The Lallantop

दिल्ली में एक और श्रद्धा जैसा केस, 10 टुकड़े करके फ्रिज में रखा, अलग-अलग जगह ठिकाने लगाया!

मां-बेटे ने मिलकर बाप का खून कर दिया!

Advertisement
post-main-image
पत्नी-बेटे ने मिलकर की शख्स की 'हत्या', सीसीटीवी से लगा सुराग (फोटो-आजतक)

दिल्ली के पांडव नगर इलाके से श्रद्धा मर्डर केस जैसा ही मामला सामने आ रहा है. ठीक उसी तरह लाश के टुकड़े कर फ्रिज में रखे गए और धीरे-धीरे ईस्ट दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में ठिकाने लगा दिए गए. आरोप है कि शख्स की हत्या के पीछे उसकी पत्नी और बेटे का हाथ है (Man allegedly murdered by wife and son Delhi). दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही फ्रिज भी बरामद कर लिया गया है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

आजतक से जुड़े अरविंद ओझा की रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ समय पहले दिल्ली क्राइम ब्रांच को पूर्वी इलाके के पांडव नगर से इंसानी शरीर के टुकड़े मिले थे. मामले की जांच करते हुए पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले. फुटेज में एक महिला और युवक संदिग्ध अवस्था में मैदान के पास दिखाई दिए. पुलिस ने आगे की छानबीन कर दोनों को हिरासत में लिया. फिर पूछताछ की.

अवैध संबंध के चलते की हत्या

रिपोर्ट के मुताबिक, मृतक का नाम अंजन दास बताया जा रहा है. हत्या का आरोप उसकी पत्नी पूनम और बेटे दीपक पर है. पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि अंजन दास के कई महिलाओं के साथ अवैध संबंध थे जिसके चलते घर में झगड़ा होता रहता था. इसी बीच एक दिन पत्नी और बेटे ने मिलकर अंजन दास को जान से मारने का प्लान बनाया.

Advertisement
बेटे की मदद से ठिकाने लगाई लाश

पुलिस के मुताबिक, महिला ने अपने पति को नशे की गोलियां खिलाईं और फिर बेटे दीपक की मदद से उसकी हत्या कर दी. हत्या के बाद आरोपियों ने कथित तौर पर लाश के टुकड़े कर फ्रिज में छिपाकर रखे और मौका पाकर अक्षरधाम समेत पांडव नगर इलाके में धीरे-धीरे एक-एककर टुकड़ों को फेंकते रहे.

रिपोर्ट के मुताबिक, मामले में महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार करने के अलावा फ्रिज भी बरामद कर लिया गया है.

श्रद्धा के साथ भी ऐसा ही हुआ था

इसी तरह दिल्ली में श्रद्धा वाल्कर की हत्या भी की गई थी. आरोप है कि आफताब ने 18 मई को श्रद्धा की गला दबाकर हत्या कर दी थी. आफताब के मुताबिक, श्रद्धा और उसके बीच विवाद हुआ, जिसके बाद उसने श्रद्धा की हत्या कर दी. आफताब ने कथित तौर पर श्रद्धा की लाश के 35 टुकड़े किए और उन टुकड़ों को फ्रिज में रखा था. वो रात में अलग-अलग इलाकों में टुकड़ों को फेंक आता था.

Advertisement

देखें वीडियो- श्रद्धा मर्डर केस के आरोपी आफताब के घर आई लड़की से पुलिस ने पूछताछ की

Advertisement