हनुमान जयंती के मौके पर पिछले महीने राजधानी दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में हिंसा हुई थी. शनिवार, 7 मई को क्राइम ब्रांच ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया. जिनमें से एक को पुलिस ने इस हिंसा का मास्टरमाइंड बताया है. अब इस केस में नया ट्विस्ट एक पुराने वीडियो से आया है. दरअसल, पुलिस ने जिसे हमले का मास्टरमाइंड बताया है वो हिंसा के बाद कई बार पुलिस के साथ दिख चुका है. यही नहीं, ये शख्स हिंदू-मुस्लिम एकता के लिए जहांगीरपुरी में निकाली गई तिरंगा यात्रा में भी सबसे आगे दिखा था.
जहांगीरपुरी: हिंसा के बाद पुलिस के साथ ही घूमता रहा, क्राइम ब्रांच ने बताया मास्टरमाइंड
आजतक ने एक वीडियो के आधार पर बताया कि जहांगीरपुरी हिंसा के बाद जब डीसीपी उषा रंगरानी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रही थीं, तब तबरेज ठीक उनकी बगल वाली कुर्सी पर बैठा था.


वीडियो से हुआ खुलासा
क्राइम ब्रांच ने जिसे मास्टरमाइंड बताया, उसका नाम तबरेज है. बाकी दो लोगों की पहचान अनाबुल और जलील के रूप में हुई है. आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक, तबरेज नगर निगम (MCD) चुनाव की तैयारियों में जुटा था. रिपोर्ट में कुछ वीडियो और फोटो के आधार पर कहा गया कि तबरेज हिंसा के बाद से ही पुलिस के साथ घूम रहा था. इलाके में शांति स्थापित करने का संदेश दे रहा था. वहीं, पुलिस सूत्रों की माने तो जहांगीरपुरी हिंसा के दौरान हुई पत्थरबाजी में तबरेज का काफी एक्टिव रोल था.
आजतक ने एक वीडियो के आधार पर बताया कि जहांगीरपुरी हिंसा के बाद जब डीसीपी उषा रंगरानी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रही थीं, तब तबरेज ठीक उनकी बगल वाली कुर्सी पर बैठा था. वो माइक पर ये भी दावा कर रहा था कि इलाके में सबकुछ ठीक है और पुलिस यहां से फोर्स हटा सकती है.

एक दूसरा वीडियो तब का है, जब हिंसा के आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर थाने ले गई थी. इस दौरान आरोपियों के परिजन थाने के बाहर इकट्ठा हो गए थे और दोनों समुदाय के लोग नारेबाजी कर रहे थे. इसमें भी तबरेज दिखाई देता है, लेकिन एक समुदाय के परिवारवालों को कथित तौर पर उकसाते हुए.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, तबरेज जहांगीरपुरी में अमन कमेटी की हर मीटिंग में आगे बढ़कर हिस्सा लेता था. संभवत: खुद को पुलिस की रडार से बचाने के लिए उसने ये सब कोशिशें की. हालांकि, पुलिस ने वीडियो फुटेज और टेक्निकल सर्विलांस के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया. आपको बता दें कि जहांगीरपुरी हिंसा मामले में क्राइम ब्रांच अब तक 36 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है. इनमें से 33 आरोपी बालिग हैं और 3 नाबालिग.
वीडियो-





















