वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 10 अगस्त को कहा कि दिल्ली एनसीआर में टमाटर 70 रुपये किलो की कीमत पर बेचे जाएंगे. वो लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव के खिलाफ भाषण दे रही थीं. इसी में उन्होंने कहा कि नेशनल कॉपरेटिव कंज़्यूमर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (NCCF) इस हफ्ते के आखिर तक दिल्ली में सस्ते दामों पर टमाटर उपलब्ध कराएगी. सीतारमण ने कहा,
दिल्ली-NCR में इस हफ्ते मिलेगा सस्ता टमाटर, निर्मला सीतारमण ने दी काम की जानकारी
वित्त मंत्री ने बताया कि टमाटरों की बढ़ती कीमतों पर काबू करने के लिए इन्हें नेपाल से भी खरीदा जा रहा है.


"मैं इस तथ्य पर प्रकाश डालना चाहती हूं कि इन आवश्यक चीजों की कीमतों को कम करने के लिए हम पर्याप्त कदम उठा रहे हैं. लेकिन इस पर आगे और भी काम किया जाएगा. हम जानते हैं कि लोगों को ज़रूरी चीजे़ं सस्ते दामों पर चाहिए."
वित्त मंत्री ने आगे कहा,
"महाराष्ट्र, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के टमाटर उगाए जाने वाले इलाकों से उन्हें मंगाया जा रहा है. NCCF और NAFED जैसे कॉपरेटिव सोसाइटीज़ के ज़रिए इन्हें सस्ते दामों पर उपलब्ध कराया जा रहा है."
निर्मला सीतारमण ने कहा,
"बिहार, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और राजस्थान में ये पहले से ही हो रहा है. दिल्ली में इसके लिए मोबाइल वैन भी चलाई जा रही हैं. केंद्रीय भंडार, NCCF और NAFED के आउटलेट्स में भी ये सस्ते दामों पर मिल रहे हैं."
उन्होंने बताया,
"NCCF अभी तक 8 लाख 84 हज़ार 612 किलो टमाटर राजस्थान, दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश में सस्ते दामों पर दे चुका है."
वित्त मंत्री ने ये भी बताया कि टमाटरों की बढ़ती कीमतों पर काबू करने के लिए इन्हें नेपाल से भी खरीदा जा रहा है. इसके लिए इन पर लगने वाले आयात प्रतिबंधों को हटा दिए गया है. निर्मला सीतारमण ने महंगाई को कम करने के लिए सरकार के उठाए गए कदमों की तारीफ की. उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने आर्थिक बदलाव के लिए कई ज़रूरी कदम उठाए हैं.
कई मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस हफ्ते टमाटरों की कीमतें 300 रुपये किलो तक पहुंच गईं. थोक व्यापारी बताते हैं कि इस साल भारी बारिश और सप्लाई में दिक्कतें आने के चलते इनकी कीमतें बढ़ना शुरू हुई थीं और लगातार बढ़ती ही जा रही हैं.
वीडियो: संसद में आज: मणिपुर पर संसद में स्मृति ईरानी, राहुल गांधी पर बरसीं, निर्मला सीतारमण का क्यों फूटा गुस्सा?

















