The Lallantop

मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार को लेकर बढ़ा विवाद, कांग्रेस के आरोपों पर आया BJP का जवाब

Congress VS BJP: जहां एक तरफ कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर पूर्व प्रधानमंत्री का अपमान करने का आरोप लगाया है. वहीं, अब BJP ने कांग्रेस पर दुख की इस घड़ी में राजनीतिक फायदा उठाने का आरोप लगाया है. BJP नेताओं ने कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए क्या कहा?

Advertisement
post-main-image
BJP नेताओं ने कांग्रेस के आरोपों पर जवाब दिया है (फोटो: इंडिया टुडे)

पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार (Manmohan Singh Funeral) की जगह को लेकर छिड़ा विवाद अब और बढ़ गया है. जहां एक तरफ कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर पूर्व प्रधानमंत्री का अपमान करने का आरोप लगाया है. वहीं, अब BJP ने कांग्रेस पर दुख की इस घड़ी में राजनीति करने का आरोप लगाया है. बता दें कि डॉक्टर मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार 28 दिसंबर को निगम बोध घाट पर राजकीय सम्मान के साथ किया गया. इस दौरान तमाम बड़े नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
कांग्रेस नेताओं ने क्या आरोप लगाए?

28 दिसंबर को राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट कर डॉ मनमोहन सिंह का अपमान करने का आरोप लगाया. X पर उन्होंने लिखा,

“भारत माता के महान सपूत और सिख समुदाय के पहले प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी का अंतिम संस्कार आज निगम बोध घाट पर करवाकर वर्तमान सरकार द्वारा उनका सरासर अपमान किया गया है. एक दशक के लिए वह भारत के प्रधानमंत्री रहे. उनके दौर में देश आर्थिक महाशक्ति बना और उनकी नीतियां आज भी देश के गरीब और पिछड़े वर्गों का सहारा हैं.”

Advertisement

इसके बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी राहुल गांधी की बात को दोहराते हुए कहा,

“सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री के पद की गरिमा, उनके व्यक्तित्व, उनकी विरासत और स्वाभिमानी सिख समुदाय के साथ न्याय नहीं किया है.”

‘…उनका अपमान किया गया’

वहीं, इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा,

Advertisement

“हम डॉ. मनमोहन सिंह पर राजनीति नहीं करना चाहते . वे हमारे सबसे बड़े नेताओं में से एक हैं. लेकिन आज उनके अंतिम संस्कार में जो कुछ हुआ, उससे हम बहुत दुखी हैं. हमें लगा कि उनका अपमान किया गया. मेरा मानना ​​है कि आज निगमबोध घाट पर एकत्र हुए सभी लोग इसी भावना से सहमत हैं.”

उन्होंने आगे कहा,

“कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कल सुबह-सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फोन किया और इच्छा जताई कि डॉ सिंह को एक विशेष अंतिम संस्कार स्थल दिया जाना चाहिए. उन्होंने खड़गे से कहा कि वह इस बारे में गृह मंत्री ( अमित शाह ) को बताएंगे. लेकिन आखिरकार क्या हुआ...दिन के अंत तक हमने एक आदेश देखा कि उनका अंतिम संस्कार निगमबोध घाट पर होगा. हम सरकार को शक्ति स्थल (इंदिरा गांधी स्मारक)...या वीर भूमि (राजीव गांधी स्मारक) में से सिंह के स्मारक के लिए स्थान बनाने देने के लिए तैयार थे. इसे अनौपचारिक रूप से सरकार को भी बता दिया गया था.”

पवन खेड़ा ने आरोपों की लिस्ट जारी की

इसी सिलसिले में कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा ने एक्स (X) पर पोस्ट करते हुए एक लिस्ट जारी की और BJP पर आरोप लगाते हुए लिखा,

“इस महान राजनेता (डॉ मनमोहन सिंह) के साथ किए गए इस अपमानजनक व्यवहार से सरकार की प्राथमिकताओं और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनकी असंवेदनशीलता उजागर होती है. डॉ. सिंह गरिमा के पात्र थे, न कि इस शर्मनाक दृश्य के.”

BJP ने किया पलटवार

कांग्रेस के आरोपों के बीच अब BJP ने पलटवार किया है. BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कांग्रेस नेताओं के बयानों को निंदा की और कांग्रेस पर "सस्ती राजनीति" करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा,

“इसकी जितनी भी निंदा की जाए कम है. केंद्र ने स्मारक के लिए जगह आवंटित की है और उनके परिवार को इस बारे में सूचित किया है.”

आगे नड्डा ने कहा, 

“गांधी परिवार ने देश के किसी भी नेता को न तो सम्मान दिया और न ही न्याय दिया, चाहे वे कांग्रेस पार्टी से ही क्यों न हों. सिद्धांतहीन कांग्रेस पार्टी के ऐतिहासिक पापों को देश कभी नहीं भूलेगा और न ही माफ करेगा.”

‘कांग्रेस की यह दुस्साहसता थी’

वहीं, BJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव और पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस ने उनके नेताओं का "अपमान" किया है. पात्रा ने आरोप लगाते हुए कहा, 

“सोनिया गांधी के निर्देश पर पूर्व प्रधानमंत्री नरसिम्हा राव के पार्थिव शरीर को दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई. कांग्रेस ने राव का अंतिम संस्कार राष्ट्रीय राजधानी में नहीं होने दिया, इसलिए उनका अंतिम संस्कार हैदराबाद में किया गया. कुछ मीडिया संस्थानों ने यह भी खबर दी कि कुछ आवारा कुत्ते दिवंगत प्रधानमंत्री के पार्थिव शरीर के आसपास घूम रहे थे. कांग्रेस की यह दुस्साहसता थी."

बता दें कि शुक्रवार, 27 दिसंबर को केंद्र सरकार ने घोषणा की थी कि मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार निगमबोध घाट पर होगा. इसके बाद से ही जगह को लेकर ये विवाद छिड़ गया. 

वीडियो: नरेंद्र मोदी ने मजाक उड़ाया था, GDP पर डॉ मनमोहन सिंह की बात सच साबित हुई

Advertisement