राजस्थान के उदयपुर में हुई हत्या की एक घटना ने बड़ा बवाल खड़ा कर दिया है. यहां कथित रूप से निलंबित बीजेपी नेता नूपुर शर्मा का समर्थन करने पर एक शख्स की दो लोगों ने बेरहमी से हत्या कर दी. मृतक का नाम कन्हैयालाल बताया गया है. उन्हें मारने वाले दोनों लोगों ने अपना वीडियो भी जारी किया है. यही नहीं, उन्होंने वारदात का वीडियो भी वायरल किया है.
उदयपुर: नूपुर शर्मा का समर्थन करने पर शख्स की बेरहमी से हत्या, सड़कों पर उतरे लोग
इस हत्या से उदयपुर में हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए हैं. सीएम अशोक गहलोत ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है.

इंडिया टुडे/आजतक की खबर के मुताबिक आरोपियों ने कन्हैयालाल की हत्या इसलिए की क्योंकि उनके सोशल मीडिया अकाउंट से नूपुर शर्मा के समर्थन में एक पोस्ट लिखी गई थी. हालांकि प्राप्त जानकारी के मुताबिक ये पोस्ट कन्हैयालाल के 8 साल के बेटे ने कुछ दिनों पहले उनके फोन से लिखी थी.
वीडियो में क्या है?कन्हैयालाल उदयपुर में दर्जी की दुकान चलाते थे. सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में दिख रहा है कि आरोपी कपड़े सिलवाने के बहाने कन्हैयालाल की दुकान में आते हैं. मृतक एक आरोपी का नाप ले ही रहा होता है कि वो अचानक धारदार हथियार से कन्हैया पर वार कर देता है. इस हमले से कन्हैया की मौके पर ही मौत हो जाती है.
वहीं दूसरे वीडियो में हत्यारों ने खुद अपना धमकी भरा बयान जारी किया है. इसमें एक शख्स अपना नाम मोहम्मद रियाज़ अख्तारी बता रहा है और अपने साथी का नाम मोहम्मद गोस बता रहा है. रियाज़ कह रहा है कि उसने कन्हैया का ‘सिर कलम कर दिया है’. इसके बाद वो धारदार हथियार दिखाता है जिससे वो पीड़ित की हत्या करने का दावा कर रहा है.
इसके बाद रियाज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिना नाम लिए नूपुर शर्मा को भी जान से मारने की धमकी देता है. वो नूपुर शर्मा के लिए आपत्तिजनक शब्द का भी इस्तेमाल करता है.
इस घटना के बाद उदयपुर में तनाव की स्थिति पैदा हो गई है. हालात की गंभीरता को देखते हुए इलाके में इंटरनेट सेवा भी बंद कर दी गई है. वहीं सीएम अशोक गहलोत ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है. उन्होंने लिखा है,
'उदयपुर में युवक की जघन्य हत्या की भर्त्सना करता हूं. इस घटना में शामिल सभी अपराधियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी एवं पुलिस अपराध की पूरी तह तक जाएगी. मैं सभी पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील करता हूं. ऐसे जघन्य अपराध में लिप्त हर व्यक्ति को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी... मैं सभी से अपील करता हूं कि इस घटना का वीडियो शेयर कर माहौल खराब करने का प्रयास ना करें. वीडियो शेयर करने से अपराधी का समाज में घृणा फैलाने का उद्देश्य सफल होगा.'
वहीं मीडिया से बातचीत में गहलोत ने कहा,
ये बहुत चिंता वाली बात है. इस तरह से किसी का मर्डर दुखद भी है और शर्मनाक भी है. मैंने पीएम मोदी से कई बार देश को संबोधित करने के लिए कहा ताकि देश का जो माहौल बिगड़ा है उसे सही किया जा सके.
आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक रियाज भीलवाड़ा के आसींद इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है. उसने 17 जून को ही वीडियो बनाकर दावा किया था कि वो हत्या की वारदात को अंजाम देकर उसका वीडियो साझा करेगा. अब पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है.
इस बीच उदयपुर की सड़कों पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए हैं. हालात को काबू करती पुलिस के फुटेज भी सामने आए हैं. जिला कलेक्टर तारांचद मीणा और एसपी मनोज कुमार ने लोगों से अपील की है कि वे शांति बनाए रखें. स्थिति और ज्यादा ना बिगड़े, इसीलिए प्रशासन ने इलाके में इंटरनेट बंद कर दिया है. फिलहाल ये पाबंदी 24 घंटों के लिए है.













