The Lallantop

राहुल गांधी 'भारत जोड़ो' यात्रा कर रहे, 8 विधायक टूटकर बीजेपी में शामिल हो गए!

कांग्रेस में ठीक इसी तरह की बगावत 2017 विधानसभा चुनाव के बाद भी हुई थी.

Advertisement
post-main-image
कांग्रेस नेता राहुल गांधी और बागी विधायक (फोटो-Rahul Gandhi/ANI)

गोवा विधानसभा चुनाव के 6 महीने के बाद ही कांग्रेस (Goa Congress) के 11 में से 8 विधायक बीजेपी में शामिल हो गए. इन विधायकों में पूर्व मुख्यमंत्री दिगंबर कामत और गोवा विधानसभा में विपक्ष के नेता माइकल लोबो भी शामिल हैं. बीजेपी में शामिल होने से पहले सभी 8 विधायकों ने मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत से मुलाकात भी की. इस उलटफेर के बाद, गोवा में कांग्रेस के अब सिर्फ 3 विधायक बचे हैं. राज्य में कांग्रेस विधायकों ने ये बगावत तब की है, जब राहुल गांधी देश भर में ‘भारत जोड़ो’ यात्रा कर रहे हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
माइकल लोबो ने कांग्रेस कैंपेन को लीड किया था

दिगंबर कामत और माइकल लोबो के अलावा कांग्रेस के जो विधायक बीजेपी में शामिल हुए हैं उनके नाम हैं डेलिया लोबो, केदार नाईक, रुडोल्फो फर्नांडीस, एलेक्सो सीकेरा, संकल्प आमोनकर और राजेश फलदेसाई हैं. कांग्रेस के विधायकों की बगावत की चर्चा पहले भी चली थी. जुलाई में कांग्रेस ने माइकल लोबो और दिगंबर कामत पर विधायकों को तोड़ने का आरोप लगाया था. उन्हें अयोग्य ठहराए जाने का मामला अभी लंबित है.

माइकल लोबो ने ही गोवा चुनाव में कांग्रेस के कैंपेन का नेतृत्व किया था. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 14 सितंबर की सुबह लोबो ने दूसरे विधायकों के साथ बैठक की और कांग्रेस विधायक दल को बीजेपी में शामिल करने का फैसला लिया. विधायकों ने विधानसभा सचिवालय को पत्र भी सौंपा है.

Advertisement

बीजेपी में शामिल होने के बाद माइकल लोबो ने मीडिया को बताया, 

"हम सभी पीएम मोदी और सीएम प्रमोद सावंत के हाथों को मजबूत करने के लिए बीजेपी में शामिल हुए हैं... कांग्रेस छोड़ो, बीजेपी को जोड़ो."

BJP सरकार के समर्थन में 33 विधायक

गोवा विधानसभा चुनाव में 40 सीटें हैं. बीजेपी ने 20 सीटों पर जीत हासिल कर सरकार बनाई थी. सरकार को महाराष्ट्रवादी गोमंतक पार्टी (MGP) के दो और तीन निर्दलीय विधायकों का समर्थन था. अब कांग्रेस विधायकों के बीजेपी में जाने के बाद सरकार के समर्थन में 33 विधायक हो गए हैं. कांग्रेस के जो तीन विधायक बचे हैं उनमें अल्टोन डी कोस्टा, यूरी अलेमाओ और कार्लोस फरेरा हैं. इसके अलावा विपक्ष में आम आदमी पार्टी (AAP) के दो, गोवा फॉरवर्ड पार्टी (GFP) और रिवॉल्यूशन गोअंस पार्टी (RGP) के एक-एक विधायक हैं.

Advertisement

गोवा कांग्रेस में ठीक इसी तरह की बगावत 2017 विधानसभा चुनाव के बाद भी हुई थी. जुलाई 2019 में कांग्रेस के 10 विधायक बीजेपी में चले गए थे. 2017 चुनाव में कांग्रेस 17 सीट जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनी थी, फिर भी सरकार नहीं बना पाई थी. 13 सीट जीतने वाली बीजेपी ने निर्दलीय और क्षेत्रीय दलों के सहयोग से सरकार बना ली थी. बाद में बगावत से 2022 चुनाव से पहले कांग्रेस के सिर्फ तीन विधायक बच पाए थे.

दी लल्लनटॉप शो: नरेंद्र मोदी ने राजपथ को ‘कर्तव्य पथ’ क्यों बनाया, जानने के लिए इतिहास समझना होगा

Advertisement