The Lallantop

फल की दुकान लगाने वाले पर लाखों का कर्ज था, परिवार के साथ सुसाइड कर ली!

परिवार के पांच लोगों की जान चली गई. एक बेटी का इलाज चल रहा है.

Advertisement
post-main-image
कर्ज के चलते परिवार को परेशान किया जा रहा था. (फोटो: इंडिया टुडे)

बिहार के नवादा जिले में एक परिवार के छह लोगों ने जान देने की कोशिश की. इसमें परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई और एक की हालत गंभीर बनी हुई है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, परिवार पर कर्ज का बोझ था. ये पूरा मामला नवादा नगर थाना क्षेत्र के न्यू एरिया मोहल्ले का है. यहां केदार लाल गुप्ता का परिवार रहता था. केदार लाल गुप्ता अपनी पत्नी अनिता कुमारी और चार बच्चों, बेटी साक्षी, शबनम और गुड़िया व बेटे प्रिंस के साथ रहते थे. घटना में परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई है. जबकि साक्षी की हालत गंभीर है. साक्षी को पहले पावापुरी विंस रेफर किया गया था, लेकिन बाद में नवादा जिला अस्पताल भेज दिया गया. साक्षी की हालत गंभीर होने की वजह से उसे अब पटना रेफर कर दिया गया है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
10 से 12 लाख रुपये का था कर्ज

दरअसल केदार लाल गुप्ता नवादा शहर के विजय बाजार में फल की दुकान लगाते थे. केदार पर काफी रुपयों का कर्ज था. रिपोर्ट्स के अनुसार, कर्ज होने का कारण केदार को काफी प्रताड़ित किया जा रहा था. बदसलूकी की जा रही थी. इससे तंग आकर केदार और उनके परिवार ने जान देने की कोशिश की. आज तक की खबर के मुताबिक घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई थी. इस दौरान केदार लाल गुप्ता की हालत थोड़ी ठीक थी. उनसे जब पूछा गया कि आखिर ऐसा कदम क्यों उठाया, तो उन्होंने बताया कि 10 से 12 लाख रुपये का कर्ज था.

फ़िलहाल कर्ज किसने दिया था, ये पता नहीं चल पाया है. मामले की जांच में पुलिस जुटी हुई है.

Advertisement

केदार लाल के बेटे प्रिंस कुमार ने पूरे घटनाक्रम से पहले एक वीडियो बनाया था. प्रिंस ने वीडियो में बताया,

"बाजार के कुछ लोगों से कर्ज लिया था. वो लोग हम लोगों को काफी प्रताड़ित कर रहे थे. हम लोगों ने पैसा वापस करने को लेकर थोड़ा समय मांगा था लेकिन वो लोग मानने को तैयार नहीं थे. ऊपर से बार-बार धमकी दे रहे थे."

वहीं केदार लाल की बेटी साक्षी ने बताया कि पापा कई दिनों से डिप्रेशन में चल रहे थे. उन्होंने कर्ज लिया हुआ था. साक्षी ने आगे बताया कि उनके पिता ने किसी मनीष से कर्ज लिया था. लेकिन पुलिस अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं कर पाई है. मामले की जांच जारी है.  

Advertisement

वीडियो- "हर हर शंभू" वाली फरमानी नाज़ का भाई लूट के केस में पकड़ाया, बाप-जीजा फरार!

Advertisement