The Lallantop

राजस्थान का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, आज शाम तय हो जाएगा!

आज, शाम 7 बजे मुख्यमंत्री आवास में विधायक दल की बैठक है.

Advertisement
post-main-image
अशोक गहलोत और सचिन पायलट. (फाइल फोटो: पीटीआई)

क्या राजस्थान को नया मुख्यमंत्री मिलने वाला है? राजस्थान में आज, 25 सितंबर की शाम मुख्यमंत्री आवास पर होने वाली बैठक की खबर सामने आने के बाद से ये सवाल लगातार चर्चा में है. सवाल ये भी है कि अगर गहलोत कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए चुनाव के लिए मुख्यमंत्री पद छोड़ते हैं तो ताज किसके सिर सजेगा?

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

दरअसल, कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव की गहमागहमी बढ़ गई है. पार्टी के सासंद शशि थरूर ने कांग्रेस मुख्यालय से नामांकन पत्र ले लिया है और वे ऐसा करने वाले पार्टी के पहले नेता हैं. वहीं राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी चुनाव लड़ने का ऐलान किया है. ऐसे में दोनों के बीच कांटे की टक्कर होनी है.

हालांकि, कांग्रेस अध्यक्ष से पहले राजस्थान के मुख्यमंत्री पद का फैसला किया जाना है. इस बीच सचिन पायलट को मुख्यमंत्री बनाने की मांग भी की जा रही है. 

Advertisement

इधर, गहलोत के करीबियों की मांग है कि उन्हें दोनों पद दिया जाए. लेकिन चूंकि कांग्रेस ‘एक व्यक्ति-एक पद' के सिद्धांत पर चल रही है, इसलिए गहलोत का दोनों पदों पर रह पाना संभव नहीं दिखाई दे रहा है. इसी संबंध में फैसला लेने के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आज 25 सितंबर को शाम सात बजे जयपुर में अपने आवास पर विधायक दल की बैठक बुलाई है.

कांग्रेस सूत्रों ने इंडिया टुडे को बताया कि राजस्थान विधायक दल संभवत: ये जिम्मेदारी कांग्रेस अध्यक्ष को सौंप सकता है कि वे विधायक दल का नया नेता चुनें. गहलोत अभी भी पायलट के विरोध में हैं और वे चाहते हैं कि विधायकों की बात मानी जाए.

बताया जा रहा है हालांकि, पायलट को गांधी परिवार का समर्थन मिला हुआ है. वहीं अशोक गहलोत ये जानते हैं कि उनके नामांकन दायर करने के बाद ही राजस्थान के मुख्यमंत्री का फैसला किया जाना चाहिए.

Advertisement

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने राजस्थान के महासचिव प्रभारी अजय माकन के साथ मल्लिकार्जुन खड़गे को पर्यवेक्षक (ऑब्जवर) नियुक्त किया है. कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने बताया कि वे (माकन और खड़गे) राजस्थान विधानसभा के कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) की बैठक में शामिल होंगे.

पार्टी सूत्रों के अनुसार वैसे तो मुख्यमंत्री पद के लिए सचिन पायलट प्रमुख दावेदार हैं, लेकिन विधानसभा स्पीकर सीपी जोशी का भी नाम सामने आ रहा है. जोशी राजस्थान कांग्रेस के अध्यक्ष भी रह चुके हैं और साल 2008 के चुनाव में वह मुख्यमंत्री की दौड़ में शामिल थे.

इस बीच जाट महासभा समेत कई संगठनों ने एक जाट नेता को मुख्यमंत्री बनाने की मांग उठानी शुरू कर दी है. जाट महासभा के अध्यक्ष राजा राम मीणा ने मांग की कि किसी जाट नेता को मुख्यमंत्री बनाया जाए.

इस बीच राज्य के आगामी मुख्यमंत्री के बारे में पूछे जाने पर स्वास्थ्य मंत्री परसादी लाल मीणा ने कहा, 

'मुख्यमंत्री का नाम पार्टी आलाकमान द्वारा तय किया जाता है. सोनिया गांधी जो भी फैसला लेंगी, उसे सभी मानेंगे.'

उन्होंने कहा, 'मैं राजनीति में शुरू से ही गहलोत जी के साथ था, मैं तीसरी बार मंत्री हूं. आलाकमान ने हमेशा (अशोक) गहलोत जी को बनाया है और इस बार भी आलाकमान जिसे चुनता है, मैं उसके साथ हूं.'

कांग्रेस अध्यक्ष के लिए नामांकन दायर करने की आखिरी तारीख 30 सितंबर है. चुनाव 17 अक्टूबर को होगा और नतीजों की घोषणा 19 अक्टूबर को होगा.

वीडियो: अमित शाह से झटका खाए उद्धव गुजरात में बदला लेंगे, राजदीप सरदेसाई ने क्या बताया नेतानगरी में?

Advertisement