The Lallantop

मोरबी के हीरो: पुल गिरते ही नदी की तरफ दौड़े रोहित और कुलदीप, कइयों को मौत के मुंह से निकाला

आर्मी की तैयारी कर रहे रोहित ने बताया- 'हमारे ग्रुप में जिसे भी तैरना आता था, वो सीधे नदी में कूद गया.'

Advertisement
post-main-image
रोहित ने नदी से कई लोगों को जिंदा बाहर निकाला | फोटो; आजतक

गुजरात के मोरबी में पुल गिरने के हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है. घटना के बाद कई गंभीर सवाल उठ रहे हैं. दूसरी तरफ, जिनकी जान गई, उनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. रविवार को हुए ब्रिज हादसे में 134 लोगों ने अपनी जान गंवा दी. इस दौरान कई लोग ऐसे भी थे जिन्होंने हादसे के तुरंत बाद लोगों की जान बचाने के लिए अपनी जान लगा दी.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

आजतक से जुड़ीं गोपी घांघर के मुताबिक गुजरात के कडियाणा के रहने वाले रोहित हादसे के दौरान ब्रिज से कुछ दूरी पर ही मौजूद थे. रोहित आर्मी में भर्ती होने की तैयारी कर रहे हैं. हादसे के समय वो आर्मी की तैयारी करने वाले कुछ लोगों के साथ पुल के नजदीक ही ट्रेनिंग कर रहे थे. अचानक उन्होंने लोगों के चीखने की आवाजें सुनीं. उन्हें पता चला कि ब्रिज गिर गया है.

रोहित बताते हैं,

Advertisement

'ट्रेनिंग इंस्ट्रक्टर के कहने पर पूरा ग्रुप तुरंत हादसे की जगह पहुंचा और सभी ने मिलकर घायलों को बचाने की कोशिश शुरू कर दी. हमारे ग्रुप में 12 लोग थे. ग्रुप में जिन-जिन को तैरना आता था, सभी ने बिना कुछ सोचे नदी में छलांग लगा दी और लोगों को नदी से बाहर निकालने में मदद की.'

ग्रुप के इंस्ट्रक्टर और रिटायर्ड आर्मी जवान ने आजतक को बताया,

‘हादसे वाली जगह पर पहुंचकर हमने सबसे पहले औरतों और बच्चों को बचाने का काम शुरू किया. हम लोग तब तक वहां मौजूद रहे जब तक कि सभी जिंदा लोगों को बाहर नहीं निकाल लिया गया.’

Advertisement

मोरबी के एक और हीरो हैं. कुलदीप. उन्होंने बताया,

'जैसे ही पुल गिरा, हर तरफ चीख पुकार मच गई. मैं उस समय पास में ही मौजूद था. मैंने तुरंत अपनी बाइक उठाई और एक के बाद एक 35 लोगों को अस्पताल पहुंचाया. ताकि समय रहते उनकी जान बचाई जा सके.'

पीएम ने किया घटनास्थल का दौरा

मोरबी में हुए हादसे के बाद पीड़ितों का दर्द बांटने के लिए मंगलवार, 1 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मोरबी पहुंचे. उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के साथ घटनास्थल का जायजा लिया. पीएम मोदी टूटे हुए झूलते पुल के पास काफी देर तक खड़े रहे. मोरबी ब्रिज के पास घटनास्थल का जायजा लेने के बाद मोदी मोरबी सिविल अस्पताल पहुंचे. यहां उन्होंने हादसे में घायल हुए लोगों से मिलकर उनका हालचाल जाना.

वीडियो : मोरबी अस्पताल में भर्ती घायलों ने बताया पीएम मोदी के आने से पहले क्‍या-क्‍या बदला?

Advertisement