जम्मू-कश्मीर में जारी विधानसभा चुनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने का वादा किया है. श्रीनगर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कांग्रेस, नेशनल कॉन्फ्रेंस और पीपल्स डेमोक्रेटिक पार्टी पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि इन दलों ने सिर्फ ‘बंटवारा’ किया है. पीएम ने पिछले कुछ वर्षों में हुए बदलावों के बारे में भी बात की. उन्होंने कश्मीर में पिछले दशकों में लगने वाले कर्फ्यू का भी जिक्र किया.
PM मोदी ने एक बार फिर जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा देने का वादा किया
पीएम मोदी ने कहा कि पिछले 35 सालों में कश्मीर करीब 3000 दिन बंद रहा. यानी 35 साल में 8 साल बंद में ही गुजर गए. जबकि पिछले 5 साल में 8 घंटे भी कश्मीर बंद नहीं हुआ.


अनुच्छेद-370 हटाए जाने के बाद जम्मू-कश्मीर को केंद्रशासित प्रदेश बना दिया गया था. इसलिए लंबे समय से पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाए जाने की मांग उठ रही है. केंद्र सरकार कई बार वादा भी कर चुकी है. 19 सितंबर को पीएम मोदी ने श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम में एक चुनावी सभा को सभा को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने कहा,
“भाजपा शांतिपूर्ण और समृद्ध कश्मीर के पक्ष में है. हमने देश की संसद में कहा है कि जम्मू-कश्मीर को दोबारा राज्य का दर्जा दिलाएंगे. यह भाजपा ही है जो राज्य का दर्जा बहाल करने की इस प्रतिबद्धता को पूरा करेगी.”
जम्मू कश्मीर में 18 सितंबर को विधानसभा के पहले चरण का मतदान हुआ. चुनाव आयोग की माने तो 60 परसेंट से अधिक वोटिंग हुई. पीएम मोदी ने इसके लिए जम्मू-कश्मीर की जनता की तारीफ करते हुए कहा,
कश्मीर के शटडाउन पर पिछली सरकारों को कोसा“जम्मू-कश्मीर लोकतंत्र के पर्व का साक्षी बन रहा है. पहले चरण का मतदान आतंकवाद के साए में नहीं बल्कि शांतिपूर्वक संपन्न हुआ. मतदाताओं ने खासकर युवा, बुजुर्ग और महिलाओं ने खुलकर मतदान किए. पिछले मतदान की तुलना में नए रिकॉर्ड बने हैं. लोगों ने इतिहास का एक नया अध्याय लिखा है. यह दर्शाता है कि जम्मू-कश्मीर में लोगों की आकांक्षाएं नई ऊंचाइयों को छू रही हैं. दुनिया देख रही है कि जम्मू-कश्मीर के लोग किस तरह भारतीय लोकतंत्र को मजबूत कर रहे हैं. मैं इसके लिए लोगों को बधाई देता हूं.”
पीएम मोदी ने जम्मू-कश्मीर में लगने वाले कर्फ्यू का भी जिक्र किया. लेकिन उन्होंने इसके लिए पहले की सरकारों को जिम्मेदार ठहराया. उन्होंने कहा कि पिछले 35 साल में 8 साल बंद में गुजर गए, लेकिन बीते पांच साल में 8 घंटे के लिए भी बंद नहीं हुए. पीएम ने कहा,
“पिछले 35 सालों में कश्मीर करीब 3000 दिन बंद रहा. यानी 35 साल में 8 साल बंद में ही गुजर गए. जबकि पिछले 5 साल में 8 घंटे भी कश्मीर बंद नहीं हुआ. यह आपने किया है, यह आपका क्रेडिट है. अब आप मुझे बताइए कि क्या आप चाहते हैं कि पुराने दिन फिर लौटे? क्या आप चाहते हैं कि फिर से खून खराबा हो?”
यह भी पढ़ें:डॉक्टर बनने के लिए धर्म बदल दिया, पकड़े जाने पर आठ के एडमिशन रद्द, बाकी कॉलेज छोड़कर भाग गए
किसानों और बुजुर्गों के लिए लोकलुभावन वादेंपीएम मोदी ने कश्मीर में हुए बंद का जिक्र करने के बाद जनता के सामने कुछ वादे भी किए. प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी पार्टी किसानों, बुजुर्गों और गरीबों के लिए बहुत बड़े इरादे से चुनाव में उतरी है. पीएम ने कहा,
“यहां बीजेपी सरकार बनेगी तो किसानों के खाते में 6 हजार से बढ़ाकर 10 हजार रुपये हर साल जमा होंगे. यहां बनने वाली बीजेपी सरकार हर परिवार की सबसे बुजुर्ग महिला के खाते में हर साल 18 हजार रुपये जमा करेगी. आज जम्मू-कश्मीर के हर परिवार के पास 5 लाख तक मुफ्त इलाज की सुविधा है. यहां बीजेपी सरकार बनी तो 7 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज मिलेगा. घर की छत पर सोलर प्लांट लगाने के लिए केंद्र सरकार हर परिवार को 80 हजार रुपये दे रही है.”
इस बीच, पीएम मोदी ने कश्मीर के पहले भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी शफी पंडित के परिवार के सदस्यों के प्रति संवेदना व्यक्त की. शफी पंडित का 18 सितंबर को श्रीनगर में निधन हो गया था. बता दें, कश्मीर में 25 सितंबर को दूसरे चरण और 1 अक्टूबर को तीसरे चरण के लिए मतदान होना है. नतीजे 8 अक्टूबर को आएंगे.
वीडियो: हरियाणा में कांंग्रेस ने इस नौजवान पर दांव क्यों लगाया? वर्धन यादव से खास बातचीत






















