इरफान खान ने 2018 में अपनी फिल्म 'ब्लैकमेल' के रिलीज़ होने से ठीक पहले बताया कि वो गंभीर रूप से बीमार हैं. उन्हें न्यूरोइंडोक्राइन ट्यूमर नाम की एक रेयर बीमारी थी. एक साल तक लंदन में इलाज कराने के बाद वो फरवरी 2019 में इंडिया लौटे थे. लौटते ही इरफान काम में जुट गए थे. फिल्म थी 2017 में आई 'हिंदी मीडियम' का सीक्वल 'अंग्रेज़ी मीडियम'. उसका काम-वाम निपट चुका था. बस फिल्म के ट्रेलर का इंतज़ार हो रहा था. लेकिन ट्रेलर से ठीक पहले इरफान का वीडियो आया था. इसमें वो मज़ेदार तरीके से काफी इमोशनल बातें कर रहे थे.
जब अपनी आखिरी फिल्म के पहले इरफ़ान ने दुनिया से कहा था, 'मेरा इंतज़ार करना'
इरफ़ान ने कुछ समय पहले एक वीडियो शेयर किया था. आज वो आंखें नम कर देता है.


फिल्म 'अंग्रेज़ी मीडियम' के एक सीन में करीना कपूर और दीपक डोबरियाल के साथ इरफान.
ये वीडियो 'अंग्रेज़ी मीडियम' के प्रोड्यूसर मैडॉक फिल्म्स के यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया गया था. इसमें इरफान बता रहे थे कि उनके लिए ये फिल्म बहुत खास थी. क्योंकि इसमें उन्होंने जीवन के सबसे कठिन दौर में काम किया. वो इसे उतने ही प्यार से प्रमोट भी करना चाहते थे. लेकिन अभी वो पूरी तरह ठीक नहीं हुए थे. उनके शरीर में कुछ 'अनवॉन्टेड गेस्ट्स' यानी बिन बुलाए मेहमान अब भी थे. उनसे निपटने पर काम चल रहा था. इसलिए वो इस फिल्म के प्रमोशन से भी दूर थे. ज़िंदगी जब आपको नीबू दे, तो उसकी शिकंजी बना लेनी चाहिए, इस कहावत को उन्होंने खुद के साथ जोड़ दिया था. कहते- जब आपको ज़िंदगी नीबू दे देती है, तो उसकी शिकंजी बनाना इतना भी आसान नहीं होता. हालांकि वो पूरी पॉज़िटिविटी के साथ अपनी जंग जारी रखे हुए थे. जाते-जाते कह गए कि मेरा इंतज़ार करिएगा. ये सब उस भाव से कहा जा रहा था, जैसे कहने वाले के भीतर कुछ बदल गया हो. एक समझदारीभरा खिलंदड़पन था. साथ में पॉज़िटिविटी से एक भरा मैसेज, जिसे बार-बार सुनने का मन करता है. ये सब आप इस वीडियो में देख सकते हैं:
'अंग्रेज़ी मीडियम' के एक पोस्टर में इरफान ब्रिटेन की महारानी के गार्ड की वेषभूशा में दिखाई दे रहे थे. और उनकी बेटी का रोल कर रहीं राधिका मदान स्कूल जाने वाली बच्ची के लुक में उनसे प्यार जताती नज़र आ रही थीं. फिल्म में इरफान और राधिका के अलावा करीना कपूर खान, डिंपल कपाडिया, पंकज त्रिपाठी, दीपक डोबरियाल और रणवीर शौरी जैसे एक्टर्स ने भी काम किया था. इस फिल्म को डायरेक्ट किया था होमी अदजानिया ने. होमी इससे पहले 'कॉकटेल' और 'फाइंडिंग' फैनी समेत तीन फिल्में डायरेक्ट कर चुके हैं. फिल्म की रिलीज़ डेट थी 20 मार्च, 2020. लॉकडाउन शुरू के बाद इसे डिजनी-हॉटस्टार पर 6 अप्रैल को रिलीज किया गया.
वीडियो देखें: क्या है न्यूरोएंडोक्राइन ट्यूमर वो बीमारी जो इरफान खान को हुई है?











