The Lallantop

ईरान ने चुन लिया नया सुप्रीम लीडर, इजरायल की धमकी- 'उसे भी मार देंगे'

ईरान के सुप्रीम लीडर के चुनाव के लिए जिम्मेदार धार्मिक निकाय ने अयातुल्ला अली खामेनेई के उत्तराधिकारी पर फैसला रविवार, 8 मार्च को कर लिया है.

Advertisement
post-main-image
ईरान के नए सुप्रीम लीडर का चुनाव हो गया है. (india today)

अमेरिका और इजरायल के हमले में अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के हफ्ते भर बाद ईरान का नया सुप्रीम लीडर चुन लिया गया है. ईरान के जिस धार्मिक निकाय ने खामेनेई के उत्तराधिकार का चुनाव किया है, उसने बताया कि नए सुप्रीम लीडर के नाम का ऐलान बाद में किया जाएगा. ईरानी मीडिया में चल रही इन खबरों के बीच ईजरायल ने भी धमकी दी है कि वो नए सुप्रीम लीडर और उसे चुनने वाले लोगों को भी टारगेट करेगा. 1 मार्च को ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामेनेई की अमेरिका और इजरायल के हमले में मौत हो गई थी.    

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

टाइम्स ऑफ इंडिया ने ईरान की मेहर समाचार एजेंसी के हवाले से बताया कि ईरान के सुप्रीम लीडर के चुनाव के लिए जिम्मेदार धार्मिक निकाय ने अयातुल्ला अली खामेनेई के उत्तराधिकारी पर फैसला रविवार, 8 मार्च को कर लिया है. हालांकि, उनके नाम की घोषणा अभी नहीं की जाएगी. संस्था से जुड़े एक सदस्य अहमद आलमोलहोदा ने कहा कि सुप्रीम लीडर की नियुक्ति के लिए वोटिंग हो गई है और लीडर का चुनाव भी हो गया है. बाद में किसी दिन सभा का सचिवालय नए सुप्रीम लीडर के नाम का खुलासा करेगा. 

ईरान के संविधान के अनुसार, 88 सदस्यों वाली Assembly of Experts सुप्रीम लीडर के चयन के लिए जिम्मेदार है. यह निकाय शिया धर्मगुरुओं से बना है, जिन्हें हर 8 साल में जनता चुनती है. हालांकि सुप्रीम लीडर के उम्मीदवारों को सबसे पहले ईरान की संवैधानिक निगरानी बॉडी 'गार्जियन काउंसिल' से अप्रूवल लेना होता है. ईरानी कानून के अनुसार, सुप्रीम लीडर की मौत के बाद Assembly of Experts को जल्द से जल्द नए लीडर की नियुक्ति करनी होती है.अगर चुनाव में समय लगता है तो वरिष्ठ अधिकारियों से बनी एक अस्थायी नेतृत्व परिषद सुप्रीम लीडर के कामकाज देखती है.

Advertisement

बता दें कि कुछ समय पहले खामेनेई के बेटे मोजतबा खामेनेई को सुप्रीम लीडर चुने जाने की खबर सामने आई थी. तब कहा गया था कि ईरान उनके नाम का ऐलान इसलिए नहीं करेगा क्योंकि हो सकता है इजरायल और अमेरिका उसे निशाना बनाएं.

उनकी ये आशंका सच ही साबित हुई क्योंकि रविवार, 8 मार्च को इजरायल ने धमकी दी है कि अगर ईरान ने नया सुप्रीम लीडर बनाया तो वह उसे भी निशाना बनाएगा. सीएनएन के मुताबिक, इजरायल की फोर्स ने कहा, 

तानाशाह खामेनेई के खात्मे के बाद ईरानी आतंकवादी शासन फिर से संगठित होने और एक नए सुप्रीम लीडर के चुनाव का प्रयास कर रहा है. मैं इस बात पर जोर देना चाहता हूं कि इजरायल की लंबी रीच (Reach) खामेनेई के उत्तराधिकारी और उसे नियुक्त करने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति का पीछा करना जारी रखेगी. 

Advertisement

बता दें कि अयातुल्ला अली खामेनेई 1989 से ईरान के सुप्रीम लीडर के रूप में काम कर रहे थे. 28 फरवरी को ईरान पर अमेरिकी और इजरायली हमलों के दौरान उनकी मौत हो गई. ईरान ने इसकी पुष्टि 1 मार्च को की. इसके बाद से मध्य-पूर्व में लगातार जंग जारी है.

वीडियो: लेबनान में घुसी इजरायली सेना, हिजबुल्लाह ने भी मिसाइल दाग दी

Advertisement