The Lallantop

अमेरिका ने भारत पर लगा टैरिफ घटाया, ट्रंप का ऐलान

अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने भारत पर रेसिप्रोकल टैरिफ घटा दिया है. पिछले साल जुलाई-अगस्त में ट्रंप ने 25 प्रतिशत का रेसिप्रोकल टैरिफ भारत पर लगाया था.

Advertisement
post-main-image
डॉनल्ड ट्रंप ने भारत पर टैरिफ घटाया (india today)

अमेरिका ने भारत पर लगाए रेसिप्रोकल टैरिफ को घटा दिया है. अमेरिका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ट्रूथ सोशल पर ये ऐलान किया है. इसमें उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ दोस्ती और उनके प्रति सम्मान के चलते और उनके अनुरोध पर हमने तत्काल प्रभाव से अमेरिका और भारत के बीच एक ट्रेड डील पर सहमति बनाई है. इसके तहत अमेरिका भारत पर लगने वाला रेसिप्रोकल टैरिफ 25% से घटाकर 18% करेगा.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

बता दें कि 2025 में अमेरिकी राष्ट्रपति ने भारत पर 25 प्रतिशत का रेसिप्रोकल टैरिफ लगाया था. 

सोमवार, 2 फरवरी को ट्रंप ने बताया कि उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बात हुई, जो उनके लिए सम्मान की बात थी. उन्होंने पीएम मोदी को अपने ‘सबसे अच्छे दोस्तों में से एक' बताया और कहा कि वह (मोदी) अपने देश के ताकतवर और सम्मानित नेता हैं.  ट्रंप ने कहा कि पीएम मोदी के साथ उनकी कई मुद्दों पर बात हुई. इसमें रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध को खत्म करने की बात भी शामिल थी.

Advertisement

ट्रंप ने दावा किया कि पीएम मोदी ने इस बात पर सहमति जताई है कि भारत रूस से तेल खरीदना बंद कर देगा और अमेरिका से ज्यादा तेल खरीदेगा. हो सकता है कि वह वेनेजुएला से भी तेल खरीदे. इससे यूक्रेन में चल रहे युद्ध को खत्म करने में मदद मिलेगी, जिसमें हर हफ्ते हजारों लोग मारे जा रहे हैं. ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से दोस्ती और उनके प्रति सम्मान’ का हवाला देते हुए ट्रंप ने आगे लिखा, 

उनके (पीएम मोदी के) कहने पर हमने तत्काल प्रभाव से अमेरिका और भारत के बीच एक ट्रेड डील मंजूर किया है. इसके तहत अमेरिका भारत पर लगने वाले रेसिप्रोकल टैरिफ को 25 फीसदी से घटाकर 18 फीसदी करेगा. वहीं भारत भी अमेरिका के खिलाफ अपने टैरिफ और नॉन टैरिफ बैरियर्स को घटाकर शून्य करने की दिशा में आगे बढ़ेगा.

ट्रंप ने ये भी दावा किया कि पीएम मोदी ने ‘BUY AMERICAN’ यानी अमेरिकी सामान पहले से कहीं ज्यादा खरीदे जाने का वादा भी किया है. इसके तहत भारत अमेरिका से 500 अरब डॉलर से ज्यादा की एनर्जी, तकनीक, कृषि प्रोडक्ट, कोयला और कई अन्य चीजें खरीदेगा.

Advertisement

अंत में ट्रंप नेकहा कि भारत के साथ हमारा रिश्ता और मजबूत होगा क्योंकि पीएम मोदी और वो खुद दोनों ऐसे लोग हैं जो काम करके दिखाते हैं.

s
ट्रंप ने सोशल मीडिया पर टैरिफ घटाने का ऐलान किया है (truth social)

बता दें कि इससे पहले भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने ‘Stay Tuned’ वाला पोस्ट सोशल मीडिया पर किया था. इसमें उन्होंने जानकारी दी थी कि राष्ट्रपति ट्रंप ने पीएम मोदी से फोन पर बात की है. सर्जियो ने तभी इशारा किया था कि ट्रंप कुछ बड़ा ऐलान करने वाले हैं. ट्रंप के टैरिफ घटाने के ऐलान के बाद  उन्होंने इस पर खुशी जताते हुए लिखा,  

जैसा कि मैं कई बार कह चुका हूं, राष्ट्रपति ट्रंप सच में प्रधानमंत्री मोदी को अपना बहुत अच्छा दोस्त मानते हैं. आज शाम ट्रेड डील की खबर से बेहद खुशी हुई है. अमेरिका और भारत के रिश्तों में असीम संभावनाएं हैं!

बता दें कि अमेरिका ने भारत पर 50 फीसदी का टैरिफ लगाया है. इसमें भारत के हाई टैरिफ के जवाब में ट्रंप ने जुलाई 2025 में 25 फीसदी रेसिप्रोकल टैरिफ लगाया था. बाद में रूस से तेल खरीदने की पेनाल्टी के तौर पर 25 फीसदी का अतिरिक्त टैरिफ भी लगा दिया. अभी जो कटौती की बात की जा रही है, वो रेसिप्रोकल टैरिफ को लेकर है. पेनाल्टी वाले टैरिफ के बारे में स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है. 

खबर अपडेट हो रही है… 

वीडियो: पटना में UGC नियम लागू करने पर छात्रों का प्रदर्शन, बैरिकेड तोड़े, पुलिस ने क्या किया?

Advertisement