The Lallantop

हिंदू लड़की से मिलने गए मुस्लिम लड़के को घरवालों और पड़ोसियों ने इतना पीटा कि मौत हो गई

बिहार के बक्सर जिले की घटना.

Advertisement
post-main-image
लड़की के घरवालों का कहना है कि उन्होंने रात के अंधेरे में युवक को चोर समझ लिया था. वहीं, लड़के के पिता ने साजिशन घर बुलाकर हत्या का आरोप लगाया है (सांकेतिक फोटो - इंडिया टुडे)
बिहार के बक्सर ज़िले में मॉब-लिंचिंग की घटना सामने आयी है. यहां सोनू अंसारी नाम के मुस्लिम युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गयी. वह एक हिंदू लड़की से मिलने गया था. आरोपियों का कहना है कि रात के अंधेरे में उन्होंने युवक को चोर समझ लिया था. हालांकि सोनू के परिजनों ने साजिशन घर बुलाकर हत्या का आरोप लगाया है. इंडिया टुडे के पुष्पेंद्र पांडे की रिपोर्ट के अनुसार, सोनू अंसारी बक्सर ज़िले के राजपुर थाना क्षेत्र के पलिया गांव का रहने वाला था. दावा है कि इसी गांव में एक हिंदू लड़की से प्यार करता था. रविवार, 13 दिसंबर को सोनू लड़की से मिलने उसके घर गया था. वहां लड़की के घरवालों ने उसे देख लिया, और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी. शोरगुल सुनकर आसपास के लोग भी इकट्ठा हो गए. रात के अंधेरे में लोगों ने उसे पीट-पीटकर अधमरा कर दिया. इसी बीच किसी ने पुलिस को उसके बारे में सूचना दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सोनू को छुड़ाया, और उसे इलाज के लिए राजपुर पीएचसी भेज दिया. वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी. पुलिस ने सोनू की लाश को पोस्टमॉर्टेम के लिए भेज दिया. दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.

पीटने की क्या वजह बता रहे

लड़की के घरवाले अलग-अलग बयान दे रहे हैं. कुछ सोनू को चोर समझकर पीटने की बात कह रहे हैं. वहीं, जिस लड़की से सोनू मिलने गया था, उसकी मां ने सोनू पर चोरी और बेटी से छेड़छाड़ के आरोप लगाए हैं. लड़की की मां ने कहा कि रात में उन्हें घर में कुछ आवाज़ सुनाई दी थी. जब जब बाहर गयी तो सोनू घर में शराब के नशे में धुत पड़ा था. इसके बाद उन्होंने लोगों को आवाज़ लगाकर बुलाया, जिन्होंने उसे पीटना शुरू कर दिया.

साजिश के तहत हत्या का आरोप

लड़की के घरवालों के उलट सोनू अंसारी के परिजनों ने आरोप लगाया है कि साजिश के तहत सोनू को घर बुलाकर उसकी हत्या की गयी है. सोनू की गला घोंटकर हत्या करने के भी आरोप लग रहे हैं. इस मामले में बक्सर डीएसपी गोरखराम ने बताया,
"गांव के राधेश्याम प्रजापति के घर सोनू अंसारी आया जाया करता था, तभी परिजनों ने उसे बन्दी बनाकर उसके साथ मारपीट की. शोर सुनकर आसपास के लोग भी इकट्ठे हो गए. उन्होंने भी सोनू के साथ मारपीट की. इसमें युवक की मौत हो गई. दो नामजद और 20 अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. दूसरे पक्ष से भी 4 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है."

तीन साल से अलग रहता था

स्थानीय ख़बरों के अनुसार, सोनू अंसारी तीन सालों से अपने परिवार से अलग रहता था. सोनू के पिता गुल मुहम्मद ने मीडिया को बताया कि वो गलत लोगों के साथ रहकर शराब का कारोबार करने लगा था. इसी के वजह से पूरा परिवार उससे परेशान था. एक दिन तंग आकर सोनू घर से निकल गया, बराबर में ही एक रिश्तेदार के यहां रहने लगा. सोनू के पिता गुल मोहम्मद ने बताया कि घटना के बाद वह सोये हुए थे, सुबह-सुबह चौकीदार ने उन्हें सोनू की मौत की खबर दी. उन्होंने पुलिस पर भी बयान को तोड़ मरोड़ कर एफआईआर दर्ज करने के आरोप लगाए हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement