गुजरात यूनिवर्सिटी (Gujarat University) के अधिकारियों ने अफगानिस्तान के 7 छात्रों को नोटिस जारी किया है. नोटिस में छात्रों को हॉस्टल खाली करने के निर्देश दिए गए हैं. अधिकारियों ने बताया कि इनमें से 5 छात्रों ने निर्देश मान भी लिया है. यूनिवर्सिटी में अफगानी छात्रों के नमाज पढ़ने को लेकर हुए विवाद के बाद ये कदम उठाया है (Attack on Gujarat University student). हाल ही में हॉस्टल के भीतर खुले में नमाज पढ़ने को लेकर विवाद हुआ था.
नमाज विवाद के बाद अब गुजरात यूनिवर्सिटी ने 7 अफगानी छात्रों को हॉस्टल छोड़ने को कहा, वजह भी बताई
Gujarat University के हॉस्टल में 16 मार्च की रात नमाज पढ़ रहे छात्रों पर हमला हुआ था. इसके बाद Ministry of External Affairs ने मामले पर संज्ञान लिया था. अब 7 छात्रों से हॉस्टल खाली करने को कहा गया है.


टाइम्स ऑफ़ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक़, गुजरात यूनिवर्सिटी के एक अफसर ने बताया कि लगभग सभी छात्रों के कोर्स पूरे हो गए हैं. अफसर ने कहा,
“छात्रों ने या तो कोर्स पूरा कर लिया है या सर्टिफिकेट मिलने जैसी औपचारिकताएं बची हैं. इसके लिए उनका कैंपस में रहना ज़रूरी नहीं है. यूनिवर्सिटी के नियम के मुताबिक़ छात्रों की पढ़ाई ख़त्म होने के बाद वो हॉस्टल सुविधाओं का इस्तेमाल नहीं कर सकते. ये सभी 7 छात्र अब इसी कैटेगरी में आते हैं. इनमें से 4 ने अपना कोर्स पूरा कर लिया है, जबकि 3 के पास बस प्रशासनिक काम बचे हैं.”
इस मामले पर गुजरात यूनिवर्सिटी के कुलपति नीरजा गुप्ता ने बताया कि जो भी विदेशी छात्र गुजरात यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रहे हैं, उनका ख़्याल रखा जाता है. लेकिन कई छात्र लंबे समय से अलग-अलग वजह बताकर यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में रहने की कोशिश करते हैं. ये स्टूडेंट्स भी अब पूर्व स्टूडेंट्स की कैटेगरी में शामिल हैं और नियम के मुताबिक़ उन्हें यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में रहने के अनुमति नहीं दी जा सकती. इसी वजह से हमने उन्हें अपने देश लौटने का आदेश दिया और उनके दूतावास को भी इस बात की जानकारी दे दी है.
ये भी पढ़ें - नमाजियों को लात मारने वाले पुलिसवाले पर भीड़ का हमला?
16 मार्च की रात को यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में नमाज पढ़ने को लेकर विवाद हुआ था. विदेशी छात्र हॉस्टल में नमाज पढ़ रहे थे. तभी कुछ छात्रों ने इसका विरोध किया और उनके साथ मारपीट की. ये मामला इतना बढ़ा कि बाद में विदेश मंत्रालय ने भी इस पर संज्ञान लिया था. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इसे लेकर बयान जारी किया था. इसमें उन्होंने लिखा था कि राज्य सरकार अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है. मामले को लेकर विदेश मंत्रालय गुजरात सरकार के संपर्क में है. विदेश मंत्रालय द्वारा इस मुद्दे को उठाए जाने के बाद अफगानी दूतावास के एक प्रतिनिधिमंडल ने यूनिवर्सिटी का दौरा किया था.
वीडियो: गुजरात यूनिवर्सिटी में नमाज पढ़ रहे विदेशी छात्रों पर हमले को लेकर विदेश मंत्रालय ने क्या बताया?


















