The Lallantop

बजरंग दल ने असम में क्रिसमस मना रहे हिंदुओं को पीटा, आगरा में सैंटा का पुतला जलाया

क्रिसमस मना रहे लोगों से कहा, हिंदुओं को तुलसी दिवस मनाना चाहिए.

Advertisement
post-main-image
असम के सिलचर की चर्च में क्रिसमस मना रहे लोगों को पीटा गया.
शनिवार को देश के कई राज्यों से कुछ हिंदूवादी संगठनों द्वारा क्रिसमस के आयोजन में खलल डालने की खबरें सामने आईं. असम (Assam) के सिलचर (Silchar) जिले में बजरंग दल (Bajrang Dal) के कार्यकर्ताओं ने क्रिसमस का त्योहार मना रहे हिंदू समुदाय के लोगों के साथ मारपीट की. ऐसे ही उत्तर प्रदेश के आगरा में हिंदू संगठनों ने सैंटा के पुतले को जलाया और ईसाई मिशनरियों के द्वारा कथित तौर पर किए जा रहे धर्मांतरण के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया. वहीं शुक्रवार 24 दिसंबर को हरियाणा के गुरुग्राम (Gurugram) में एक स्कूल के क्रिसमस कार्यक्रम में पहुंचकर खुद को हिंदूवादी संगठनों का बताने वाले लोगों ने 'जय श्री राम' के नारे लगाए. हिंदुओं के क्रिसमस मनाने से खफा था बजरंग दल NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, 25 दिसंबर के दिन असम के सिलचर में एक स्थानीय चर्च में लोग इकट्ठा होकर क्रिसमस मना रहे थे. तभी खुद को बजरंग दल के कार्यकर्ता बताने वाले कुछ लोग जबरदस्ती चर्च के अंदर घुस आए और क्रिसमस मना रहे हिंदुओं को उस आयोजन में शामिल ना होने के लिए कहा. बजरंग दल के इन कार्यकर्ताओं ने कहा कि उन्हें ईसाइयों के क्रिसमस मनाने से कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन वो हिंदुओं को ईसाइयों के त्योहार नहीं मनाने देंगे, क्योंकि 25 दिसंबर के ही दिन 'तुलसी दिवस' भी है. इस पूरी घटना का एक वीडियो भी खूब वायरल हो रहा है. इस वीडियो में भगवा टोपी पहने एक व्यक्ति कह रहा है,
"हम क्रिसमस के विरोध में नहीं हैं... केवल ईसाइयों को क्रिसमस मनाना चाहिए. हम इस बात का विरोध कर रहे हैं कि हिन्दू युवक-युवतियां भी इस क्रिसमस के आयोजन में हिस्सा ले रहें हैं. आज हिंदुओं का तुलसी दिवस है, लेकिन इसे कोई नहीं मना रहा. ये बात हमारी भावनाओं को आहत कर रही है. सब क्रिसमस ही मना रहे हैं. हमारा धर्म किस तरह से बचेगा?"
स्थानीय पुलिस ने एनडीटीवी को बताया कि इस मामले में उन्हें अभी तक ना ही कोई शिकायत मिली है और ना की कोई केस दर्ज किया गया है. पुलिस के मुताबिक ये एक छोटी सी झड़प है, इसलिए उन्होंने भी संज्ञान लेकर कोई मामला दर्ज नहीं किया है. आगरा में फूंका सैंटा का पुतला इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, 25 दिसंबर को आगरा में सेंट जॉन कॉलेज के सामने चौराहे पर बजरंग दल और अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने 'सैंटा क्लॉज़ मुर्दाबाद' के नारे लगाए और सैंटा क्लॉज़ का पुतला फूंका. प्रदर्शन कर रहे हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं का कहना था कि वे ईसाई समाज द्वारा "क्रिसमस के दौरान सैंटा क्लॉज के इस्तेमाल के जरिए हिंदुओं का धर्म परिवर्तन करने के कथित प्रयासों का कड़ा विरोध कर रहे हैं.
आगरा में सेंटा क्लॉज़ का पुतला जलाया गया (इंडिया टुडे)
                                       आगरा में सेंटा क्लॉज़ का पुतला जलाया गया (इंडिया टुडे)

वहीं अंतर्राष्ट्रीय हिन्दू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल के महासचिव अज्जु चौहान ने मिशनरी स्कूलों पर आरोप लगाते हुए कहा कि ये स्कूल बच्चों को जबरन सैंटा क्लॉज़ के कपड़े पहनाते हैं और अगर बच्चे मना करें तो उनको सजा देते हैं, इस तरह से ये बच्चों को जबरन ईसाई बना रहे हैं. अज्जु चौहान ने आगे कहा,
"यहां सैंटा क्लॉज़ कोई गिफ्ट नहीं लाता है. यहां उसका यही मकसद है कि हिंदुओं को ईसाई बनाया जाए. ये सब अब नहीं चलेगा. किसी की भी धर्म परिवर्तन की कोशिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा. अगर ये सब नहीं रुका तो हम मिशनरी स्कूलों में आंदोलन करेंगे."
वहीं बजरंग दल से जुड़े अवतार सिंह गिल ने इंडिया टुडे को बताया कि एक ओर क्रिश्चियन मिशनरी बड़े-बड़े स्कूल चला रहे हैं और दूसरी ओर ये हिंदुओं का धर्म परिवर्तन करा रहे हैं. अवतर सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा,
"ये सब रोकने के लिए हम बजरंग दल की कई छोटी-छोटी टीमें बनाएंगे. ये टीमें बस्तियों और मोहल्लों पर नजर रखेंगी ताकि धर्म परिवर्तन ना कराया जा सके. अगर कोई मिशनरी ये करता पाया गया, तो अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे."
इससे पहले शुक्रवार, 24 दिसंबर को गुरुग्राम के पटौदी (Pataudi) थाना क्षेत्र में स्थित एक स्कूल में क्रिसमस कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, आयोजन के बाद यहां गरीब बच्चों को कंबल और खाना बांटा जाना था. लेकिन कार्यक्रम के बीच में ही खुद को हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता बताने वाले लोगों के एक समूह ने इस कार्यक्रम में घुसकर, ‘जय श्री राम’ के नारे लगाए, जिसके बाद वहां हड़कंप मच गया. इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस घटना पर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उन्हें इस मामले में अब तक कोई शिकायत नहीं मिली है, जैसे ही उन्हें कोई शिकायत मिलेगी, पुलिस कार्रवाई करेगी.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement