The Lallantop

प्रतापगढ़: गांव वालों ने कोरोना के डर से हिंदू महिला का शव उसके घर के सामने ही दफना दिया

दो दिन तक घर पर ही रखा था शव.

Advertisement
post-main-image
Corona का डर अब ग्रामीण इलाकों में भी पहुंच गया है. इसी के चलते प्रतापगढ़ के गांव में एक हिंदू महिला के शव को उसके घर के सामने ही दफना दिया गया. दोनों फोटो इस घटना के वायरल वीडियो से ली गई हैं.
उत्तर प्रदेश का प्रतापगढ़ जिला. यहां के कुंडा पुलिस स्टेशन इलाके का उगापुर गांव. यहां कोरोना वायरस (Corona) के डर की वजह से घर के सामने ही बुजुर्ग हिंदू महिला का शव दफना दिया गया. महिला लगभग 60 साल की थी. इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. क्या है मामला? इंडिया टु़डे से जुड़े सुनील कुमार यादव की रिपोर्ट के मुताबिक बुजुर्ग महिला रजवंती को कुछ दिनों से सांस लेने में तकलीफ हो रही थी. 27 अप्रैल को यह तकलीफ और बढ़ गई और शाम 6 बजे रजवंती ने दम तोड़ दिया. उनके पति की मौत छह महीने पहले हो चुकी है. वह अपनी बहन के साथ रह रही थीं. बहन का पति भी मुंबई में मजदूरी करता है. दूसरी तरफ रजवंती की कोई संतान भी नहीं थी. रजवंती की मौत के बाद उनकी बहन ने अपने पति से बात की और तय किया कि पति के आने के बाद ही शव का अंतिम संस्कार किया जाएगा. सुनील कुमार यादव की रिपोर्ट के अनुसार गांव वालों ने बताया कि रजवंती की कोरोना जांच नहीं हुई थी. वहीं मौत के बाद दो दिनों तक उनका शव घर पर ही रखा रहा. शव से बदबू भी आने लगी. गांव वालों ने उनकी बहन से शव का अंतिम संस्कार करने के लिए कहा. लेकिन बहन ने खेत और गंगा के किनारे अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया. आपस में चर्चा करने के बाद JCB बुलाई गई और घर के सामने ही कब्र खोदकर मृतक महिला के शव को दफना दिया गया. इस बीच किसी ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया. रिपोर्ट के मुताबिक गांव में कोरोना से दो लोगों की मौत हो चुकी है और इस वजह से गांव वाले काफी डरे हुए थे. पुलिस का क्या कहना है? वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने इस घटना का संज्ञान लिया. रिपोर्ट के मुताबिक प्रशासन के आला अधिकारी गांव पहुंचे. गांव वालों ने बताया कि अंतिम संस्कार के लिए कोई मौजूद नहीं था, इसलिए सबकी सहमति के बाद ही शव को घर के सामने दफनाया गया. हमने पुलिस की प्रतिक्रिया लेने के लिए प्रतापगढ़ के SP आकाश तोमर को फोन मिलाया. उनके PRO ने हमें बताया कि SP अभी पंचायत चुनाव के कामकाज में व्यस्त हैं. जैसे ही प्रतापगढ़ पुलिस की तरफ से इस मामले में कोई बयान आता है हम आपको जरूर बताएंगे.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement