कहावत है - ‘घर में नहीं दाने, चच्चा चले भुनाने’. बात झूठे दिखावे की कर रहे हैं, जो किया है पाकिस्तान (Pakistan) ने. आतंक का बीज ऐसा बोया कि हालात अब खराब है. संकट ऐसा कि एक बोरी अनाज के लिए मार-काट हो जाती है. भुखमरी से थोड़ा पहले वाली हालत. अब आपको बताते हैं कि हुआ क्या है?
पाकिस्तान ने राहत सामग्री तुर्की भेजी, खुलते ही भारी बेइज्जती हो गई, जानते हैं क्या निकला?
पाकिस्तान ने तुर्की के साथ 'सोहन पापड़ी' वाला खेल कर दिया!


6 फरवरी को तुर्की (Turkey) में भूकंप आया था. हजारों लोगों की मौत हो गई, और हजारों बेघर हो गए. इसके बाद दुनिया भर के कई देशों ने पीड़ितों की मदद के लिए राहत का सामान तुर्की भेजने की घोषणा की. ऐसे में पाकिस्तान भला कैसे पीछे रहता? वो पाकिस्तान जिसकी कई मौकों पर तुर्की ने जमकर मदद की. वैश्विक मंचों पर कई बार पाकिस्तान का समर्थन भी किया. पिछले साल पाकिस्तान में बाढ़ आई थी तो तुर्की ने वहां राहत सामग्री भेजी थी.
ऐसे में भूकंप के बाद अपने सहयोगी को ढांढस बंधाने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ तुर्की पहुंचे. 16 फरवरी को उन्होंने तुर्की के राष्ट्रपति रजब तैयब इरदुगान से मुलाकात की और मदद भेजने का ऐलान कर दिया.
दो दिन बाद पाकिस्तान ने राहत सामग्री तुर्की भिजवा दी. हवाई जहाज से पहुंची और फिर खोली गई. जब खुली तो पाकिस्तान की भारी बेइज्जती हो गई. टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान ने तुर्की को राहत सामग्री में वही सामान वापस भिजवा दिया, जो तुर्की ने उसे बाढ़ के समय भिजवाया था.
पाकिस्तानी पत्रकार शाहिद मसूद ने टीवी पर लाइव बातचीत के दौरान इस बात का खुलासा किया. उन्होंने कहा,
'तुर्की के लिए सिंध से जो भी सामान भिजवाया गया है, उनमें सिंध सरकार और पाकिस्तान सरकार के टैग लगे हुए हैं. उन्हे खोलने पर पता चला कि उसके अंदर वो ही सामान था जो तुर्की ने पाकिस्तान में आई बाढ़ के बाद भिजवाया था.'
इस बातचीत के दौरान उनके साथ एक महिला पाकिस्तान पत्रकार भी थीं. जब उन्हें ये बात पता चली तो वो स्तब्ध रह गईं. कुछ देर बाद उन्होंने बोला कि ये शर्मसार करने वाला कृत्य है. ज्यादा अच्छा होता अगर भिजवाते ही नहीं.
वीडियो: पाकिस्तान को ब्रिटिश सांसद बॉब ब्लैकमैन की चेतावनी, साफ कहा- पहले आतंकी हटाओ, फिर पैसे.





















