The Lallantop

ऐसा क्या हुआ कि धर्मेंद्र को किसान प्रोटेस्ट पर लिखा अपना ट्वीट डिलीट करना पड़ गया?

बॉलीवुड के ही-मैन कहे जाने वाले धर्मेंद्र के परिवार में दो सांसद हैं.

Advertisement
post-main-image
किसान आंदोलन के समर्थन में ट्वीट कर डिलीट कर दिया. (फोटो - इंडिया टुडे)
धर्मेंद्र. जिन्हें हम हिन्दी सिनेमा में गुंडों को चुन-चुनकर मारने के लिए याद रखते हैं. उनके साथ कुछ ऐसा हुआ कि कल उन्हें किसानों के समर्थन में लिखा अपना ट्वीट डिलीट करना पड़ा. ऐसा क्यों हुआ, पता नहीं. क्या हुआ, आइए बताते हैं.

क्या है पूरा मामला?

बॉलीवुड सुपरस्टार धर्मेंद्र ने 3 दिसंबर की रात को 10 बजे के करीब एक ट्वीट किया. इसमें उन्होंने लिखा,
"सरकार से प्रार्थना है.... किसान भाइयों के प्रॉब्लम्स का कोई हल जल्दी तलाश कर लें. कोरोना के केसेज़ दिल्ली में बहुत बढ़ते जा रहे हैं, ये दर्दनाक है."
twitter
किसानों के लिए किया था ट्वीट. (फोटो - मोहम्मद ज़ुबैर/ट्विटर)

ट्वीट करने के थोड़ी ही देर बाद उन्होंने अपना ये ट्वीट डिलीट कर दिया. वजह किसी को पता नहीं. मगर ट्विटर तो ट्विटर है. लोग उड़ती चिड़िया से ढलता सूरज, सब नाप लेते हैं यहां. ऐसा ही धर्मेंद्र पाजी के साथ भी हुआ. ऑल्ट न्यूज़ के को-फाउंडर मोहम्मद ज़ुबैर ने उनके ट्वीट का स्क्रीनशॉट लिया और अपने ट्विटर पर डाल दिया. उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा,
"पंजाबी आइकॉन धरम पाजी ने ये ट्वीट 13 घंटे पहले किया था. मगर फिर डिलीट कर दिया. कुछ तो मजबूरियां रही होंगी, यूं कोई बेवफा नहीं होता."
अब सवाल ये उठता है कि धर्मेंद्र ने ट्वीट क्यों डिलीट किया. सरकार से एक जायज़ मांग करता हुआ ट्वीट ही तो किया था उन्होंने. उसमें ऐसा क्या था कि उन्हें इस ट्वीट को हटाना पड़ गया?

घर में मौजूद हैं दो-दो सांसद


धर्मेंद्र ट्विटर पर सरकार से किसानों की समस्या का हल खोजने को कह रहे थे. लेकिन सरकार के नुमाइंदे तो खुद उनके घर में हैं. धर्मेंद्र की पत्नी हेमा मालिनी, जिन्होंने लोकसभा चुनावों के दौरान सिर पर किसानों का बोझा रखकर फोटो खिंचवाया था, वो फिलहाल उत्तर प्रदेश के मथुरा से भाजपा सांसद हैं. इसके अलावा वो स्टैंडिंग कमिटी ऑन अर्बन डेवलपमेन्ट और मिनिस्ट्री ऑफ़ इन्फॉर्मेशन एंड ब्राडकास्टिंग की कंसल्टेटिव कमिटी की मेंबर भी हैं.
Hema Malini
लोकसभा चुनाव प्रचारों के दौरान कुछ ऐसे नज़र आयी थीं हेमा मालिनी. (फोटो - ट्विटर)

सिर्फ हेमा मालिनी ही नहीं, पाकिस्तान में हैंडपंप उखाड़ने वाले धर्मेंद्र के बड़े बेटे सनी पाजी तो खुद पंजाब के गुरदासपुर से भाजपा संसद हैं.  
Sunny Deol
अशरफ अली हमारा हिंदुस्तान ज़िंदाबाद था, है और रहेगा! (फोटो - इंडिया टुडे)

 अब धर्मेंद्र पाजी ने किस दबाव में आकर अपना ट्वीट डिलीट किया ये तो नहीं पता मगर उन्होंने मोहम्मद ज़ुबैर को जवाब ज़रूर दिया.

मुझे जी भरकर गाली दे लीजिए


धर्मेंद्र ने मोहम्मद ज़ुबैर को ट्विटर पर रिप्लाई करते हुए कहा,
"आपके ऐसे ही कमेंट्स से दुखी होकर अपना ट्वीट डिलीट कर दिया था. जी भर के गाली दे लीजिए. आपकी ख़ुशी में खुश हूं मैं. हां अपने किसान भाइयों के लिए बहुत दुखी हूं. सरकार को जल्दी कोई हल तलाश कर लेना चाहिए. हमारी किसी की कोई सुनवाई नहीं."


इस पर फिर मोहम्मद ज़ुबैर ने रिप्लाई किया और कहा,
"पाजी मैंने गालियां नहीं दीं. जब आपने किसानों के सपोर्ट में लिखा तो अच्छा लगा. बाद में देखा तो ट्वीट डिलीट हो गया था. वही पॉइंट आउट कर रहा था."

आपको बता दें कि किसान आंदोलन अपने पूरे शबाब पर है और उन्हें पूरे देश से समर्थन मिल रहा है. ऐसे में उनका समर्थन वाला ट्वीट तो समझ आया लेकिन उसे डिलीट करना कुछ जमा नहीं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement