The Lallantop

मुकेश सहनी के पिता की हत्या क्यों हुई? बिहार पुलिस ने सब बताया

मुकेश सहनी के पिता की हत्या में शामिल मुख्य आरोपी को दरभंगा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पता चला हत्या पैसे के लेन-देन को लेकर हुए विवाद के कारण हुई थी.

Advertisement
post-main-image
मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी हत्याकांड में दरभंगा पुलिस ने नए खुलासे किए. (तस्वीर:इंडिया टुडे)

विकासशील इंसान पार्टी के अध्यक्ष मुकेश सहनी के पिता की हत्या (Mukesh Sahani father Murder case) के मामले में नए खुलासे सामने आए हैं. दरभंगा पुलिस ने घटना के मुख्य आरोपी काजिम अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है. काजिम ने अपना गुनाह कुबूल कर लिया है. बताया गया है कि हत्या पैसे के लेन-देन को लेकर हुए विवाद के कारण हुई थी.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
कर्ज चुकना हो गया था मुश्किल

बिहार पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक थ्रेड पोस्ट किया. इसके अनुसार,"दरभंगा जिला के घनश्यामपुर थानान्तर्गत उक्त घटना का मुख्य आरोपी काजिम अंसारी गिरफ्तार. पैसे के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में जीतन सहनी की हुई हत्या, मुख्य आरोपी ने उक्त घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली."

Advertisement

आजतक से जुड़े आदित्य वैभव की रिपोर्ट के अनुसार, काजिम अंसारी ने कर्ज में फंसने के बाद सहनी की हत्या कर दी. दरभंगा के एसएसपी जे रेड्डी ने बताया, "अंसारी ने साल 2022 में जीतन सहनी से एक लाख रुपये उधार लिए थे. इसके अगले साल उसने 50 हज़ार रुपये और उधार ले लिए. इसके एवज में उन्होंने संपत्ति के दस्तावेज रखवा लिए. उधार पर काजिम को चार पर्सेंट ब्याज देना पड़ता था."

यह भी पढ़ें: 'VIP' प्रमुख मुकेश सहनी के पिता ने अपने अंतिम इंटरव्यू में क्या कहा था?

जे रेड्डी ने आगे बताया, “इस दौरान कपड़ा व्यवसायी काजिम का व्यापार चौपट हो गया और वह बेरोजगार हो गया. उसके लिए उधार चुका पाना मुश्किल हो रहा था. कुछ दिन पहले इस मुद्दे पर दोनों के बीच झगड़ा भी हुआ था. इन सबसे तंग आकर उसने हत्या की साजिश रच दी."

Advertisement
घटनास्थल की रेकी की गई

पुलिस की मानें तो आरोपी ने इस घटना को अंजाम देने के लिए कुछ अन्य लोगों को भी शामिल किया. घटना स्थल की रेकी की गई थी जो पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. घटना की रात आरोपी अपने साथियों के साथ सहनी के घर पहुंचा. जिस बक्से में गिरवी वाले कागज रखे थे उसकी चाबी मांगी. जीतन सहनी ने इसका कड़ा विरोध किया. इस दौरान उन्होंने सहनी की बेरहमी से हत्या कर दी.

जीतन सहनी का घर बिहार के दरभंगा के सुपौल बाजार के पास अफजला पंचायत में है. सहनी इस घर में अकेले रहते थे. उनका शव क्षत-विक्षत हालत में मिला था. मुकेश सहनी बिहार की राजनीति में सक्रिय रहे हैं. बिहार में उनकी पहचान ‘सन ऑफ मल्लाह’ के तौर पर है. सहनी बिहार सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं. बीते लोकसभा चुनाव में भी वो चर्चा में रहे. चुनाव के पहले ही वो INDIA गठबंधन में शामिल हो गए थे. 

वीडियो: 'VIP' प्रमुख मुकेश सहनी के पिता ने अपने अंतिम इंटरव्यू में क्या कहा था?

Advertisement