The Lallantop

रोहित सरदाना को नेता, खिलाड़ी और अन्य लोग इस तरह याद कर रहे हैं

आजतक के मशहूर एंकर रोहित सरदाना का हार्ट अटैक से निधन

Advertisement
post-main-image
आजतक के सीनियर जर्नलिस्ट और एंकर रोहित सरदाना ने 42 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया.
आजतक के सीनियर जर्नलिस्ट और एंकर रोहित सरदाना नहीं रहे. 30 अप्रैल को हार्ट अटैक से उनका निधन हो गया. सोशल मीडिया पर दूसरों के लिए कोरोना से जुड़ी मदद मांगने वाले रोहित खुद पिछले कुछ समय से कोरोना से लड़ रहे थे. कल रात (29 अप्रैल) ही वो नोएडा के मेट्रो मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में एडमिट हुए थे. रोहित की मौत पर तमाम तबकों से जुड़े लोग अपनी संवेदनाएं ज़ाहिर कर रहे हैं. उन्हें याद कर रहे हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक जताते हुए लिखा,
रोहित सरदाना हमें बहुत जल्दी छोड़कर चले गए. उत्साह से भरे हुए, इंडिया की तरक्की को लेकर वह उत्साही थे. वह दयालु व्यक्ति थे. रोहित को बहुत लोग मिस करेंगे. उनके अचानक चले जाने से मीडिया जगत में एक खालीपन आ गया है. मेरी संवेदनाएं उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के साथ हैं. ओम शांति.
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उन्हें याद करते हुए लिखा,
वरिष्ठ टीवी पत्रकार रोहित सरदाना जी के निधन की दुखद खबर स्तब्ध कर देने वाली है. ईश्वर उनकी आत्मा को अपने चरणों में स्थान दे और परिवार को ये दुख सहने का साहस दे.
  कांग्रेस के राजदीप सिंह सुरजेवाला ने लिखा,
आज तक समूह के पत्रकार व एंकर रोहित सरदाना के निधन के समाचार से गहरा आघात लगा. यह अत्यंत दुखदायी है. रोहित मूलत: कुरुक्षेत्र की पवित्र भूमि से हैं. इस बारे में अकसर रोहित से चर्चा होती. इस युवा आयु में यूं चले जाना... विश्वास नहीं होता. मेरी श्रद्धांजलि और परिवार को संवेदनाएं.
आम आदमी पार्टी के विधायक राघव चड्ढा ने रोहित सरदाना के साथ अपनी एक टीवी डिबेट का स्क्रीनशॉट शेयर कर लिखा,
रोहित के निधन की खबर ने अंदर तक झिंझोर दिया है. TV पर कई बार उनके साथ डिबेट की. हमेशा पाया कि वो विचारों को आगे रखने में जुझारू और तेज़ थे. हमनें कोविड 19 पर भी डिबेट की थी. जिस बीमारी ने उन्हें हमसे छीन लिया. ओम शांति.
  केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने रोहित को श्रद्धांजलि समर्पित करते हुए लिखा,
एक होनहार पत्रकारिता करियर जो समय से पहले खत्म हो गया. उनका बेस्ट तो अभी आना बाकी था. युवा रोहित, जो कल तक कोरोना मरीजों की मदद के लिए ट्वीट कर रहे थे. आज खुद उस महामारी का शिकार हो गए.
केंद्रीय मंत्री किरन रिजिजू ने अपने ट्विटर पर लिखा,
सीनियर जर्नलिस्ट रोहित सरदाना की डेथ की खबर सुनकर दुख में हूं. सदमे में हूं. वो एक निडर पत्रकार थे. उनकी आत्मा को शांति मिले.
  अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडु ने लिखा,
होनहार पत्रकार रोहित सरदाना जी के निधन की खबर सुनकर झटका लगा. आपके अच्छे काम को हमेशा याद किया जाएगा. मेरी संवेदनाएं. प्रार्थना करता हूं कि परिवार को ये क्षति बर्दाश्त करने की हिम्मत मिले. दिवंगत आत्मा को मोक्ष प्राप्त हो. ओम शांति.
मणिपुर के मुख्यमंत्री नोंगथोमबन बिरेन सिंह ने उन्हें याद करते हुए लिखा,
सीनियर जर्नलिस्ट रोहित सरदाना की मृत्यु की खबर पाकर दुख हुआ. उनके परिवार के साथ मेरी प्रार्थनाएं हैं.
  एक्टर और पॉलिटिशियन राज बब्बर ने लिखा,
हैरान हूं कि प्रतिभाशाली पत्रकार रोहित सरदाना जी नहीं रहे. वह संवेदनशील थे और हमेशा पाया कि स्क्रीन पर उनकी उपस्थिति आश्वासित कर देने वाली थी. भगवान उनके परिवार को ये दुख सहने की शक्ति प्रदान करे.
वीरेंद्र सहवाग ने लिखा,
स्तब्ध हूं. भगवान उनके बच्चों और परिवार को शक्ति दे. ओम शांति.
  हिमा दास ने अपनी स्तब्धता प्रकट करते हुए लिखा,
रोहित सरदाना सर के बारे में चौंका देने वाली खबर आई है. उनकी आत्मा को शांति मिले.
जिंदल स्टील एंड पावर के चेयरमैन नवीन जिंदल ने अपना दुख ज़ाहिर करते हुए लिखा,
आघात देने वाली खबर! उनके परिवार के साथ मेरी संवेदनाएं हैं. उनकी आत्मा के लिए प्रार्थना करता हूं. ओम शांति.
रोहित सरदाना आज तक के शो ‘दंगल’ की एंकरिंग करते थे. ऑल इंडिया रेडियो से अपना करियर शुरू करने वाले रोहित की गिनती देश के सबसे ज्यादा पसंद किए जाने वाले और ऊर्जावान एंकर्स में होती थी. कुरुक्षेत्र से आने वाले रोहित के नाम बेस्ट एंकर के NT अवॉर्ड, ENBA अवॉर्ड हैं. 2018 में उन्हें गणेश शंकर विद्यार्थी पुरस्कार से नवाज़ा गया था. रोहित अपने पीछे पत्नी, दो बेटियों और माता-पिता को छोड़ गए हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement