The Lallantop

आज ही गिरफ्तार हो सकते हैं अरविंद केजरीवाल, घर के बाहर ED की जबरदस्त तैयारी

ED के दफ्तर और CM केजरीवाल के घर के बाहर धारा 144 लगाई गई है.

Advertisement
post-main-image
केजरीवाल के घर के बाहर भारी सुरक्षा बल तैनात. (तस्वीर- आजतक)

प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम अपने 10वें समन के साथ 21 मार्च की शाम दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर पहुंच गई है. ED के एडिशनल डायरेक्टर कपिल राज भी CM केजरीवाल के आवास पर मौजूद हैं. आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) की धारा 50 के तहत CM केजरीवाल का बयान दर्ज किया जा रहा है. ED के दफ्तर और CM केजरीवाल के घर के बाहर धारा 144 लगाई गई है. 

Advertisement

इस पूरे घटनाक्रम से कुछ ही देर पहले केजरीवाल की तरफ से दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दायर की गई थी कि अगर वो ED के सामने पेश होंगे तो उन्हें गिरफ्तार ना किया जाए. हालांकि, कोर्ट ने ऐसी कोई श्योरिटी नहीं दी, उनकी संभावित गिरफ्तारी पर रोक नहीं लगाई.

कोर्ट के इस फैसले के थोड़ी देर बाद ED की टीम केजरीवाल के घर पहुंची. उनके साथ दिल्ली पुलिस की भारी पुलिस फोर्स भी मौजूद थी. केजरीवाल के घर के चारों तरफ पुलिस ने सुरक्षा के इंतजाम पुख्ता किए. उसके बाद उन्हें पूछताछ का समन दिया गया और उनके घर की तलाशी ली गई. 

Advertisement

ED के केजरीवाल के घर पहुंचते ही केजरीवाल की लीगल टीम ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाज़ा खटखटाया. उन्होंने हाई कोर्ट के फैसले को चुनौती देते हुए तुरंत सुनवाई की मांग की है.

इस बीच AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने बताया,

Advertisement

"बहुत सारी फोर्स अरविंद केजरीवाल जी के घर के सामने आई है. ऐसा लग रहा है कि ED उन्हें तुरंत गिरफ्तार करके ले जाना चाह रही है. शुरू में कहा जा रहा था कि सिर्फ समन देने आए हैं, मुझे लगता है कि समन देना सिर्फ बहाना है, अंदर ED का सर्च ऑपरेशन चल रहा है. CM और उनके ऑफिस के लोगों के पास फोन का एक्सेस नहीं है."

वहीं AAP नेता और राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने X पर लिखा,

"लोक सभा चुनावों से ठीक पहले अरविंद केजरीवाल जी को गिरफ़्तार करने की बहुत बड़ी साज़िश चल रही है.

केजरीवाल जी के साथ करोड़ों लोगों का आशीर्वाद है, कोई बाल भी बांका नहीं कर सकता.

दिल्ली और पंजाब में हुए शानदार कामों की चर्चा आज पूरी दुनिया में हो रही है. केजरीवाल के शरीर को गिरफ़्तार कर सकते हो, लेकिन केजरीवाल की सोच को नहीं."

इससे पहले भारत राष्ट्र समिति (BRS) की नेता के. कविता को ED ने 16 मार्च को गिरफ्तार किया था. ED ने आरोप लगाया कि जांच में खुलासा हुआ है कि नई आबकारी नीति से लाभ उठाने के लिए के.कविता ने AAP पार्टी के नेताओं, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और तत्कालीन उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के साथ मिलकर साजिश रची. साजिश के तहत नई शराब नीति में होलसेलर्स के जरिए लगातार रिश्वत का पैसा AAP पार्टी तक पहुंचाया जाता रहा. ED का आरोप है कि नई आबकारी नीति से निजी लाभ पाने की एवज में AAP पार्टी नेताओं तक 100 करोड़ रुपये पहुंचाए गए. इस मामले में मनीष सिसोदिया के अलावा राज्यसभा सांसद संजय सिंह को भी गिरफ्तार किया जा चुका है. दोनों ही नेता फिलहाल जेल में हैं.

वीडियो: अरविंद केजरीवाल को फिर मिला ED का समन, अबकी मामला दिल्ली जल बोर्ड से जुड़ा है

Advertisement