ट्वीट में चेतावनी देते हुए कहा कि हमारी आस्था को ठेस पहुंचे ऐसा काम हिंदू समाज कतई सहन नहीं करेगा. इंडिया टुडे से बात करते हुए राम कदम ने कहा कि बॉलीवुड में हिंदू भावनाओं को आहत करने का ट्रेंड बढ़ता जा रहा है. उन्होंने कहा,
"हम लोग गौर कर रहे हैं कि जानबूझ कर ये कोशिश की जा रही है कि हिंदुओं की भावना को ठेस पहुंचे. वे दूसरे धर्मों के साथ ऐसा क्यों नहीं करते. मैं एक हिंदू के तौर पर कह रहा हूं कि हमारी भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचनी चाहिए."
उन्होंने कहा कि सैफ अली खान जानबूझ कर ऐसे बयान दे रहे हैं और तानाजी के वक्त भी उन्होंने ऐसे ही बयान दिए थे.
Ram Kadam
बीजेपी नेता राम कदम ने सिलसिलेवार ट्वीट कर सैफ पर निशाना साधा.

विवाद बढ़ता देख सैफ ने बयान जारी किया और माफी मांग ली. सैफ ने अपने स्टेटमेंट में कहा,
"मुझे पता चला है कि मेरे एक इंटरव्यू के दौरान कही गई बातों से लोगों को ठेस पहुंची है. मेरी मंशा ऐसा करने की नहीं थी और ना ही मैं ऐसा चाहता हूं. मैं अपना वह बयान वापस लेता हूं और उन सभी लोगों से माफी मांगता हूं जिनको मेरी बात से ठेस पहुंची है. मेरे लिए भगवान राम हीरो छवि वाले रहे हैं. आदिपुरुष, बुराई पर अच्छाई की जीत का उत्सव है. हमारी टीम इस महान कहानी को पर्दे पर उतारने के लिए जुटी हुई है."
हालांकि ये पहली बार नहीं है जब सैफ ऐसे विवादों में फंसे हैं. तानाजी फिल्म के दौरान भी वह ऐसी ही एक कंट्रोवर्सी में फंस गए थे. तानाजी में अपने निभाए किरदार उदयभान को लेकर उन्होंने कहा था,
"किसी वजह से मैं स्टैंड नहीं ले सका. शायद अगली बार ले सकूं. मैं इस रोल को करने के लिए उत्साहित था क्योंकि ये एक बढ़िया किरदार था. लेकिन जब लोग कहते हैं कि ये इतिहास है तो मुझे नहीं लगता कि ये इतिहास है. मुझे पता है कि इतिहास क्या है."
ये फिल्म तानाजी के वक्त की बात थी, लेकिन अब उनकी फिल्म आदिपुरुष को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं. इस मेगाबजट फिल्म में बाहुबली फेम एक्टर प्रभास भगवान राम की भूमिका में नजर आने वाले हैं. वहीं सीता की भूमिका में कृति सैनन नजर आएंगी. imdb के मुताबिक फिल्म 2022 में रिलीज होगी. इस फिल्म को निर्देशित कर रहे हैं ओम राउत जिन्होंने तानाजी का निर्देशन किया था.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement