The Lallantop

क्या दुष्यंत चौटाला अकेले होने वाले हैं? सभी JJP विधायकों के बारे में क्या पता चला है?

सूत्रों के हवाले से ऐसी अटकलें इसलिए लगाई जा रही हैं कि दुष्यंत चौटाला की बुलाई बैठक में उनके कम से कम पांच विधायक नहीं पहुंचे. वहीं JJP के प्रवक्ता का कहना है कि पार्टी एकजुट है, उनका कोई विधायक टूटने वाला नहीं है.

Advertisement
post-main-image
हरियाणा के पूर्व डिप्टी CM दुष्यंत चौटाला ने 12 मार्च को अपनी पार्टी की एक बैठक बुलाई थी. (फाइल फोटो: PTI)

हरियाणा में भाजपा (BJP) और जननायक जनता पार्टी (JJP) का गठबंधन टूट चुका है. मनोहर लाल खट्टर हरियाणा के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे चुके हैं. नायब सिंह सैनी ने सीएम पद की शपथ भी ले ली है. इस बीच ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि JJP के कई विधायक BJP के संपर्क में हैं. सूत्रों के मुताबिक हरियाणा विधानसभा में 10 विधायकों वाली जननायक जनता पार्टी (JJP) के कम से कम चार विधायक पार्टी छोड़ सकते हैं. हालांकि, JJP के प्रवक्ता अरविंद भारद्वाज ने दावा किया है कि JJP का कोई भी विधायक टूटने वाला नहीं है.

Advertisement
फिर JJP में टूट की अटकलों का आधार क्या है?

दरअसल, JJP के अध्यक्ष दुष्यंत चौटाला ने 12 मार्च को अपने दिल्ली स्थित फार्म हाउस पर पार्टी विधायकों और नेताओं की एक बैठक बुलाई थी. आजतक के राहुल गौतम की रिपोर्ट के मुताबिक इस मीटिंग में दुष्यंत चौटाला सहित सिर्फ पांच विधायक ही मौजूद रहे. जानकारी मिलने तक इस मीटिंग में नैना चौटाला, रामकरण काला, अमरजीत धांडा और अनूप धानक ही पहुंचे थे. सूत्रों के मुताबिक बाकी के 5 JJP विधायकों का भी कुछ पता नहीं चल पाया.

ये भी पढ़ें- हरियाणा में BJP और JJP के बीच क्या गड़बड़ चल रही थी, जो बात गठबंधन टूटने तक आ गई?

Advertisement

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक जो चार विधायक JJP से अलग हो सकते हैं, उनके नाम हैं- नारनौंद विधायक राम कुमार गौतम, बरवाला विधायक जोगी राम सिहाग, गुहला विधायक ईश्वर सिंह और जुलाना विधायक अमरजीत ढांडा. यह भी संभावना है कि दुष्यंत चौटाला के विश्वासपात्र देवेंदर सिंह बबली, जिन्हें पिछले साल पंचायत मंत्री के तौर पर कैबिनेट में शामिल किया गया था, वो भी पार्टी छोड़ सकते हैं.

JJP प्रवक्ता ने कहा- 'सभी एकजुट हैं'

हालांकि, JJP के प्रवक्ता अरविंद भारद्वाज ने दावा किया है कि JJP का कोई भी विधायक टूटने वाला नहीं है. सभी एकजुट हैं. अरविंद भारद्वाज ने कहा कि उनकी पार्टी आने वाले चुनावों में हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीटें और 90 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी.

इस बीच हरियाणा के पूर्व डिप्टी CM दुष्यंत चौटाला ने X पर हरियाणा के लोगों का आभार जताते हुए लिखा है,

Advertisement

"आपने मुझे हरियाणा के उपमुख्यमंत्री के रूप में  प्रदेश की सेवा करने का अवसर दिया, इसको मैं अपना सौभाग्य मानता हूं और हरियाणा के प्रत्येक व्यक्ति का दिल की ग़हराइयों से आभार प्रकट करता हूं. हरियाणा के हित और जनता के कार्यों के लिए आपका समर्थन और सहयोग मेरे लिए हमेशा ऊर्जादायक रहा है. सीमित समय और सीमित संख्या के साथ हमने दिन-रात हरियाणा के हितों की रक्षा के लिए लगाए हैं. हमने हरियाणा के हर वर्ग और हर क्षेत्र के काम सरकार में करवाए हैं.

हमारे मुश्किल और संघर्ष के दौर में आपने हम पर जो भरोसा लगातार जताया है और जो साथ हमेशा दिया है, उसके लिए मैं आपका सदैव आभारी रहूंगा. मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि जननायक चौधरी देवीलाल जी के कदमों पर चलते हुए, मैं हरियाणा और हरियाणा के लोगों के हितों की रक्षा के लिए सदैव समर्पित रहूंगा. हरियाणा के लोगों की सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा के हमारे प्रयास लगातार जारी रहेंगे.

सहयोग और साथ के लिए प्रत्येक हरियाणावासी का आभार प्रकट करता हूं."

बता दें कि BJP  के साथ गठबंधन टूटने से पहले सोमवार, 11 मार्च को दुष्यंत चौटाला ने दिल्ली में BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा से मुलाकात की थी. बताया जा रहा है कि इस दौरान सीट शेयरिंग पर बात नहीं बनी. सूत्रों के मुताबिक दुष्यंत चौटाला ने गृह मंत्री अमित शाह से 12 मार्च को मीटिंग का समय मांगा है. अमित शाह और दुष्यंत चौटाला की ये मुलाकात होगी या नहीं, फिलहाल ये पक्का नहीं है.

वीडियो: हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर का इस्तीफा, टूट गया BJP-JJP का गठबंधन

Advertisement