The Lallantop

राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता बहाल, अब फिर दिखेंगे संसद के अंदर

मोदी सरनेम मामले में सज़ा के बाद, 24 मार्च को रद्द हुई थी राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता. फिलहाल सुप्रीम कोर्ट ने सज़ा पर लगाई रोक.

Advertisement
post-main-image
राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता बहाल हुई. (फोटो क्रेडिट - एएनआई/पीटीआई)

राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता बहाल कर दी गई है. लोकसभा सचिवालय ने 7 अगस्त को अधिसूचना जारी कर इसकी जानकारी दी है. न्यूज़ एजेंसी ANI के मुताबिक अधिसूचना में लिखा है, “भारत के सुप्रीम कोर्ट ने 4 अगस्त को दिए अपने फैसले में राहुल गांधी की सज़ा पर रोक लगाई है. वे केरल के वायनाड संसदीय क्षेत्र से सांसद हैं. सूरत कोर्ट ने उन्हें सज़ा सुनाई थी. 4 अगस्त 2023 के सुप्रीम कोर्ट के फैसले को देखते हुए, 24 मार्च को जारी किया गया राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द करने का आदेश खारिज किया जाता है.”

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

कांग्रेस ने लोकसभा अधिसूचना की तस्वीर पोस्ट की. पार्टी ने ट्वीट किया,

Advertisement

"नफरत के खिलाफ मोहब्बत की जीत"

कांग्रेस नेताओं ने इस मौके पर एक-दूसरे को मिठाई खिलाई. इसका एक वीडियो भी पार्टी ने शेयर किया. कांग्रेस ने लिखा, 

“राहुल गांधी की सदस्यता बहाल हो गई. ये सत्य की जीत है. भारत के लोगों की जीत है. खुशी का पल.”

Advertisement

संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने इस बारे में कहा,

"स्पीकर ने आज ये फैसला लिया. हमने कानूनी प्रक्रिया का पालन किया है. सुप्रीम कोर्ट का आदेश मिलते ही हमने इसे बहाल कर दिया है."

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता बहाल होने पर ट्वीट किया है. उन्होंने लिखा,

"राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता बहाल करने के फैसले का स्वागत है. इससे भारत के लोगों, खासकर वायनाड के लोगों को राहत मिली है. BJP और मोदी सरकार का जितना भी समय बचा है, उन्हें असल में राजनीति के काम करने पर ध्यान देना चाहिए. विपक्षी नेताओं को निशाना बनाकर लोकतंत्र को बदनाम नहीं करना चाहिए."

राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता 24 मार्च 2023 को रद्द कर दी गई थी. इससे पहले गुजरात के सूरत जिले में मेट्रोपोलिटन कोर्ट ने उन्हें 2 साल की सज़ा सुनाई थी. ये उन्हें मोदी सरनेम मामले में सुनाई गई थी. इस फैसले के खिलाफ राहुल गांधी ने गुजरात हाईकोर्ट में अपील की. जिसे हाईकोर्ट ने 7 जुलाई को खारिज कर दिया. इसके बाद 15 जुलाई को राहुल गांधी ने सुप्रीम कोर्ट में अपील की. 4 अगस्त को दिए अपने फैसले में सुप्रीम कोर्ट ने उनकी सज़ा पर रोक लगा दी है. इस फैसले के बाद उनकी लोकसभा सदस्यता बहाल होने का रास्ता साफ हो गया है. 
 

वीडियो: राहुल गांधी पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर BJP ने क्या कहा, प्रियंका, खरगे क्या बोले?

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स
Advertisement