छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के भानपुरी इलाके में कुछ दिनों पहले एक शादी समारोह के दौरान तेजाब फेंके जाने की घटना हुई थी. इस हमले में दूल्हा-दुल्हन समेत 10 लोग झुलस गए थे. जांच के बाद अब पुलिस ने बताया है कि तेजाब फेंकने वाला व्यक्ति एक महिला थी, जो दूल्हे की प्रेमिका रही है. पुलिस के मुताबिक आरोपी लड़की इस बात से बेहद गुस्से में थी लड़का उसे बताए बिना कहीं और शादी कर रहा है.
शादी समारोह में बत्ती गई, वो अंधेरे में दूल्हे पर तेजाब फेंक गई, अब पुलिस ने बताया कौन थी
हमले में दूल्हे के साथ दुल्हन और कई अन्य लोग झुलस गए. आरोपी शर्ट-पैंट पहनकर पहुंची थी.


आजतक से जुड़े धर्मेंद्र महापात्रा की रिपोर्ट के मुताबिक लड़की ने पुलिस की पूछताछ में ये बात कबूल की है. शादी वाली रात वो इलाके के आमाबाल गांव पहुंची थी. इलाके की पुलिस अधीक्षक नवोदिता पॉल ने बताया,
“घटना 19 अप्रैल को थाना भानपुरी क्षेत्र के अंतर्गत छोटे आमाबाल गांव में हुई. हमले में दूल्हा-दुल्हन और 8-10 लोग घायल हो गए थे. घटना की जांच की जा रही थी. जब पुलिस ने लोगों से पूछताछ की तो उन्होंने जानकारी दी घटना के वक्त अंधेरा था. और एक छोटे कद के व्यक्ति की जानकारी भी दी जिसने शर्ट पैंट पहनी थी. इसके आधार पर बहुत सारे CCTV कैमरे देखे गए. गांव में मुखबिर तैनात किए गए. उनसे पता चला कि ये काम किसी युवती द्वारा किया गया है और अपनी पहचान छुपाने के लिए पेंट शर्ट पहनकर इस घटना को अंजाम दिया है.”
पुलिस के मुताबिक आरोपी युवती ने उसे बताया कि पीड़ित दूल्हा डमरु बघेल के साथ उसके लगभग 10 साल से प्रेम संबंध थे. उसे कहीं से पता चल गया था कि डमरू किसी और से शादी करने वाला है. जब उसने युवक से इस बारे मेें पूछा तो पता चला वो लड़की से ये बात छिपा रहा था. पुलिस के मुताबिक इससे युवती बहुत ज्यादा गुस्सा हो गई और बदला लेने का फैसला कर लिया.
रिपोर्ट के मुताबिक लड़की एक मिर्ची बाड़ी में काम करती है. वहां पर ड्रिप पाइप और अन्य सिचांई उपकरण साफ करने के लिए एसिड का उपयोग किया जाता था. लड़की ने वहीं से एसिड चुराया और शादी वाली रात पब्लिक ट्रांसपोर्ट के जरिये आमाबाल गांव पहुंच गई. वहां अंधेरे का फायदा उठाकर दूल्हे के पास पहुंची और तेजाब उसकी तरफ उछाल दिया जो कई लोगों पर जाकर गिरा.
हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई. दूल्हा-दुल्हन के परिवार वालों ने एसिड से झुलसे लोगों को फौरन भानपुरी के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया. उनमें से 5 को बाद में जगदलपुर के महारानी अस्पताल लाया गया जिनमें दूल्हा भी शामिल था.
हाल में छत्तीसगढ़ में घटा इस तरह का ये दूसरा चर्चित मामला है. इससे पहले बीती 3 अप्रैल को कबीरधाम जिला स्थित एक घर में रखे होम थिएटर में ब्लास्ट हुआ था. घटना में दो लोगों की मौत हो गई थी. पुलिस ने बताया था कि एक शख्स ने अपनी प्रेमिका से बदला लेने के लिए उसके पति के मर्डर का प्लान बनाया और होम थिएटर में बम फिट किया. पुलिस का कहना था है कि आरोपी ने पूछताछ में अपने पूरे प्लान का खुलासा किया था. पता चला कि वो एक खदान में ब्लास्ट एक्सपर्ट के रूप में काम करता था. वहीं से उसने बम बनाने का सामान चुराया और हत्या के प्लान को अंजाम दिया.
वीडियो: छत्तीसगढ़ के अब्दुल द्वारा ट्रैक्टर से गाय को कुचलने के दावे में कितनी सच्चाई है?



















