The Lallantop

ट्रेन में 4 हत्याएं करने वाले RPF जवान चेतन सिंह का ट्रैक रिकॉर्ड सामने आया

उज्जैन में पोस्टिंग के दौरान चेतन सिंह के खिलाफ क्या शिकायत दर्ज की गई थी?

Advertisement
post-main-image
चेतन के खिलाफ पहले भी कई शिकायतें हुई थी (फोटो- इंडिया टुडे)

जयपुर-मुंबई एक्सप्रेस (Jaipur Mumbai Express) में 4 लोगों की हत्या के आरोपी RPF कॉन्स्टेबल चेतन सिंह (Chetan Singh) से जुड़ी नई जानकारी सामने आई है. खबर है कि उसके काम करने के तरीकों पर पहले भी सवाल उठाए जाते रहे हैं. इसे लेकर 33 वर्षीय चेतन सिंह के खिलाफ एक से ज्यादा बार शिकायतें हुई थीं. इनमें दुर्व्यवहार और अनुशासनहीनता के मामले शामिल हैं. RPF कॉन्स्टेबल के साथ काम करने वाले लोगों ने बताया कि वो गुस्सैल स्वभाव का व्यक्ति है. एक सहयोगी ने उसके खिलाफ आधिकारिक तौर पर शिकायत दर्ज करवाई थी.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

इंडियन एक्सप्रेस से जुड़ीं स्वीटी अदिमुलम और धीरज मिश्रा की रिपोर्ट के मुताबिक चेतन सिंह हाथरस के मीतई गांव का रहने वाला है. परिवार में पत्नी रेनू सिंह, आठ साल का बेटा और छह साल की बेटी है. वो तीनों मथुरा में किराए पर रहते हैं. वहीं चेतन की मां वृद्धाश्रम में हैं.

अनुकंपा के आधार पर मिली नौकरी

चेतन के पिता बच्चू सिंह RPF में ASI थे. मार्च 2007 में उनका निधन हो गया. तब वो मध्य प्रदेश के महू में तैनात थे. पिता की मौत के बाद चेतन को अनुकंपा के आधार पर 2009 में RPF में नौकरी मिल गई. मतलब चेतन कोई टेस्ट पास कर RPF जवान नहीं बना, पिता की जगह नौकरी दे दी गई. उसके चाचा मुकेश बतातें है कि वो स्कूली दिनों में स्पोर्ट्स में अच्छा था जिसके चलते ही उसे 12वीं कक्षा के बाद RPF की नौकरी पाने में मदद मिली.

Advertisement

ये भी देखें- ट्रेन में 4 हत्याएं करने वाले RPF जवान का वीडियो वायरल, मोदी-योगी का नाम लेकर क्या कह रहा?

दुर्व्यवहार की शिकायत

अखबार के मुताबिक एक वरिष्ठ RPF अधिकारी ने पश्चिम रेलवे के RPF रिकॉर्ड के हवाले से बताया कि पांच साल पहले जब चेतन उज्जैन में तैनात था तो उसके खिलाफ 'अवज्ञा' (आज्ञा का पालन नहीं करने) की शिकायत आई थी. चेतन के सहयोगियों ने भी उसके दुर्व्यवहार और अनुशासनहीनता को लेकर शिकायत की थी. हालांकि अधिकारी ने ये भी बताया कि हाल में चेतन की कोई शिकायत नहीं आई थी, ना ही उसके खिलाफ कोई जांच लंबित है.

रतलाम मंडल के अंतर्गत उज्जैन रेलवे स्टेशन में काम करने के बाद चेतन का तबादला भावनगर हुआ. इसी साल मार्च में उसे मुंबई में पोस्टिंग मिली थी. 18 जुलाई को ही वो 12 दिन की छुट्टी के बाद ड्यूटी पर लौटा था. 1 अगस्त की सुबह जयपुर-मुंबई सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन में चेतन ने अपनी ARM राइफल से 12 राउंड फायरिंग की जिसमें ASI मीणा समेत चार लोगों की मौत हो गई.

Advertisement

वीडियो: जयपुर-मुंबई एक्सप्रेस में RPF कॉन्स्टेबल ने बंदूक से क्यों उगल दीं गोलियां? कहानी दंग कर देगी!

Advertisement