The Lallantop

पंजाब में पिटबुल ने 13 साल के लड़के का कान चबा लिया

पिटबुल ने चलते स्कूटर से बच्चे को पकड़कर खींचा, फिर कान पर किया हमला.

Advertisement
post-main-image
पिटबुल के हमले से घायल बच्चा गुरप्रीत सिंह (फोटो: आजतक)

पंजाब के गुरदासपुर में पिटबुल ने एक 13 साल लड़के के पर जानलेवा हमला कर दिया. पिटबुल ने लड़के का कान बुरी तरह नोच लिया. इस घटना में लड़का बुरी तरह घायल हो गया. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

आज तक से जुड़े बिशंबर बिट्टू की रिपोर्ट के मुताबिक घटना जिले के कोटली भाम सिंह इलाके की है. पीड़ित बच्चे गुरप्रीत सिंह की दादी ने बताया, 

"गुरप्रीत अपने पिता के साथ स्कूटर पर दूसरे गांव जा रहा था. रास्ते में एक व्यक्ति अपना पालतू पिटबुल कुत्ता सड़क पर घुमा रहा था. जैसे ही स्कूटर कुत्ते के बगल से गुजरा, पिटबुल ने उन्हें देखकर भौंकना शुरू कर दिया और अपने मालिक के हाथ से चेन छुड़ाकर स्कूटर की तरफ दौड़ा. कुत्ते ने गुरप्रीत की टांग को पकड़कर खींचा जिससे वो स्कूटर से नीचे गिर पड़ा. फिर कुत्ता उसके कान पर झपटा." 

Advertisement

गुरप्रीत की दादी ने बताया कि इतने में बच्चे के पिता ने एक डंडे से कुत्ते को भगाया लेकिन तब तक कुत्ते ने उनके पोते गुरप्रीत का कान बुरी तरह से नोच दिया था. हमला इतना घातक था कि अगर सही समय पर बच्चे के पिता ने उसे नहीं बचाया होता तो उसकी जान भी जा सकती थी.

वहीं घटना के बाद कुत्ते का मालिक उसे लेकर घर के अंदर चला गया. फिलहाल पीड़ित परिवार ने इस मामले में पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है. पिटबुल के हमले से घायल गुरप्रीत को बटाला के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उसका इलाज जारी है. 

हालांकि आपको बता दें कि पिटबुल के हमले का ये पहला मामला नहीं है. बीती 12 जुलाई को लखनऊ के कैसरबाग इलाके में एक पालतू पिटबुल कुत्ते ने अपनी ही 80 साल की मालकिन को बुरी तरह हमला किया था. इस हमले से बुजुर्ग महिला की मौत हो गई थी. बुजुर्ग महिला एक रिटायर्ड टीचर थीं और अपने घर में बेटे और कुत्ते के साथ रहती थी. मृतक महिला का बेटा लखनऊ में ही जिम ट्रेनर है. हमले के वक्त महिला घर पर अकेली थी, उसका बेटा जिम गया हुआ था. चीख-पुकार सुनकर पड़ोसियों ने कुत्ते को भागने की कोशिश की लेकिन कुत्ते ने महिला को नहीं छोड़ा, और उन्हें घसीट कर घर के अंदर ले गया. बाद में महिला के बेटे ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था. 

Advertisement

वीडियो: किन देशों में पिटबुल पालने पर बैन, भारत में क्या स्थिति?

Advertisement