मध्यप्रदेश टूरिज़्म अपने विज्ञापनों में एक पंक्ति बहुत इस्तेमाल करता है, "MP अजब है, सबसे गजब है." तो यहां से ऐसे अजब-गजब मामले भी सामने आते रहते हैं. ऐसा ही एक नया मामला यहां के दमोह जिले से आया है. यहां की सड़कों पर गुमशुदा की तलाश के अनाउंसमेंट हो रहे हैं. इसी से जुड़े पोस्टर भी दमोह की दीवारों पर लगे हैं. लेकिन गुम कोई व्यक्ति नहीं हुआ है, बल्कि एक तोता हुआ है.
तोता गुम हुआ तो शहर हिला दिया, पोस्टर लगे, अनाउंसमेंट हो रहा, हजारों का इनाम...
तोता गुम होने के बाद की कहानी पढ़ आप भी कहेंगे, 'MP अजब है, सबसे गजब है'


इंडिया टुडे से जुड़े शांतनु भारत की रिपोर्ट के मुताबिक, तोते की तलाश में दीवारों पर पोस्टर और सड़कों पर अनाउंसमेंट कराया जा रहा है. सिर्फ इतना ही नहीं हुआ है. तोते के मालिक ने एक बेहतरीन घोषणा भी की है. उन्होंने कहा है कि अगर कोई उनका तोता ढूंढकर लाता है तो वे उसे 10 हज़ार रुपये का इनाम देंगे.
2 साल से सोनी परिवार के साथ रहता था तोतारिपोर्ट के अनुसार, दमोह के सिटी कोतवाली के पीछे इंद्रा कॉलोनी है. इसी में सोनी परिवार रहता है. उन्होंने पिछले 2 सालों से एक तोते को पाला हुआ था. वो पूरे घर का चहेता था. तोता घर में बिलकुल एक परिवार के सदस्य की तरह रहता था. सोनी परिवार रोज़ शाम तोते को अपने पिंजरे से बाहर निकालता था. उसे सड़क पर घुमाने ले जाया जाता था. 2 अगस्त की शाम भी उसे बाहर घुमाने ले जाया गया. घर के मालिक उसे अपने कंधे पर बैठाकर बाहर ले गए. यहां अचानक सड़क पर कुत्ते भौंकने लगे. ये सुनकर तोता डर गया और अपने मालिक के कंधे से उड़ गया.
रिपोर्ट के मुताबिक, तोता कुछ देर तो पास के एक पेड़ की डाल पर बैठा रहा. फिर जो गायब हुआ तो किसी को नज़र नहीं आया. सोनी परिवार ने पूरी रात तोते की तलाश की. लेकिन उन्हें कुछ हाथ नहीं लगा. सोनी परिवार के सदस्य दीपक सोनी ने बताया,
"तोता हमारे परिवार के सदस्य की तरह था. हम उसकी तलाश में भटक रहे हैं. फिलहाल हमने उसके मिल जाने पर 10 हज़ार का ईनाम रखा है. अगर कोई उसे ढूंढने पर इससे ज़्यादा भी मांगता है तो हम देने के लिए तैयार हैं."
परेशान होकर सोनी परिवार ने तोता मिलने पर इनाम वाला पोस्टर लगाया. इन पोस्टर्स को शहर भर में लगाया गया. ऑटो रिक्शे में अनाउंसमेंट कराए जा रहे हैं. इसे सुनकर लोग अचरज में हैं. वहीं इस परिवार के पक्षी प्रेम की सराहना भी कर रहे हैं. आपका इस पर क्या सोचना है, हमें कमेंट करके बताएं.
वीडियो: दी लल्लनटॉप शो: पीएम मोदी की सबसे पसंदीदा योजना में बंगाल से लेकर मध्यप्रदेश तक 'घोटालों' का खेल कैसे हुआ?





















