The Lallantop

मंत्री अठावले ने थरूर को 'अंग्रेजी सिखाई', सोशल मीडिया पर मीम्स की बाढ़ आ गई

अंग्रेजी सिखाने पर रामदास अठावले को शशि थरूर ने क्या जवाब दिया? जानिए

Advertisement
post-main-image
बाएं से दाएं. Ramdas Athawale और Shashi Tharoor. (फोटो: ट्विटर)
कांग्रेस सांसद शशि थरूर और केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले. भारतीय राजनीति के दो दिग्गज और जाने-पहचाने चेहरे. अलग-अलग वजहों से चर्चा में बने रहते हैं. शशि थरूर जहां अपनी कठिन अंग्रेजी के लिए जाने जाते हैं, वहीं रामदास अठावले अपनी 'तुकबंदी' के लिए. इस समय दोनों की एक साथ चर्चा हो रही है. क्यों? उसके लिए शशि थरूर का ये ट्वीट देखिए. थरूर एक फोटो डालते हुए लिखते हैं,
"बजट डिबेट पर लगभग दो घंटे का रिप्लाई. मंत्री रामदास अठावले के चेहरे की आवाक और अविश्नसनीय प्रतिक्रिया सबकुछ कह रही है. ट्रेजरी बेंच के लोग भी वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के अर्थव्यवस्था और बजट को लेकर किए जा रहे दावों पर विश्वास नहीं कर पा रहे हैं."
थरूर के इस ट्वीट पर अठावले का जवाब आया. उन्होंने लिखा,
"डियर शशि थरूर जी, कहा जाता है कि जो लोग गैरजरूरी बयान देते हैं और दावे करते हैं, उनसे गलतियां होती ही होती हैं. ये Bydget नहीं है, बल्कि Budget है. इसी तरह, rely नहीं होगा, बल्कि Reply होगा. हम समझते हैं."
  रामदास अठावले ने अपने जवाब में शशि थरूर की तरफ से की गईं स्पेलिंग मिस्टेक्स पर ध्यान दिलाया. उन शशि थरूर की गलती पकड़ी, जिनकी अंग्रेजी का लोहा दुनिया मानती है. बस, फिर क्या. रामदास अठावले पर मजाकिया मीम्स बनने शुरू हो गए. लड्डू के भैया नाम के ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया गया,
"कानपुर से निकली गाड़ी, पहुंची नागपुर स्टेशन. शशि थरूर जी की इंग्लिश सुधारे, रामदास अठावले जी का ट्यूशन."
विवेक शुक्ला नाम के यूजर ने लिखा,
"थरूर को कर दिया राइट, जो लिखते थे इंग्लिश टाइट."
  इंडिया टुडे और आजतक के एडिटर कमलेश सुतार ने ट्वीट किया,
"तुम होगे इंग्लिश वाले शशि थरूर लेकिन हमको भी है अपनी कविता पर गुरूर अगली बार स्पेलिंग याद रखना जरूर तेरा तेरा तेरा सुरूर"
योगीनाथ आदित्य नाम के ट्विटर हैंडल से लिखा गया,
"लोगों को और कितने अच्छे दिन चाहिए. रामदास अठावले शशि थरूर को अंग्रेजी सिखा रहे हैं."
  क्रिशव नाम के यूजर ने लिखा,
"थरूर फेल इंटू ए न्यू लो. अठावले मेड हिम टू क्राय लाइक ए क्रो. थरूर लॉस्ट हिज युजुअल फ्लो.. कोरोनो गो... गो कोरोना गो."
अंकुर जे नाम के यूजर ने ट्वीट किया,
"ब्रह्मांड के महानतम कवि रामदास अठावले, शशि थरूर की स्पेलिंग ठीक कर रहे हैं. मैं खुशनसीब हूं कि इस ऐतिहासिक दिन को देखने कि लिए जिंदा हूं."
  जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मजाकिया लहजे में ट्वीट किया,
"गेम, सेट और मैच, रामदास अठावले के नाम."
राहिल नाम के यूजर ने लिखा,
"ये बिल्कुल वैसा ही है जैसे केएल राहुल महेंद्र सिंह धोनी को कप्तानी पर टिप्स दें."
  इधर रामदास अठावले ने खुद अपने अंदाज में भी प्रतिक्रिया दी है. पत्रकार अनीश सिंह की तरफ से ट्वीट किए गए वीडियो में अठावले ये कहते हुए सुने जा सकते हैं,
"जिनकी इंग्लिश मैंने ट्विटर पर देखी उनका नाम है शशि, उनका बया देखकर मुझे आती है हंसी."
रामदास अठावले और शशि थरूर के इस संवाद पर इसी तरह के रिएक्शंस से ट्विटर भरा पड़ा है. इस बीच अठावले के जवाब पर शशि थरूर की भी प्रतिक्रिया आई. उन्होंने एक ट्वीट में लिखा,
'खराब अंग्रेजी से भी बुरी चीज लापरवाही भरी टाइपिंग है. मैं अपनी गलती स्वीकार करता हूं. लेकिन आपके ट्यूशन से JNU में मौजूद कोई व्यक्ति फायदा ले सकता है.'
कांग्रेस सांसद शशि थरूर का इशारा जेएनयू की नई कुलपति की तरफ माना जा रहा है. आपको बतादें, जेएनयू की नई कुलपति प्रोफेसर शांतिश्री के बयान में बीजेपी सांसद वरुण गांधी ने व्याकरण की कई गलतियां निकाली थीं.

Advertisement
Advertisement