The Lallantop

T20 मैच में 14वें नंबर की टीम ने वेस्टइंडीज़ को घर में घुसकर पटक दिया

मैच में बने 412 रन, फिर भी वेस्टइंडीज़ 4 रन से हार गया.

Advertisement
post-main-image
आयरलैंड के पॉल स्टर्लिंग ने 95 रन बनाए। मैच ऑफ द मैच बने। (फोटो- आयरलैंड क्रिकेट)
वेस्टइंडीज की टीम टेस्ट मैचों में 19 साबित होती है. लेकिन वनडे और टी20 में धमाके करने के लिए टीम के पास हर जरूरी मसाला है. हार्ड हिटिंग के लिए टीम का बड़ा नाम है. फिर टी20 की तो चैंपियन भी है. 2016 में भारत में ही टूर्नामेंट जीता था. टीम इंडिया को सेमीफाइनल में हराकर बाहर भी किया था. ये भूमिका बांधने वाली बात थी. अब बात 15 जनवरी की. छोटे फॉर्मेट की इस बड़ी टीम के सामने थी टी20 की 14वें पायदान की टीम आयरलैंड. मैच वेस्टइंडीज में ही हो रहा था. लग तो रहा था कि विंडीज खेल जाएगी. जमकर खेल हुआ भी. टी20 मैच के 40 ओवर में कुल 412 रन बने, लेकिन बीस साबित हुई आयरलैंड. चार रन से मैच निकाल लिया. विंडीज को उसके घर में हरा दिया. मैच सेंट जॉर्ज में हो रहा था. टॉस जीता आयरलैंड के कप्तान एंडी बालबिर्नी ने. बल्लेबाजी चुन ली. इरादा था कि बड़ा स्कोर बनाएंगे, विंडीज को दबाव में लाएंगे. यही हुआ भी. आयरलैंड का पहला विकेट गिरा 12 ओवर, तीन गेंद के बाद. स्कोर था 154 रन. स्टार रहे पॉल स्टर्लिंग. 73 टी20 खेल चुके पॉल ने 47 बॉल पर 95 रन बनाए. 6 चौके मारे, 8 छक्के. केविन ओ ब्रायन ने ओपनर साथी का साथ दिया और 32 गेंद पर 48 रन बनाए. ओपनर्स का जल्दी-जल्दी आउट होना आयरलैंड को खल गया लेकिन दोनों ओपनर पांच बॉल के अंतर में ही आउट हो गए और यहां से आयरलैंड उतने रन नहीं बना पाई, जितने बन सकते थे. ओपनर्स के आउट होने के बाद आयरलैंड 28 बॉल पर 52 रन ही बना सकी. स्कोर हुआ सात विकेट पर 208 रन। अब टी20 में 200+ रन के टारगेट का दबाव तो होता है, लेकिन विंडीज कम थोड़ी थी. सबने हाथ खोले. सिमंस ने 14 गेंद पर 22 रन बनाकर तेज शुरुआत दी. एविन लुइस ने 29 गेंद पर 53 रन बनाए. कैप्टेन कीरोन पोलार्ड ने 15 बॉल पर 31 रन ठोके. रदरफोर्ड ने 13 गेंद पर 26 रन बनाए. लेकिन यहां विंडीज को खल गई एक फिनिशर की कमी. टीम सात विकेट खोकर 204 रन ही बना सकी. आयरलैंड ने आखिरी ओवरों में कमाल का कॉन्फिडेंस दिखाया. खासकर उनके गेंदबाज जोश लिटिल ने. आखिरी ओवर में विंडीज को 13 रन चाहिए थे. लिटिल ने पहली ही बॉल पर रदरफोर्ड को आउट कर दिया. अगली गेंद पर डेरेन ब्रावो ने आते ही छक्का जड़ दिया. तीसरी गेंद पर 2 रन. चौथी डॉट और पांचवीं पर लिटिल ने ब्रावो को भी आउट कर दिया. आखिरी गेंद पर विंडीज को पांच रन चाहिए थे, लिटिल ने डॉट बॉल डाली. आयरलैंड को कमाल की जीत मिली. स्टर्लिंग ने जबरदस्त इनिंग खेली थी तो मैन ऑफ द मैच भी बन गए. दूसरा मैच 19 तारीख को होगा.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement