The Lallantop

एंटनी ब्लिंकन से लेकर हामिद करजई तक, मनमोहन की याद में क्या बोले वर्ल्ड लीडर्स?

सिर्फ भारत ही नहीं दूसरे देशों के नेताओं (Global Leaders) ने भी पूर्व पीएम Manmohan Singh को श्रद्धांजलि अर्पित की है.

Advertisement
post-main-image
मनमोहन सिंह का 92 वर्ष की उम्र में निधन हो गया (फोटो- आजतक)

भारत के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर भारत की तमाम हस्तियों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है. भारत में 7 दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया है. पर न सिर्फ भारत बल्कि विदेश के नेताओं ने भी पूर्व पीएम को श्रद्धांजलि अर्पित की है. कनाडा के पूर्व पीएम से लेकर रूसी राजदूत, सबने उन्हें याद किया है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

भारत में रूस के राजदूत डेनिस एलिपोव ने एक्स कर पूर्व पीएम मनमोहन सिंह को याद किया है. उन्होंने लिखा

“भारत और रूस के लिए ये दुख और शोक की घड़ी है. दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंध में डॉ मनमोहन सिंह का अतुलनीय योगदान था. उनका सौम्य व्यवहार हमेशा से सबका प्रिय था.एक अर्थशास्त्री के रूप में उनकी काबिलियत और भारत की प्रगति के लिए उनकी प्रतिभबद्धता निश्चित रूप से निर्विवाद थी.”

Advertisement

कनाडा के पूर्व प्रधानमंत्री स्टीफन हार्पर ने अपने भारतीय समकक्ष के रूप में मनमोहन सिंह को याद किया है. उन्होंने एक्स पर लिखा

“अपने पूर्व सहयोगी और भारत के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन की खबर सुनकर दुखी हूं. मनमोहन सिंह एक असाधारण बुद्धिमत्ता वाले व्यक्ति थे. लॉरीन और मैं उनके परिवार जन और दोस्तों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं.”

अफगानिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति हामिद करज़ई ने भी एक्स पर मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए पोस्ट किया है. उन्होंने लिखा

Advertisement

“भारत ने अपने सबसे महान पुत्रों में से एक को खो दिया है. डॉ मनमोहन सिंह अफगानिस्तान के एक अटूट सहयोगी और दोस्त थे. उनके निधन पर मैं शोक प्रकट करता हूं. साथ ही भारत के लोगों के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं. उनकी आत्मा को शांति मिले."

मालदीव्स के पूर्व प्रधानमंत्री मोहम्मद नशीद ने भी मनमोहन सिंह के निधन पर अपनी संवेदना व्यक्त की है. उन्होने एक्स पर लिखा

“मनमोहन सिंह के निधन की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ. वो मालदीव्स के बहुत अच्छे दोस्त थे. मुझे हमेशा उनके साथ काम करना अच्छा लगता था और मेरे लिए वो एक परोपकारी पिता के समान थे.”

अमेरिका के सेक्रेटरी ऑफ स्टेट एंटनी ब्लिंकन ने अमेरिकी विदेश मंत्रालय द्वारा जारी एक प्रेस स्टेटमेंट में पूर्व पीएम को याद किया है. उन्होंने लिखा

“अमेरिका, पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह के निधन पर भारत के लोगों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता है. डॉ सिंह अमेरिका-भारत रणनीतिक साझेदारी के सबसे महान समर्थकों में से एक थे. पिछले दो दशकों में हमारे देशों ने मिलकर जो कुछ हासिल किया है, उसकी नींव उन्होंने ही रखी. अमेरिका-भारत नागरिक परमाणु सहयोग समझौते को आगे बढ़ाने में उनके नेतृत्व ने अमेरिका-भारत संबंधों की क्षमता में एक बड़े निवेश का संकेत दिया. घरेलू स्तर पर, डॉ. सिंह को उनके आर्थिक सुधारों के लिए याद किया जाएगा.”

इसके अलावा भारत में अमेरिका के राजदूत एरिक गारसेटी ने भी एक ट्वीट कर उन्हें याद किया है. राजदूत गारसेटी ने लिखा

"प्रिय मित्र और पूर्व प्रधान मंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निस्वार्थ योगदान को याद करते हुए, जिन्होंने अमेरिका-भारत संबंधों में एक ऐतिहासिक अध्याय स्थापित किया. उन्होंने भारत की समृद्धि के प्रति उनका समर्पण हमें प्रेरित करता रहता है. उनके नेतृत्व और दूरदर्शिता के लिए मैं उनका आभारी हूं."

इन नेताओं के अलावा जापान के राजदूत ओनो केंची, भारत में फ्रांस के दूतावास और ऑस्ट्रेलियन हाई कमिश्नर फिलिप ग्रीन ने भी एक्स पर पोस्ट कर मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि दी है.

वीडियो: तारीख: "दमघोंटू ब्रा" से औरतों की आजादी और आंदोलन, इतिहास जान लीजिए

Advertisement