The Lallantop

18+ वालों को वैक्सीन का ऐलान तो हो गया, लेकिन क्या इतनी वैक्सीन हैं भी?

इन मुख्यमंत्रियों की कही बातें चिंता बढ़ाने वाली हैं.

Advertisement
post-main-image
तमाम राज्यों में लोगों को वैक्सीन लगवाने के लिए स्लॉट मिलने में ही दिक्कत हो रही है. (फोटो- PTI)
ऐलान हो चुका है कि 1 मई से देश में 18 बरस से ऊपर के सभी लोगों को कोविड-19 की वैक्सीन लगाई जाएगी. रजिस्ट्रेशन कराने के लिए भी कह दिया गया है. रजिस्ट्रेशन कराइए, अपना स्लॉट बुक करिए और जाकर वैक्सीन की डोज़ लगवा लीजिए. लेकिन क्या ये सब इतना ही आसान है? लगता नहीं. क्योंकि देश में इतने टीके हैं ही नहीं कि जो सभी को लगाए जा सकें. ये बात कह रहे हैं अलग-अलग राज्यों के मुख्यमंत्री. 18 साल से ऊपर के सभी लोगों को टीकाकरण को लेकर कुछ मुख्यमंत्रियों से इंडिया टुडे ने बात की. एक-एक करके जानते हैं कि वो क्या बोले.
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल: “हम 18 साल से ऊपर के लोगों को फिलहाल 1 मई से वैक्सीन नहीं लगा सकते क्योंकि वैक्सीन उपलब्ध ही नहीं हैं.” पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह: “हमारे पास 4 लाख वैक्सीन ही बची हैं. अब जब तक केंद्र की तरफ से हमें और वैक्सीन उपलब्ध नहीं कराई जाती, तब तक 1 मई से सबको टीका कैसे लगा सकते हैं?” झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन: “दो वैक्सीन मैन्युफैक्चरर हैं. लेकिन दोनों की प्रोडक्शन कैपेसिटी को सरकार ने हाईजैक करके रखा है. हमें उनसे पर्याप्त मिल ही नहीं रहा है. जबकि हम तो पैसा देकर वैक्सीन लेने को भी तैयार हैं. केंद्र को वैक्सीन आवंटित करनी चाहिए.” राजस्थान के स्वास्थ्य मंत्री रघु शर्मा: “1 मई से 18 साल से ऊपर वालों को वैक्सीन लगाने की बात कह दी गई है. लेकिन हमने सीरम इंस्टीट्यूट से बात की थी तो उनका कहना था कि सरकार जितनी वैक्सीन चाहती है, उतनी तैयार करने में कम से कम 15 मई तो लगेगा. उनका साफ कहना था कि इससे पहले वो राजस्थान को इतनी वैक्सीन नहीं दे सकते.”
सरकार हाथ खड़े करती दिख रही है कि हमारे पास वैक्सीन है ही नहीं, तो सबको लगाएं कैसे. सवाल इसलिए भी उठ रहे हैं क्योंकि वैक्सीन की अनुपलब्धता की शिकायत करने वाले ये सभी राज्य कांग्रेस शासित हैं. ऐसे में ये भी डर है कि कहीं अब वैक्सीन की आड़ में राजनीति न शुरू हो जाए. करीब 160 करोड़ डोज़ चाहिए सरकार ने 19 अप्रैल को ऐलान किया था कि अब 18 साल से ऊपर के सभी लोगों को वैक्सीन लगेगी. इसके बाद से ही सवाल उठ रहे है कि इतनी डोज़ आएंगी कहां से. क्योंकि नए आदेश के बाद 80 से 90 करोड़ लोगों को वैक्सीन के 2 डोज़ देने के लिए कम से कम 160 करोड़ डोज़ तैयार करने होंगे. इतने बड़े स्तर पर फिलहाल प्रोडक्शन हो नहीं रहा है. इसी वजह से चिंताएं बढ़ रही हैं. उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य में तो वैक्सीन के लिए स्लॉट मिलने में ही दिक्कत हो रही हैं. कैसे होता है वैक्सीन रजिस्ट्रेशन कोरोना वैक्सीन लगवाने के लिए Co-WIN के पोर्टल (cowin.gov.in) पर रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं. www.cowin.gov.in बेवसाइट पर जाएं. यहां Find Your Nearest Vaccination Center पर क्लिक करें. अड्रेस या जगह का नाम डालने के बाद आपका नजदीकी सेंटर शो करने लगेगा. इसके अलावा IVRS यानी ऑटोमेटेड फोन कॉल या कॉल सेंटर भी रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं. IVRS के लिए 1507 नंबर पर कॉल करें. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया था कि ‘ऑन-साइट’ पंजीकरण कराने की सुविधा उपलब्ध होगी, ताकि योग्य लाभार्थी अपनी पसंद के टीकाकरण केंद्र पर जाकर अपना पंजीकरण कराएं और टीका लगवाएं. बताते चलें कि देश में अब तक करीब 11 करोड़ 85 लाख लोगों को वैक्सीन की पहली डोज़ लग चुकी है. वहीं करीब 2 करोड़ 23 लाख लोगो ऐसे हैं, जिनको दोनों डोज़ लग चुकी हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement