The Lallantop

पीएम मोदी के दिल में बसता है 'भाभी की चूड़ियां' का गाना

क्या आपने कभी सुना है ये गाना?

Advertisement
post-main-image
नरेंद्र मोदी ने आखिरी बार अनुपम खेर की फिल्म 'अ वेन्सडे' देखी थी, तब वो गुजरात के मुख्यमंत्री थे.
नरेंद्र मोदी और अक्षय कुमार के इंटरव्यू की चर्चा हर ओर हो रही है. सवा घंटे लंबे इस इंटरव्यू में यूं तो पीएम मोदी और अक्षय दोनों ने ही अपने जीवन से जुड़ी कई मजेदार बातें शेयर कीं. ये बातचीत कितनी पॉलिटिकल या सही-गलत थी, इसमें घुसे बिना हमने ये बातचीत बिलकुल आखिर तक सुनी और हमारे हाथ वाकई कुछ दिलचस्प किस्से लगे. ये शायद अपनी तरह का पहला इंटरव्यू होगा, जहां भारत के प्रधानमंत्री अपने पसंदीदा गानों के बारे में बात कर रहे हैं. पीएम मोदी अक्षय कुमार को बता रहे थे कि गुजरात से होने के बावजूद उनकी हिंदी इतनी अच्छी कैसे है. उन्होंने बताया कि उनके चाय बेचने के दिनों में वो अलग-अलग तरह के लोगों से मिलते रहते थे, जिसकी वजह से उनकी भाषा में सुधार आया. उन्होंने बताया कि उनके गांव में मालगाड़ी से कुछ लोग आते थे, जो उनके गांव में कुछ दिन बिताकर जाते थे. वो अपने मनोरंजन के लिए गाने-बजाने की चीज़ें साथ लेकर चलते थे. उस दौर में मोदी जी को कुछ गाने सुनने को मिले, जो उन्हें बहुत पसंद थे. जब अक्षय ने पूछा कि वो कौन से गाने थे, तब पीएम मोदी ने बताया कि वो ज़्यादातर दो गाने सुनते थे. पहला 'ज्योति कलश' और दूसरा 'ऐ पवन वेग से उड़ने वाले घोड़े'. 'ज्योति कलश छलके' 1961 में रिलीज़ हुई फिल्म 'भाभी की चूड़ियां' का गाना है. मीना कुमारी और बलराज साहनी स्टारर ये फिल्म एक फैमिली ड्रामा थी. फिल्म एक शादीशुदा जोड़े के बारे में है, जिन्हें बच्चा नहीं हो पा रहा था. इस फिल्म को सदाशिव जे. कवि ने डायरेक्ट किया था. जब से मोदी जी ने इस गाने का नाम अपने इंटरव्यू में लिया है, अचानक से उनके यूट्यूब व्यूज़ में उछाल आ गया है. कई लोग कमेंट सेक्शन में बता भी रहे हैं कि वो अक्षय-मोदी इंटरव्यू को देखने के बाद यहां पहुंचे हैं. सुधीर फड़के और लता मंगेशकर का गाया वो गाना आप नीचे सुन सकते हैं: दूसरा गीत जिसका ज़िक्र पीएम मोदी ने अपने पसंदीदा गानों की लिस्ट में किया है, उसका नाम है 'ऐ पवन वेग से उड़ने वाले घोड़े'. ये गाना है फिल्म 'जय चित्तौड़' से. संयोग से ये फिल्म भी 1961 में ही रिलीज़ हुई थी. निरुपा रॉय और जयराज स्टारर ये फिल्म एक पीरियड ड्रामा थी. इसे जसवंत झावेरी ने डायरेक्ट किया था. इस गाने को भी लता मंगेशकर ने ही अपनी आवाज़ दी थी. ये गाना आप नीचे दिए लिंक पर क्लिक कर सुन सकते हैं: इसी इंटरव्यू के दौरान नरेंद्र मोदी ने ये भी बताया कि उनकी आखिरी देखी हुई फिल्म अनुपम खेर की 'अ वेन्सडे' थी, जो उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए देखी थी. एक बार अमिताभ बच्चन के रिक्वेस्ट पर उन्होंने उनकी 'पा' फिल्म भी देखी थी. लेकिन जब से प्रधानमंत्री बने हैं, उन्हें सिनेमा वगैरह के लिए समय ही नहीं मिल पाता.

Advertisement
Advertisement